झलकारी अलंकरण समारोह एवं वीरांगना झलकारीबाई नाटक का मंचन अभिनव कला समाज परिसर, गांधी हाल में
इन्दौर / भारत की आजादी एवं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के प्रति त्याग, तपस्या, बलिदान एवं अपने प्राणों की आहुति देने वाली स्वतंत्रता संग्राम की प्रथम नायिका एवं झांसी की दुर्गा सेना की सेनापति वीरांगना झलकारीबाई के 165वें बलिदानी वर्ष पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अखिल भारतीय वीरांगना झलकारी महासंघ एवं अभिनव कला समाज, इन्दौर के संयुक्त तत्वावधान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई की पावन तपोभूमि इन्दौर में वीरांगना झलकारी अलंकरण समारोह एवं अमर शहीद वीरांगना झलकारीबाई के जीवन पर आधारित नाटक का मंचन होगा।
उक्त जानकारी देते हुए अखिल भारतीय वीरांगना झलकारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली एवं अभिनव कला समाज के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, प्रदेश अध्यक्ष जगन बोरिया एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रहलाद टाटवाल ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता संग्राम की अमर शहीद नायिका वीरांगना झलकारीबाई की स्मृति को चिरस्थाई बनाने हेतु आगामी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर 15 मई 2022 रविवार (बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या) को वीरांगना झलकारी बलिदान दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर अभिनव कला समाज परिसर, गांधी हाल में वीरांगना झलकारी अलंकरण समारोह एवं अमर शहीद वीरांगना झलकारीबाई के जीवन पर आधारित नाटक “वीरांगना झलकारीबाई” का मंचन प्रसिद्ध फिल्म निर्माता, निर्देशक, लेखक एवं अभिनेता परमानंद कोरी के निर्देशन में 30 टीवी कलाकारों द्वारा किया जावेगा।
महावर एवं खारीवाल ने बताया कि वीरांगना झलकारीबाई स्वतंत्रता संग्राम की वह गुमनाम अमर शहीद वीरांगना है, जिन्होंने अपने अदम्य शोर्य, साहस, पराक्रम के बल पर जहां मात्र 12वर्ष की उम्र में खूंखार चीते का वध किया वहीं अपनी चातुर्यता से न केवल झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के प्राणों की रक्षा की बल्कि रानी का भेष धारण कर फिरंगी अंग्रेज दुश्मनों के छक्के भी छुड़ाए। उनके जीवन संघर्ष व उनके अदम्य, शोर्य, साहस, पराक्रम, त्याग, तपस्या एवं बलिदान को फिल्म निर्माता, निर्देशक, लेखक एवं अभिनेता श्री परमानन्द कोरी ने एक फिल्म के माध्यम से आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है, चूंकि फिल्म निर्माण में 50 करोड़ की लागत अनुमानित है, और इतना पैसा एकत्रित करने में समय लग रहा है, ऐसी स्थिति में श्री कोरी ने मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार एवं उत्तराखंड में 100 नाटक करने का संकल्प लिया है, इसी संकल्प को पूरा करने में अखिल भारतीय वीरांगना झलकारी महासंघ ने भी सहभागिता निभाने का निश्चय किया है, इसी तारतम्य में महासंघ ने इन्दौर के प्रख्यात “अभिनव कला समाज” के माध्यम से इन्दौर में वीरांगना झलकारीबाई नाटक का मंचन एवं सामाजिक क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय सेवाएं देने वाली 5 उत्कृष्ट समाजसेवी महिलाओं का सम्मान वीरांगना झलकारी अलंकरण समारोह के माध्यम से करना सुनिश्चित किया है।
अभिनव कला समाज के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल एवं अखिल भारतीय वीरांगना झलकारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश महावर कोली ने बताया कि (बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या) 15 मई 2022 रविवार को अभिनव कला समाज परिसर, गांधी हाल, इन्दौर में “वीरांगना झलकारी अलंकरण समारोह एवं वीरांगना झलकारीबाई नाट्य मंचन” होगा।
इस गरिमामय समारोह के आतिथ्य के लिए प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित इन्दौर के सभी विधायक एवं पूर्व विधायकों के साथ समाज के जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।




