एस पी मित्तल, अजमेर
1 मई को सोशल मीडिया पर राजस्थान के नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल का एक पुराना वीडियो जमकर वायरल हुआ। यह वीडियो वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव का बताया जा रहा है। इस वीडियो में धारीवाल तब के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट के जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। यह वीडियो धारीवाल के गृह नगर कोटा का है, जब सचिन पायलट प्रचार के लिए कोटा आए थे। पायलट को प्रभावित करने के लिए ही धारीवाल जोर जोर से सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। इस वीडियो को मेरे फेसबुक पेज www.facebook.com/SPMittalblog पर देखा जा सकता है। इस वीडियो को सचिन पायलट के समर्थक और राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य प्रताप यादव ने अपने फेसबुक पेज पर भी पोस्ट किया है। असल में धारीवाल का यह वीडियो दिल्ली में दिए गए बयान के जवाब में है। धारीवाल ने 30 अप्रैल को सचिन पायलट का नाम लिए बगैर कहा कि अखबारों में मुख्यमंत्री बनने की खबरें छपवाई जाती है ताकि राजनीति में जिंदा रह सके। धारीवाल ने कहा कि अशोक गहलोत के रहते राजस्थान में कांग्रेस का कोई भी नेता मुख्यमंत्री बन ही नहीं सकता। अशोक गहलोत न केवल अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे बल्कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा के चुनाव में भी कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री बनेंगे। गहलोत पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि शांति धारीवाल को ही राजस्थान का नगरीय विकास मंत्री बनाया जाएगा। 30 अप्रैल को धारीवाल ने दिल्ली में जिस तरह सचिन पायलट की आलोचना की और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का समर्थन किया उसी के जवाब में पायलट के समर्थकों ने धारीवाल का पुराना वीडियो वायरल किया है। सब जानते हैं कि वर्ष 2018 का विधानसभा चुनाव सचिन पायलट के नेतृत्व में ही लड़ा गया था। यह बात अलग है कि कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद गांधी परिवार ने पायलट की अनदेखी कर अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री बना दिया।





