संसद के शीतकालीन सत्र से एक दिन पहले आज सुबह साढ़े ग्यारह बजे से सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विपक्षी दलों के नेता शामिल होंगे। इस मीटिंग से अलग भाजपा और एनडीए की भी दो अलग-अलग बैठकें बुलाई गई हैं।
सर्वदलीय बैठक के बाद दोपहर तीन बजे बीजेपी संसदीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसके बाद शाम 4 बजे एनडीए की भी अहम बैठक होने जा रही है। कहा जा रहा है कि इस बैठक में एनडीए सत्र के लिए रणनीति बनाएगी। वहीं, सरकार की तैयारियों के बीच विपक्षी दलों ने भी अपनी तैयारी के लिए सुबह 10 बजे एक मीटिंग बुलाई है। यह बैठक राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुलाई है। इसमें राहुल गांधी भी शामिल होंगे।
UP TET 2021 की परीक्षा आज दो पालियों में
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2021 की परीक्षा आज दो पालियों में होगी। प्रश्नपत्रों को मंडल के सभी मुख्यालय के कोषागारों में पहुंचाया जा चुका है। पूरे प्रदेश में 4,308 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 21 लाख 65 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली में सुबह 10 से 12.30 बजे के बीच प्राथमिक स्तर और दूसरी पाली दोपहर 2.30 से 5 बजे के बीच उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। पहली पाली में 2,554 केंद्रों पर प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में 1,754 केंद्रों पर उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। पहली में 12,91,628 और दूसरी पाली में 8,73,553 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
PM मोदी आज ‘मन की बात’ के जरिए देश को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मन की बात’ के जरिए देश को संबोधित करेंगे। रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का यह 83वां एपिसोड होगा। माना जा रहा है कि PM मोदी आज के कार्यक्रम में कोरोना के नए वैरिएंट के बढ़ते खतरे पर बात कर सकते हैं। प्रधानमंत्री देशवासियों से कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने की अपील कर सकते हैं।





