रीवा । नारी चेतना मंच , समाजवादी जन परिषद एवं विंध्याचल जन आंदोलन की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में नारी चेतना मंच की पूर्व अध्यक्ष श्रद्धा सिंह को अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के द्वारा विधि विषय पर पीएचडी उपाधि प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है । श्रद्धा सिंह वर्तमान समय में अवधेश प्रताप विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के रूप में अध्यापन कार्य कर रही हैं । उनको शोध शीर्षक दंड विधि (संशोधन) अधिनियम 2013 का एक विश्लेषणात्मक अध्ययन (महिला यौन उत्पीड़न निवारण के विशेष संदर्भ में ) पर पीएचडी उपाधि मिली है । नारी चेतना मंच के संयोजक अजय खरे , वरिष्ठ नेत्री पूर्व अध्यक्ष मीना वर्मा , मीरा पटेल , नजमुननिशा , शारदा श्रीवास्तव , श्वेता पांडे एवं वर्तमान अध्यक्ष सुशीला मिश्रा ने कहा है कि डॉ श्रद्धा सिंह का शोध कार्य महिलाओं के यौन उत्पीड़न रोकने के संदर्भ में काफी महत्वपूर्ण है । देशभर में जिस तरीके से आए दिन महिलाओं को यौन हिंसा , उत्पीड़न और हत्या का शिकार होना पड़ रहा है , यह अत्यंत चिंताजनक शर्मनाक बात है । डॉ श्रद्धा सिंह द्वारा संदर्भित विषय पर काफी मेहनत से किया गया शोध कार्य कानूनी दृष्टि से निकट भविष्य में महिलाओं के लिए विशेष मददगार बन सकता है , इसके लिए वह बहुत बधाई की पात्र हैं । श्रद्धा सिंह ने अपना शोध कार्य सेवानिवृत्त विधि प्राध्यापक डॉ मंगल प्रसाद शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन में पूरा किया है।
महिला यौन उत्पीड़न निवारण संदर्भ में श्रद्धा सिंह को पीएचडी की उपाधि मिलने पर नारी चेतना मंच ने प्रसन्नता व्यक्त की




