इंदौर
इंदौर शहर की सरकार का फैसला 17 जुलाई को होना है। काउंटिंग के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगा है। इसके पहले गुरुवार को कांग्रेस ने कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी मनीष सिंह के सामने अपनी कुछ मांगें रख दी। वहीं कांग्रेस ने काउंटिंग के दिन भाजपा सरकार पर मतगणना में गड़बड़ी फैलाने की आशंका भी जताई है।
चुनाव परिणाम के पहले ही इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी का एक दल कलेक्टर मिलने रेसीडेंसी कोठी पहुंचा। जहां उन्होंने कलेक्टर से मुलाकात करने के साथ ही अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। काउंटिंग वाले दिन को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से अपनी मांगों को लेकर चर्चा की। उन्होंने मांग रखी की मतगणना के हर राउंड में मतों की घोषणा की जाए।
कलेक्टर को मतगणना के संबंध के अपनी मांग का ज्ञापन देने खुद कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी संजय शुक्ला भी अन्य कांग्रेसियों के साथ पहुंचे। इस दौरान संजय शुक्ला ने कहा कि हमने मुख्य रुप से यह मांग की है कि मतगणना के हर राउंड में मतों की घोषणा की जाए। अधिकारी द्वारा हर राउंड के मतगणना का सर्टिफिकेट हाथों-हाथ जारी कर सौंपने की भी मांग की। साथ ही ज्यादा से ज्यादा टेबल लगा कर पोलिंग एजेंट को बैठने की व्यवस्था करने की मांग भी की गई है।
बौखलाहट में भाजपा सरकार, मतगणना में गड़बड़ी फैलाएगी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष बाकलीवाल ने कहां कि भाजपा का मेयर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ये चुनाव हार रहे है। इसकी बौखलाहट में भाजपा सरकार मतगणना में गड़बड़ी फैला सकती है। इसके लिए कलेक्टर से मतगणना में निष्पक्षता रखने की बात कहीं है। बाकलीवाल ने कहा कि इस बार कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी शुक्ला लाखों वोटों से जीत रहे है। इधर, कांग्रेस के इस ज्ञापन को लेकर कलेक्टर ने कांग्रेस नेताओं का आश्वासन दिया है कि काउंटिंग के दौरान पारदर्शिता रखी जाएगी।





