भोपाल
स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के नतीजे आ चुके हैं। इंदौर ने सफाई का सिक्सर जड़ दिया। लगातार छठवीं बार इंदौर देशभर में नंबर-1 पर आया तो राजधानी भोपाल की ओवरऑल रैंकिंग 6वीं रही। इंदौर-भोपाल और उज्जैन को छोड़ दें तो बाकी बड़े शहर रैंकिंग में पिछड़ गए, जबकि छोटे शहर अव्वल रहे। इनमें महू कैंट, खुरई, पेटलावद, बड़ौनी, मुंगावली जैसे छोटे शहर शामिल हैं। पहली बार इन शहरों ने अच्छी रैंकिंग हासिल की।
नतीजों में एक बार फिर मध्यप्रदेश का डंका बजा। इसके बाद प्रदेशभर में जश्न का माहौल है। भोपाल में पिछले दो दिन से जश्न हो रहा है, तो इंदौर में भी जश्न है। सर्वेक्षण में पहली बार राजस्थान-महाराष्ट्र को पछाड़ कर मध्यप्रदेश देश का सबसे स्वच्छ राज्य बना। 100 से अधिक शहरों वाले राज्य में मध्यप्रदेश नंबर-1 पर आया। वहीं, इंदौर ने सफाई का सिक्सर लगाया। भोपाल की रैंक भी पिछली बार के मुकाबले सुधरी। इस बार भोपाल को छठवां स्थान मिला है। पिछली बार यह सातवें स्थान पर था। इंदौर को गार्बेज फ्री सिटी में 7 स्टार रेटिंग मिली है, वहीं, भोपाल को 5 स्टार मिला।

मध्यप्रदेश के बड़े और छोटे शहरों ने ये पाई रैंक।
16 कैटेगिरी में अवार्ड
मधयप्रदेश को कुल 16 कैटेगिरी में अवार्ड मिले हैं। इनमें इंदौर, भोपाल और उज्जैन तो छाए ही, छोटे शहर का भी अच्छा परफॉर्मेंस रहा है। इनमें खुरई, महू कैंट, औबेदुल्लागंज, फूफकलां, पेटलावद, बड़ौनी, खजुराहो, मुंगावली आदि भी शामिल हैं। छिंदवाड़ा भी 1 से 3 लाख जनसंख्या वाले शहरों में सिटीजन फीडबैक में आगे आया है।
भोपाल में हो सकता है बड़ा इवेंट
सफाई में प्रदेश का स्थान बेहतर होने पर अब राजधानी स्तर पर बड़ा इवेंट करने की तैयारी की जा रही है। इसमें महापौर, कमिश्नर, नगर पालिका और नगर परिषद अध्यक्ष, सीएमओ आदि को बुलाया जा सकता है।





