नई दिल्ली मध्य प्रदेश के बड़वानी में नर्मदा बचाओ अभियान से जुड़ीं मेधा पाटकर समेत 12 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। सभी पर नर्मदा नवनिर्माण अभियान एनजीओ को मिले 13.5 करोड़ रुपए के गबन करने का आरोप है। FIR में शिक्षा और जनजातीय बच्चों के नाम पर जुटाए गए फंड का देश विरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।
मेधा पाटकर ने आरोपों को बताया निराधार
मेधा पाटकर ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अभी पुलिस की तरफ से कोई सूचना या नोटिस नहीं मिला है। हमारे पास आय और व्यय संबंधित सभी दस्तावेज और ऑडिट उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि विस्थापन बच्चों के लिए चलाई जाने वाली जीवनशालाएं 30 वर्षों से संचालित है। हर साल ऑडिट होता है। हमने पहले भी कई बार इसका जवाब दिया है और अब भी हम तैयार हैं।
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे ट्रॉली तकनीकी खराबी के कारण रुकी, सभी यात्री सुरक्षित

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में रविवार को सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे ट्रॉली तकनीकी खराबी के कारण 20 से 25 मिनट तक रुकी रही। बाद में इसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ गए है। टिहरी गढ़वाल SSP नवनीत भुल्लर ने बताया कि रोपवे अब सुचारू रूप से चल रहा है। ट्रॉली में कोई यात्री नहीं फंसा है।
महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी स्पीकर जिरवाल ने सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाखिल किया, बोले- मुझे अविश्वास प्रस्ताव से हटाया नहीं जा सकता

महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी स्पीकर नरहरि सीताराम जिरवाल ने आज सुप्रीम कोर्ट में अपना जवाब दाखिल किया। उन्होंने कहा कि मुझे अविश्वास प्रस्ताव से हटाया नहीं जा सकता, क्योंकि ये प्रस्ताव सिर्फ विधानसभा सत्र चलते समय ही लाया जा सकता है। मुझे एक ऐसे विधायक ने मेल किया, जो विधानसभा का सदस्य नहीं था। अपने जवाब में एकनाथ शिंदे गुट की याचिका का विरोध किया गया है।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि अयोग्यता की कार्रवाई पूरी होने तक बागी विधायकों के विधानसभा में प्रवेश और सदन की कार्रवाई में हिस्सा लेने से रोका जाए।
गोवा कांग्रेस के 9 विधायक BJP में शामिल होने की आशंका, कांग्रेस ने कहा- ये सिर्फ अफवाह

महाराष्ट्र के बाद गोवा की राजनीति में बड़ा फेरबदल होने की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के 11 में से 9 विधायक आज या कल भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इनमें से 1 या 2 को मंत्री भी बनाया जा सकता है। शनिवार को इन विधायकों की गोवा के होटल में मीटिंग हो चुकी है अभी भी यह लोग किसी होटल में ठहरे हुए हैं लेकिन जगह को सीक्रेट रखा गया है।
हालांकि कांग्रेस ने इन खबरों का खंडन किया है। गोवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गिरीश चोडनकर ने भास्कर को कंफर्म किया कि हमारा एक भी विधायक भाजपा में शामिल नहीं होने जा रहा। ये सिर्फ अफवाहें हैं। शनिवार को जो विधायक होटल में इकट्ठा हुए थे वे सोमवार से शुरू हो रहे सत्र की चर्चा के लिए जुटे थे।
दक्षिण अफ्रीका के बार में शूटआउट, 14 की मौत

दक्षिण अफ्रीका के जोहानेसबर्ग शहर के पास सोवेटो टाउनशिप के एक बार में शूटआउट की वारदात में 14 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात को यह वारदात हुई, जिसकी सूचना पुलिस को सुबह के समय मिली। जब पुलिस वहां पहुंची तो 12 लोगों की मौत हो चुकी थी। 11 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां 2 और लोगों ने दम तोड़ दिया। प
काली फिल्म की डायरेक्टर लीना मणिमेकलई के खिलाफ हरिद्वार में FIR दर्ज

डॉक्यूमेंट्री फिल्म काली की डायरेक्टर लीना मणिमेकलई और 10 अन्य लोगों पर उत्तराखंड के हरिद्वार में FIR दर्ज की गई है। काली फिल्म से पोस्टर से धार्मिक भावनाओं के आहत होने के मामले में हिंदू युवा वाहिनी के विक्रम सिंह राठौर ने कनकल पुलिस स्टेशन में यह FIR दर्ज कराई है। जिन 11 लोगों के खिलाफ यह शिकायत दर्ज की गई है उनमें लीना मणिमेकलई के साथ असोसिएट प्रोड्यूसर आशा पोन्नाचन, को-राइटर और एडिटर श्रवण समेत फिल्म का क्रू शामिल है।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या में आरोपी को जेल में पीटा; सिर पर लगी चोट, अस्पताल ले गई पुलिस
पंजाब के लुधियाना जेल से मारपीट का एक मामला सामने आया है। सिद्धू मूसेवाला केस में पकडे़ गए आरोपी से जेल में मारपीट की गई। आरोपी का नाम सतबीर है, जानकारी के मुताबिक जेल में उसकी साथी कैदियों के साथ झड़प हो गई थी। सतबीर के सिर पर चोट भी लगी थी। पुलिस सतबीर को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई, जहां उसके सिर पर टांके लगे।
2025 में शताब्दी समारोह से पहले देश भर में 1 लाख शाखाएं खोलेगा आर.एस.एस (RSS)
राजस्थान के झुंझुंनू में 7 से 9 जुलाई तक RSS की मीटिंग हुई। मीटिंग में RSS ने 2025 में होने वाले अपने शताब्दी समारोह का प्लान तय किया। प्लान है कि 2025 में अपने 100 साल पूरे होने से पहले 2024 तक RSS देश भर में 1 लाख से ज्यादा शाखांए खोलेगा। अभी, देश में RSS की 56 हजार 824 शाखांए है।
गुजरात के डांग जिले में 50 यात्रियों को ले जा रही बस खाई में गिरी, 2 महिलाओं की मौत
गुजरात के डांग जिले के सापुतारा के पास 50 से अधिक यात्रियों को ले जा रही एक बस खाई में गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसा टायर फटने से हुआ। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। प्रदेश के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने हादसे की जानकारी दी है।
राष्ट्रपति चुनाव से पहले रविवार को NDA की बैठक, मानसून सत्र पर भी हो सकती है चर्चा
देश में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर रविवार (10 जुलाई) को NDA की मीटिंग होगी। चुनाव से पहले यह मीटिंग काफी अहम मानी जा रही है। इस मीटिंग में PM मोदी सहित पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होना है और इसी दिन संसद का मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है। माना जा रहा है कि NDA की मीटिंग के दौरान राष्ट्रपति चुनाव और मानसून सत्र में पार्टी की स्ट्रैटेजी पर चर्चा हो सकती है।





