भोपाल. मध्य प्रदेश में आगामी उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने तैयारियों का सिलसिला तेज कर दिया है. इसी कड़ी में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने उपचुनाव वाले इलाकों में तैयारियों को लेकर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है. हाल ही में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी जोबट और खंडवा में बैठकें कर उपचुनाव की नब्ज टटोलने पहुंचे. यहां पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का गुरुमंत्र दिया. प्रदेश की 4 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर तैयारियों का सिलसिला तेज हो गया है. इसी कड़ी में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने हाल ही में उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर उप चुनाव की तैयारियों का आगाज किया. विष्णु दत्त शर्मा उपचुनाव विधानसभा सीट जोबट और लोकसभा सीट खंडवा में तैयारियों को लेकर बैठक करने पहुंचे थे.

विष्णु दत्त शर्मा ने इस मौके पर विधानसभा वार वहां के उपचुनाव प्रभारी, जिला अध्यक्ष जिलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बीजेपी ने उपचुनाव फतह करने के लिए इस बार माइक्रो बूथ मैनेजमेंट का प्लान तैयार किया है. बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को पूरे दम से उपचुनाव में जुटने के लिए कहा गया है. इस प्लान के तहत माइक्रो स्तर पर बूथ की प्लानिंग की गई है. उन बूथों को बीजेपी ने सिलेक्ट किया है, जहां पर बीजेपी को सबसे कम वोट मिले हैं या भी बीते चुनावों में हार मिली. वहां पर पूरी एक टीम तैयार की गई है. यह टीम वोटिंग लिस्ट के आधार पर माइक्रो प्लानिंग के तहत बूथ को मजबूत करने का काम कर रही है.विज्ञापन
जनता के बीच जाकर काम कर रहे हैं हम: विश्वास सारंग
एमपी में एक लोकसभा खंडवा और 3 विधानसभा जोबट, पृथ्वीपुर और रैगांव में उपचुनाव होना है. दमोह उपचुनाव हारने के बाद जहां बीजेपी के लिए ये चुनाव साख का सवाल बन गए हैं. वहीं कांग्रेस दमोह की जीत को बरकरार रखने के लिए जोर लगा रही है. मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि हम जनता के बीच जाकर काम कर रहे हैं. हम चुनाव के वक्त नहीं बल्कि हम रोज का काम करते हैं. आम जनता के बीच रहकर समस्या का निवारण करते हैं. सरकार का मामला हो या संगठन का मामला. चुनाव का मामला है तो हम पूरी मुस्तैदी से तैयार हैं.
दमोह की तरह इस उपचुनाव में भी हराएंगे: पीसी शर्मा
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि माइक्रो बूथ लेवल की प्लानिंग कर ले या बीजेपी कोई भी उतरा अपना लें. इस बार भी उसे दमोह चुनाव की तरह ही हार का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने दमोह चुनाव में भी माइक्रो बूथ लेवल की प्लानिंग की थी, लेकिन वहां पर भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा. दिग्गज नेताओं के बूथ पर बीजेपी हारी थी. अब आने वाले 4 सीटों के उपचुनाव में भी इसी तरीके से हार का सामना करना पड़ेगा. बीजेपी सरकार से जनता त्रस्त हो गई है. चयनित शिक्षिकाओं के साथ मारपीट की जा रही है. बेरोजगारों पर पुलिस अत्याचार किया. महंगाई तेजी से बढ़ रही है. आम आदमी परेशान है. ऐसे में उपचुनाव नहीं बल्कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की जीत होगी.




