वर्ल्ड कप में 29 साल में पाक से पहली हार

वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार पाकिस्तान की टीम ने भारत को बुरी तरह से हरा दिया है। 152 के लक्ष्य का पीछा कर रही पाकिस्तान टीम के सलामी बल्लेबाजों ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए मैच को एकतरफा बना दिया। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान दोनों ने टीम इंडिया के गेंदबाजों को कोई मौका ही नहीं दिया। पाक टीम ने बिना कोई विकेट खोए 13 गेंद बाकी रहते मैच अपने नाम कर लिया।
2. ड्रग्स केस में वानखेड़े ने जताई साजिश की आशंका
आर्यन खान क्रूज ड्रग्स केस में अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने अपने खिलाफ साजिश का अंदेशा जताया है। इससे पहले, NCB के एक गवाह प्रभाकर सैल ने आरोप लगाया था कि उसने केपी गोसावी और किसी सैम डिसूजा को 25 करोड़ रुपए की बात करते सुना था और 18 करोड़ रुपए में डील तय हुई थी।
3. भारत-पाक बॉर्डर की आखिरी चौकी पर पहुंचे शाह
तीन दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह रविवार को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर सुरक्षाबलों की आखिरी चौकी पर पहुंचे। जम्मू के मकवाल में पोस्ट पर पहुंचकर शाह ने जवानों से मुलाकात की। शाह ने जम्मू में एक रैली ने कहा कि आर्टिकल 370 हटने के बाद प्रदेश में विकास का नया सफर शुरू हुआ है। अब यहां किसी को डरने की जरूरत नहीं है।
4. इंदौर के 7 मरीजों में कोरोना का नया वैरिएंट AY-4
इंदौर में कोरोना के डेल्टा वैरिएंट का नया स्वरूप AY-4 मिला है। 7 मरीजों के सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग में यह वैरिएंट सामने आया है। हालांकि इस वैरिएंट को लेकर फिलहाल दुनिया भर में रिसर्च चल रही है। ऐसे में इसके नेचर को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है, लेकिन कई एक्सपर्ट ने इस वैरिएंट की संक्रामक क्षमता को पुराने वैरिएंट से तेज बताते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
5. आश्रम-3 वेब सीरीज के क्रू पर हिंदू संगठन का हमला
भोपाल में वेब सीरीज आश्रम-3 की शूटिंग के दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने फिल्म निर्माता प्रकाश झा के साथ झूमाझटकी की। उन पर स्याही फेंकी। शूटिंग पुरानी जेल में चल रही थी। बजरंग दल के लोगों ने वैनिटी वैन समेत 5 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। हमले में 4 से 5 कर्मचारियों को चोट लगी है। कुछ मीडियाकर्मियों से भी मारपीट की गई।
6. भारत-पाकिस्तान मैच में अश्वेतों के प्रति हमदर्दी
भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में हुए टी-20 मैच में दोनों देशों के खिलाड़ियों ने ब्लैक लाइव्स मैटर का समर्थन किया। भारतीय खिलाड़ियों ने घुटनों पर बैठकर रंगभेद के खिलाफ मूवमेंट को अपना समर्थन दिया। वहीं, पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी घुटने पर तो नहीं झुके, लेकिन उन्होंने अपने दिल पर हाथ रखकर इस मूवमेंट का समर्थन किया।
7. हिमाचल में बर्फबारी के बाद हालात बिगड़े

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रे में 3 फीट से ज्यादा बर्फ की मोटी परत जम चुकी है, जबकि अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भी 3 से 5 इंच तक बर्फ की परत जम चुकी है। लिहाजा लाहौल स्पीति प्रशासन ने घाटी में पर्यटक वाहनों की आवाजाही पर एहतियातन रोक लगा दी है।
छ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में
- CDS बिपिन रावत ने किया आगाह: जम्मू-कश्मीर में दिख सकता है तालिबान इफेक्ट, चीन के कर्ज के जाल से पड़ोसियों को बचाना होगा
- ड्रग्स केस में BJP पर तंज: महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल बोले- शाहरुख भाजपा में शामिल हो जाएं, तो ड्रग्स को चीनी मान लिया जाएगा
- मन की बात का 82वां एपिसोड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले- वैक्सीनेशन कैंपेन को बड़ी सफलता मिली, देश नई ऊर्जा से आगे बढ़ रहा




