सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक का नया नाम अब मेटा (Meta) होगा। कंपनी के CEO मार्क जुकरबर्ग ने गुरुवार देर रात यह ऐलान किया। कंपनी के कनेक्ट इवेंट में मार्क ने कहा- हमने एक ऐसी कंपनी को तैयार किया, जिसने टेक्नोलॉजी को लोगों तक पहुंचाया। हमारी कोशिश रही है कि हम लोगों के बीच तक टेक्नोलॉजी पहुंचाएं और इसके जरिए बड़ी इकोनॉमी खड़ी कर पाएं।
कुछ दिन पहले से ही इस तरह की खबरें आ रहीं थीं कि फेसबुक अपना नाम बदल सकती है। अब गुरुवार के कंपनी कनेक्ट इवेंट में CEO मार्क जुकरबर्ग ने इसका औपचारिक ऐलान कर दिया है।
हमारे इरादों की झलक
मार्क ने कहा- नए नाम के साथ हमारे इरादों की भी झलक मिलती है, साथ ही ये भी साफ होता है कि हम क्या करना चाहते हैं। पुराना नाम हमारी पूरी और सही पहचान बताने में शायद उतना कामयाब नहीं रहा, लोग फिर भी हमारे साथ जुड़े हैं। आने वाले वक्त में हम ज्यादा बेहतर तरीके से खुद को पेश कर पाएंगे।
जुकरबर्ग ने अपने ट्विटर हैंडल में भी @meta जोड़ने का फैसला किया है। इसके साथ ही meta.com जब लिखा जाए तो यह आपको सीधे फेसबुक के होम पेज पर री-डायरेक्ट करेगा।
कंपनी ने संकेत भी दिए थे
19 अक्टूबर को मीडिया रिपोर्ट्स में इस तरफ इशारा किया गया था कि फेसबुक अब अपना नाम बदलने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्क चाहते थे फेसबुक को सिर्फ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ही न समझा जाए।
टीकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर 11 महीने बाद हटाए जा रहे बैरिकेड्स

दिल्ली-हरियाणा के टीकरी बॉर्डर और दिल्ली-उत्तर प्रदेश से लगे गाजीपुर बॉर्डर पर इमरजेंसी रूट खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को बताया कि किसानों की सहमति के बाद दोनों सीमाओं पर लगे बैरिकेड्स हटाए जा रहे हैं। पुलिस ने देर शाम यहां जेसीबी से बोल्डर और सीमेंटेड बैरिकेड्स हटाने का काम शुरू कर दिया। पिछले 11 महीनों से चल रहे किसान आंदोलन के कारण ये दोनों महत्वपूर्ण रास्ते बंद हैं। स्थानीय लोग कई महीनों से इसे खोलने की मांग कर रहे है। कोर्ट में भी इसे खोलने को लेकर याचिका लग चुकी है।
जम्मू-कश्मीर में 8 सरकारी कर्मचारी बर्खास्त किए गए
जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने गुरुवार को 8 कर्मचारी नौकरी से हटा दिया। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इन सभी को भ्रष्टाचार और मिसकंडक्ट के आरोपों में नौकरी से हटाया गया है। यह कार्रवाई जम्मू कश्मीर सिविल सर्विस रेगुलेशंस के आर्टिकल 226 (2) के तहत की गई है, जो किसी कर्मचारी की नौकरी के 22 साल और उसकी उम्र के 48 साल पूरे होने पर जनहित में उसे रिटायर करने की छूट देता है।
भारत और नेपाल के बीच अहम बातचीत, स्पेशल ग्रुप ने बैठक की

भारत और नेपाल ने गुरुवार को आपसी सुरक्षा से जुड़े मामलों पर अहम बातचीत की। इस दौरान ट्रेनिंग और कैपेसिटी बिल्डिंग पर भी विचार हुआ। दोनों देशों ने आपसी मामलों पर विचार के लिए एक खास ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप की यह 14वीं मीटिंग थी।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। भारतीय दल की अगुआई ज्वॉइंट सेक्रेटरी (नॉर्थ) अनुराग श्रीवास्तव ने की। नेपाल की तरफ से तीर्थराज वाग्ले मीटिंग में शामिल हुए। मीटिंग में डिफेंस, फॉरेन मिनिस्ट्री और होम मिनिस्ट्री के अफसर भी शामिल हुए।
छठ पूजा में कोरोना नियमों के पालन के लिए शारदा सिन्हा देंगी संदेश

पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित शारदा सिन्हा उत्तर भारतीयों में अपने छठ गीतों के लिए मशहूर हैं।
कोरोना संक्रमण के बीच छठ पूजा की तैयारियां जोरो पर हैं। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना प्रोटोकॉल के पालन के लिए प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा का सहारा लेगी। उत्तर भारतीयों में अपने छठ गीतों के लिए मशहूर पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित शारदा सिन्हा का एक ऑडियो-विजुअल गीत जारी किया जाएगा।
इसमें छठ के दौरा कोरोना के नियमों के पालन को लेकर संदेश दिया जाएगा। बता दें कि हाल ही में दिल्ली सरकार ने कोरोना का हवाला देकर छठ पूजा करने पर रोक लगा दी थी। हालांकि बाद में विरोध के बाद सरकार ने अपने पैर पीछे खींच लिए।
वर्ल्ड कप में भारत की हार का जश्न मनाने पर कश्मीर की महिला कर्मचारी बर्खास्त
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एक सरकारी कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। इस महिला कर्मचारी पर टी-20 विश्व कप मैच में भारत पर पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबकि, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, राजौरी में टेक्नीशियन साफिया मजीद की सेवा खत्म कर दी गई है। इस बर्खास्तगी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लेटर जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि महिला ने देश के साथ गद्दारी की है।
पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने के आरोप में गिरफ्तार छात्रों के समर्थन में महबूबा मुफ्ती

PDP की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने के आरोप में गिरफ्तार छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने आगरा के एक कॉलेज से गिरफ्तार किए गए कश्मीरी छात्रों को तत्काल रिहा करने की मांग की है। महबूबा ने ट्वीट करके कहा कि जम्मू-कश्मीर के भीतर और बाहर कश्मीरी छात्रों पर कार्रवाई निंदनीय है। जम्मू-कश्मीर में 2 साल के दमन के बाद की स्थिति भारत सरकार के लिए एक आंख खोलने वाली होनी चाहिए और पाठ्यक्रम सुधार की ओर ले जानी चाहिए।
कोरोना गाइडलाइंस को 30 नवंबर तक बढ़ाया गया
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोरोना से जुड़ी गाइडलाइंस के पालन की अनिवार्यता 30 नवंबर तक बढ़ा दी है। मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि कई सारी पाबंदियां हटाने के दिशानिर्देश पिछले महीने जारी हुए थे। इसके तहत सिनेमा हॉल, मनोरंजन पार्क और खिलाड़ियों के लिए स्विमिंग को खोलने की इजाजत दी गई थी। यह अनुमति अब 30 नवंबर तक कंटेनमेंट जोन के बाहर जारी रहेगी। कंटेनमेंट जोन में सख्त पाबंदियां अभी भी बरकरार रहेंगी।
पूर्व CAG विनोद राय ने संजय निरुपम से बिना शर्त माफी मांगी
पूर्व नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG) विनोद राय ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में कांग्रेस नेता संजय निरुपम से बिना शर्त माफी मांगी है। राय ने निरुपम को उन सांसदों में से एक बताया था, जिन्होंने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन पर कैग की रिपोर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का नाम न देने के लिए उन पर दबाव बनाया था। राय ने इसका जिक्र अपनी किताब में किया था और कई बार मीडिया में भी यह बात दोहराई।
पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट

महाराष्ट्र में ठाणे की एक अदालत ने जबरन वसूली मामले में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। पुलिस ने इस मामले में बुधवार को कोर्ट में आवेदन दायर दिया था। इसमें कहा गया कि सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया जाए, क्योंकि उनके खिलाफ दर्ज वसूली के मामले में वो फरार हैं और समन पर पूछताछ के लिए हाजिर भी नहीं हो रहे हैं। परमबीर सिंह एंटीलिया केस में आरोप लगने के बाद मुंबई के बाहर छुट्टी पर चले गए और अब तक उनका कोई पता नहीं है।
अब घर-घर पहुंचेगी कोरोना वैक्सीन
देश में कोरोना वायरस के खिलाफ जारी वैक्सीनेशन कैंपेन में और ज्यादा तेजी लाने की तैयारी है। जिन जिलों में टीकाकरण की रफ्तार धीमी है, वहां अगले एक महीने तक ‘हर घर दस्तक’ घर-घर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान धनवंतरी दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को शुरू होगा।
आईफोन के साथ चार्जर न मिलने पर चीनी छात्रों ने केस किया
आईफोन-12 प्रो मैक्स के साथ चार्जर नहीं देने से एपल पर कुछ स्टूडेंट्स ने केस कर दिया है। मामला चीन की एक यूनिवर्सिटी से जुड़ा है। एक छात्र ने बताया कि USB-C टू लाइटिंग केबल दूसरे चार्जर को सपोर्ट नहीं कर रहा है। इस वजह से वह अपना आईफोन चार्ज नहीं कर पा रहा है। हालांकि, एपल ने इस दावे पर यकीन नहीं किया है। छात्रों का कहना है कि एपल अपने मैगसेफ वायरलेस चार्जर को बढ़ावा देने के लिए ऐसा कर रहा है। यह वायर वाले चार्जर के मुकाबले ज्यादा पावर बर्बाद करते हैं।
दिल्ली के 97% लोगों में कोरोना के खिलाफ एंटीबॉडी मिली, छठे सीरो सर्व से खुलासा

दिल्ली में छठे सीरो सर्व में पाया गया है कि राष्ट्रीय राजधानी के 97% लोगों में कोरोना के खिलाफ एंटीबॉडी मिली है। दिल्ली का छठा सीरो सर्वे बड़े पैमाने पर कराया गया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि इसमें 28,000 सैंपल लिए गए, सभी वार्ड से 100-100 सैंपल लिए गए थे। छठे सीरो सर्वे में कुल पॉजिटिविटी 97% आई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में महिलाओं में पुरुषों के मुकाबले पॉजिटिविटी थोड़ी ज्यादा है। 18 साल से कम उम्र के बच्चों में पॉजिटिविटी 88% बनती है और 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों में पॉजिटिविटी 97-98% बनती है।
राजस्थान में बार-बार इंटरनेट बंद करने पर राज्यवर्धन सिंह राठौर ने सवाल उठाया
BJP नेता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस बार-बार जम्मू-कश्मीर की तरफ सबका ध्यान आकर्षित करती है और भारत सरकार की तरफ उंगली उठाती है कि वहां अभिव्यक्ति की आजादी को रोका जा रहा है, लेकिन क्या राजस्थान में आतंक की घटनाएं हो रही हैं कि पिछले 1 महीने में 4 बार इंटरनेट बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में पिछले 10 साल में 315 बार इंटरनेट बंद हुआ और राजस्थान में 78 बार इंटरनेट बंद हुआ। राजस्थान सरकार बताए कि किस तरह की आतंकी घटनाएं हो रही हैं कि उन्हें 78 बार इंटरनेट बंद करने की जरूरत पड़ी।
कार्यकर्ताओं के घर दिवाली में लगेगा BJP का तोरण द्वार
भाजपा यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सक्रिय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पारिवारिक एहसास कराने की तैयारी में है। इसके तहत इनको दिवाली का तोहफा देगी। प्रदेशभर के 30 लाख सक्रिय कार्यकर्ताओं को दीवाली पर तोरण द्वार और कमल रूपी दिए भेजे जाएंगे। दिवाली गिफ्ट के बहाने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ाने की कवायद में नजर आ रही है। पिछले चार वर्षों में कार्यकर्ताओं को याद ना करने वाली भाजपा इस बार उपहार देने जा रही है। इसकी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।





