देश में कर्नाटक हिजाब मामला तूल पकड़ा हुआ है। हर कोई इस मामले पर अपनी राय व्यक्त कर रहा है। इस बीच गीतकार जावेद अख्तर, BJP नेता और एक्ट्रेस हेमा मालिनी, ऋचा चड्ढा, स्वरा भास्कर, किम शर्मा, कमल हासन, नीरज घायवान समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स का भी मामले पर रिएक्शन सामने आया है।
जावेद अख्तर ने कहा है कि वे कभी भी हिजाब या बुर्का के सपोर्ट में नहीं रहे हैं। लेकिन, भीड़ के लड़कियों को डराने-धमकाने की निंदा करते हैं। स्कूल-कॉलेज में यूनिफॉर्म को लेकर मचे इस बवाल पर हेमा मालिनी ने स्कूल में यूनिफॉर्म को सम्मान देने की बात कही है। वहीं स्वरा भास्कर और ऋचा चड्ढा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कर्नाटक में हुई इस घटना को शर्मनाक बताया है।
मैं कभी भी हिजाब या बुर्का के सपोर्ट में नहीं रहा हूं: जावेद अख्तर
जावेद अख्तर ने मामले पर पोस्ट शेयर कर लिखा, “मैं कभी भी हिजाब या बुर्का के सपोर्ट में नहीं रहा हूं। मैं अब भी उस पर कायम हूं, लेकिन साथ ही मेरे मन में इन गुंडों की भीड़ के लिए गहरी अवमानना के अलावा और कुछ नहीं है, जो लड़कियों के एक छोटे समूह को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं और वह भी असफल। क्या वे इसे ही ‘मर्दानगी’ समझते हैं। अफसोस की बात है।”
कायरों का एक झुंड अकेली छात्रा पर हमला करने को गर्व समझ रहे हैं: ऋचा चड्ढा
ऋचा चड्ढा ने कर्नाटक हिजाब मामले का वीडियो शेयर कर लिखा, “अपने बेटों की बेहतर तरीके से परवरिश करें। बदसूरत, कायरों का एक झुंड अकेली छात्रा पर हमला करने को गर्व समझ रहे हैं। लूजर्स, यह शर्मनाक है। आने वाले कुछ सालों में यह सभी लोग जॉबलेस, निराश और दरिद्र हो जाएंगे। इन सभी की परवरिश बहुत ही खराब हुई है। ऐसे लोगों के लिए कोई सहानुभूति नहीं, कोई मुक्ति नहीं। मैं इस तरह की घटनाओं पर थूकती हूं।” स्वरा भास्कर ने हिजाब मामले को लेकर कई पोस्ट और फोटो शेयर की हैं। उन्होंने इस घटना को शर्मनाक बताया है। इसके अलावा उन्होंने छात्रा को घेरने वाले लड़कों को भेड़िया कहा है।
हर स्कूल की अपनी यूनिफॉर्म है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए: हेमा मालिनी
वहीं BJP सांसद हेमा मालिनी ने कर्नाटक हिजाब विवाद पर कहा है कि स्कूल शिक्षा के लिए है, यहां धार्मिक मुद्दा मत बनाइए। हर स्कूल की अपनी यूनिफॉर्म है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। आपको जो भी पहनना है स्कूल के बाहर पहनिए।
निर्दोष छात्रों के बीच सांप्रदायिकता की जहरीली दीवार खड़ी की जा रही: कमल हासन
साउथ के एक्टर और राजनेता कमल हासन ने भी इस मामले पर पोस्ट शेयर कर लिखा, “कर्नाटक में जो हो रहा है, वह मुझे परेशान कर रहा है। निर्दोष छात्रों के बीच सांप्रदायिकता की जहरीली दीवार खड़ी की जा रही है। हमारे पड़ोसी राज्य में जो हो रहा है, वह तमिलनाडु व अन्य राज्यों में नहीं फैलना चाहिए। ये पहले से ज्यादा सतर्क रहने का समय है।”
प्रगतिशील हितैषी हिंदुओं को अपने अंदर की नफरत को दूर करना होगा: नीरज घायवान
डायरेक्टर नीरज घायवान ने भी इस मामले का वीडियो शेयर कर लिखा, “नरसंहार दरवाजे पर है। यह सिर्फ मुसलमानों और दलितों पर नहीं है कि वे खुद के लिए लड़ें। प्रगतिशील हितैषी हिंदुओं को अपने अंदर की नफरत को दूर करना होगा। इन घटनाओं पर जवाब देही की मांग और कार्रवाई करनी होगी। आपका मौन ठीक नहीं है।”





