भोपाल नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के रिजल्ट आ चुके हैं। इसके बाद नेताओं में जुबानी जंग शुरू हो गई है। मंगलवार को भोपाल में गृहमंत्री ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दिग्गी तले अंधेरा…। अपने ट्विटर अकाउंट पर उन्होंने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा- जिस राघौगढ़ से दिग्विजय ने राजनीतिक करियर की शुरुआत की, वहां नगरपालिका में कांग्रेस को सिर्फ तीन सीटें ही मिली हैं। हालांकि ऐसा कहने के दौरान उनकी जुबान फिसल गई, उन्होंने राजगढ़ को राघौगढ़ बता दिया। जिसके बाद दिग्विजय ने उन पर पलटवार कर दिया। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री का सूचनातंत्र कमजोर है। राघौगढ़ में चुनाव ही नहीं हुए हैं।
ये कहा था गृहमंत्री ने
आपने यह सुना होगा दिया तले अंधेरा..। हैरत की बात है जिस राघौगढ़ नगर पालिका से उन्होंने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। उस नगर पालिका में कांग्रेस को सिर्फ तीन सीटें मिली हैं। उसके बाद भी भाई खुश हैं। वैसे दिग्विजय सिंहजी की गलती कम लग रही है क्योंकि, उन्होंने कहा था कि टिकट कमलनाथ ने बांटे हैं। कमलनाथ ने बांटे हैं, तो राजगढ़ में भी उन्होंने बांटे होंगे। कमलनाथजी के टिकट जैसे होने चाहिए थे, वैसे निकले राजगढ़ में भी।
नरोत्तम के ट्वीट के बाद दिग्विजय सिंह ने भी पलटवार करते हुए जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का सूचनातंत्र इतना कमजोर है कि उन्हें यह तक नहीं मालूम कि हालिया हुए स्थानीय चुनावों में राघौगढ़ नगरपालिका में इलेक्शन ही नहीं हुए।
साथ ही, उन्होंने बताया कि मौजूदा राघौगढ़ नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष कांग्रेस से और 24 में से 22 पार्षद भी कांग्रेस के ही हैं। 1971 से भारतीय जनसंघ व भाजपा एक बार भी परिषद नहीं बना पाई। बिना पुलिस के संरक्षण में नरोत्तम जी आप दतिया भी नहीं जीत पाते। आइए, 2023 में दो-दो हाथ हो जाए।





