इंदौर में आपसी विवाद के बाद युवक ने दी सुसाइड की धमकी, पत्नी पर लगाया पीटने का आरोप
इंदौर में एमआईजी थाना क्षेत्र के संगीत अपार्टमेंट में रहने वाले दंपती में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच करने जब पुलिस घर पहुंची, तो पति ने चाकू से हाथ की नस काट कर आत्महत्या की धमकी दी। साथ ही, पत्नी पर डंडे से पीटने का आरोप लगाया। जिद पर अड़े युवक को करीब 20 मिनट की काउंसलिंग के बाद पुलिस कस्टडी में लिया। युवक से थाने में पुलिस पूछताछ कर रही है।
सुसाइड की धमकी का बनाया वीडियो
पुलिस को देख युवक ने सुसाइड की धमकी का वीडियो रिकॉर्ड किया। इस दौरान युवक ने जांच करने पहुंचे पुलिस को कार्रवाई करने पर सुसाइड के लिए जिम्मेदार ठहराने की धमकी भी दी।
भोपाल में रविवार को ईदगाह पर होगी ईद की पहली नमाज
रविवार को बकरा ईद है। भोपाल में पहली नमाज ईदगाह पर सुबह 7 बजे होगी। इसके बाद सुबह 7.15 बजे जामा मस्जिद, 7.30 बजे ताजुल मसाजिद, 7.45 बजे मोती मस्जिद और सुबह 8 बजे मस्जिद बिल्किस जहां (आरिफ नगर) में नमाज अदा की जाएगी। शहर काजी सैय्यद मुश्ताक अली नदवी ने शहरवासियों से अपील की है कि अपनी अकीदत के मुताबिक कुर्बानी करें, लेकिन इस दौरान ख्याल रखे कि इससे किसी दूसरे धर्म के व्यक्ति की भावना आहत न हो या उसे परेशानी न हो।
रतलाम में सलाखों से दागने वाले मासूम की मौत
रतलाम में गर्म सलाखों से दागने के बाद एमसीएच हॉस्पिटल में भर्ती 7 साल के मासूम भरत की मौत शनिवार को मौत हो गई। उसे उल्टी और बुखार होने के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के पीआईसीयू वार्ड में वह वेंटिलेटर पर था। बच्चा राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले सालमगढ़ का रहने वाला था।
रतलाम सांसद हुए बेहोश
रतलाम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के रोड शो में सांसद गुमान सिंह डामोर की तबीयत बिगड़ गई। वह चक्कर खाकर बेहोश हो गए। रोड शो रोककर सांसद को इलाज के लिए भेजा गया। ठीक होने के बाद वह वापस सभा में पहुंचे।

सांसद गुमान सिंह डामोर की तबीयत बिगड़ गई।
भोपाल के बड़े तालाब में युवक डूबा
भोपाल के बड़े तालाब में युवक का शव मिला है। नगर निगम के गोताखोरों ने शव बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस पता लगा रही है। शुरुआती जांच में यही माना जा रहा है कि डूबने की वजह से युवक की मौत हुई होगी।

युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
सतना में मैहर-कटनी बाइपास पर हुए रोड एक्सीडेंट में नागौद के प्रभारी तहसीलदार गणेश देशभ्रतार की मौत हो गई। आरआई चंद्रप्रकाश माझी और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। पंचायत चुनाव में तहसीलदार मैहर जनपद के पाला-पकरिया सेक्टर के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट बनाए गए थे। शुक्रवार रात 2 बजे उन्होंने एक ढाबे में खाना खाया और मैहर के लिए बढ़े। उनकी बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई।

प्रभारी तहसीलदार की बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में उनकी मौत हो गई।





