इंदौर
शहर युवक कांग्रेस कार्यकारिणी घोषित होने के अगले ही दिन बवाल मच गया। युवक कांग्रेस के शहर से जुड़े 15 निर्वाचित पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह इस्तीफे राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रभारी और सचिव एवं प्रदेश प्रभारी को भेजकर कहा कि उपेक्षा और सुनवाई नहीं होने से ये इस्तीफे दिए। शहर युवक कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर भी नाराजगी जताई। सोमवार को पूजा अवस्थी, तत्सम भट्ट, स्वप्निल कांबले, शाबेज खान, अभिजित पांडे, सौरभ शर्मा, भरतभूषण वर्मा, आनंद बाघ, अनमोल ढोली, नितिन पांचाल, अनुकूल अवस्थी, निमिष जोशी, विपिन यादव, राशीद खान, पुनीत बंग ने इस्तीफा दिया।
ये युवक कांग्रेस में निर्वाचित शहर महासचिव, उपाध्यक्ष, विधानसभा उपाध्यक्ष और महासचिव हैं। इन्होंने कहा कि ‘नेता चुने नेता बने’ के अनुसार वे विभिन्न पदों पर निर्वाचित हुए। चुनाव प्रकिया के अनुसार इन पदों पर कार्यकारिणी में नियुक्ति नहीं होने का नियम था, लेकिन 133 सदस्यीय कार्यकारिणी में 72 महासचिव, 1 उपाध्यक्ष बनाए गए। युवक कांग्रेस शहर अध्यक्ष रमीज खान ने सभी आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा- कार्यकारिणी नियमानुसार ही घोषित की गई। वहीं, निर्वाचित पदाधिकारियों को लेकर कहा कि सारे आयोजनों में उनको प्रमुखता से बुलवाया जाता है, लेकिन वे नहीं आते। कार्यकारिणी को लेकर कहा कि ज्यादा से ज्यादा युवा और मैदानी कार्यकर्ताओं को मौका दिया।





