अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

परदे से गुम हो गयी स्त्रियाँ

Share

अनुज लुगुन

मैं परदे से गुम हो गयी
स्त्रियों के बारे में सोच रहा हूँ
सोच रहा हूँ कि
क्या उन्हें कोई नायक नहीं मिला
जो उनको लापता होने से बचा लेता

मैं बचपन में देखी गई
उन अभिनेत्रियों को खोज रहा हूँ
जिनके चेहरे की कथा
उम्र के दो दशकों में मुझे कहीं नहीं दिख रही
क्या अभिनेत्रियों की उम्र इतनी कम होती है

मैंने परियों की कहानी सुनी है
परियाँ सुन्दर होती हैं
परियाँ जादू करती हैं
परियाँ अचानक गायब हो जाया करती हैं
तो क्या वे सभी अभिनेत्रियाँ
गायब होने की कला जानती थीं

मुझे बताया गया है कि
कलाएँ आत्मा गढ़ती हैं
और कलाकार उसका मजदूर होता है
तो क्या मजदूरी नहीं मिलने की वजह से
उन्होंने काम पर आना बंद कर दिया

ऐसी कई स्त्रियाँ हैं
और कई परदे हैं जो हमारी आँखों में टंगे होते हैं
घर परदा है
स्कूल परदा है
कॉलेज परदा है
नौकरी परदा है
इन जगहों में साथ काम करनेवाली स्त्रियों को
मैंने कभी नहीं देखा मेरी तरह कविता लिखते हुए
या, अपने मन से कहीं भी चले जाते हुए
यहाँ तक कि यह कहते हुए भी नहीं सुना कि
माँ बनने से पहले
एक बार तो ताजमहल की यात्रा जरुरी है
पता नहीं वे फिर कभी
ताजमहल देख पाएंगी भी या नहीं इस राजनीतिक समय में

मैं परदे से गुम हो गयी स्त्रियों के बारे में सोच रहा हूँ
सोच रहा हूँ कि क्या
ताजमहल की राजनीति से सदियों पहले
उनके उम्र को लेकर एकस्वर में राजनीति हो चुकी है ?

० अनुज लुगुन

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें