केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी करीब एक हफ्ते के बाद मंगलवार को गृह मंत्रालय की एक बैठक में दिखे। वे “साइबर अपराध: खतरे, चुनौतियां और प्रतिक्रिया” विषय पर गृह मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की।
हाल ही में एक पत्रकार से गालीगलौच के बाद टेनी को हाईकमान ने दिल्ली तलब कर लिया था। इससे पहले लखीमपुर खिरी मामले में विपक्ष टेनी पर लगातार हमलावर है। विपक्ष की मांग है कि केंद्र सरकार टेनी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करे।
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड निर्माता पराग सांघवी को गिरफ्तार किय

मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने बॉलीवुड के फिल्म निर्माता पराग सांघवी को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस ने यह कार्रवाई धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में की है। सोमवार को गिरफ्तार सांघवी को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 25 दिसंबर तक EOW को रिमांड पर सौंप दिया गया।
सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के साथ सरकार और सरकार-3 समेत गोलमाल, अब तक छप्पन, वास्तुशास्त्र, डरना मना है, डरना जरूरी है जैसी फिल्में बना चुके पराग सांघवी इससे पहले सितंबर महीने में भी चर्चा में रहे थे। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 17 सितंबर को बैंक डिफॉल्ट के एक मामले में पराग के ठिकानों पर छापे मारे थे।
श्रीनगर में कार से आए आतंकियों ने SP और उनकी टीम पर फायरिंग की
श्रीनगर के सौरा इलाके में मंगलवार को 3 कार-सवार आतंकियों ने पुलिस-CRPF की टीम पर हमला किया। हमला तब हुआ जब CRPF के साथ मिलकर हजरतबल SP सौरा इलाके में नाका पॉइंट की चेकिंग कर रहे थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों में किसी नुकसान की खबर नहीं है। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी के घायल होने की सूचना है। सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम ने आतंकियों को पकड़ने के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन शीतकालीन सत्र के लिए संसद से सस्पेंड

टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन को संसद के बचे हुए शीतकालीन सत्र से मंगलवार को सस्पेंड कर दिया गया। डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव कानून (संशोधन) विधेयक, 2021 पेश किए जाने का विरोध करते हुए रूल बुक सभापति की कुर्सी की तरफ फेंकी और सदन से वॉकआउट कर गए। इसके बाद विपक्षी दलोंं ने भी जोरदार विरोध करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। ओ ब्रायन के रूल बुक फेंकने को सदन की मर्यादा के विपरीत मानते हुए राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने उन्हें मौजूदा सत्र के बाकी दिनों के लिए सदन से सस्पेंड कर दिया।





