भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) में पिछले 24 घंटे में ‘फोटो पॉलिटिक्स’ के रोचक नजारे देखने को मिले। मल्लिकार्जुन खड़गे के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अध्यक्ष बनने के चार हफ्ते बाद भी यहां उनकी तस्वीर नहीं लगी। आनन-फानन में शुक्रवार शाम को नया पोस्टर मंगवाकर लगवाया गया। इससे पहले पोस्टर को ढंक दिया गया। इधर, बीजेपी नेताओं ने इस पर तंज भी कसा।
मध्यप्रदेश कांग्रेस में इन दिनों फोटो पॉलिटिक्स हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा में अपनी तस्वीरें नहीं लगाने का आग्रह किया। बावजूद एमपी कांग्रेस द्वारा बनवाए गए पोस्टर, पम्पलेट्स में दिग्गी की फोटो नजर आई। पीसीसी के राजीव सभागार में कांग्रेस का पोस्टर लगा है। शुक्रवार दोपहर तक यहां लगे पोस्टर में कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तस्वीर नहीं लगी थी, जबकि खड़गे को राष्ट्रीय अध्यक्ष बने चार हफ्ते बीत चुके हैं।

ये तस्वीर गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे की है। तब तक राजीव सभागार में यही पोस्टर लगा था। इसमें सोनिया गांधी, राहुल, प्रियंका गांधी के साथ पीसीसी चीफ कमलनाथ की तस्वीर थी।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक के दौरान ढंग दिया पोस्टर
शुक्रवार को यहां युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी की अध्यक्षता में बैठक भी हुई। बैठक के पहले सभागार में लगे पोस्टर को सफेद चादर से ढंक दिया गया।

ये दूसरी तस्वीर शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे की है। यूथ कांग्रेस की बैठक के पहले दीवार पर लगे पोस्टर को सफेद कपड़े से ढंक दिया गया।
फिर शाम को मंगाया खड़गे की तस्वीर वाला पोस्टर
शुक्रवार शाम तक यूथ कांग्रेस की बैठक खत्म हुई। बैठक के बाद आनन-फानन में वरिष्ठ नेताओं ने नया पोस्टर बुलवाकर लगवाया गया। इसमें अब सोनिया, राहुल, प्रियंका के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, पीसीसी चीफ कमलनाथ की फोटो लगाई गई है।

ये तस्वीर शुक्रवार शाम करीब 4:48 बजे की है। नया पोस्टर मंगवाया गया। इसमें सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल, प्रियंका और प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल और पीसीसी चीफ कमलनाथ की फोटो है।
कांग्रेस का तर्क- फ्लैक्स प्रिंटिंग के लिए भेजे गए हैं
मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष अब्बास हफीज से PCC में राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे की फोटो नहीं लगने की वजह बताई। वे बोले- कांग्रेस कार्यालय में जो तस्वीरें लगनी हैं, उनकी डिजाइन फाइनल कर ली है। नई तस्वीरें प्रदेशभर में बदली जानी हैं। डिजाइन फाइनल होने में समय लगा है। खड़गे जी को अभी अध्यक्ष बने ज्यादा समय नहीं हुआ है। बीजेपी जबरन इसे तूल दे रही है। बीजेपी में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा की स्थिति क्या है, ये किसी से छिपा नहीं है। जहां तक खड़गे जी की फोटो की बात है, तो जल्द ही उनकी तस्वीरें लग जाएंगी।
अब पढ़ लीजिए बीजेपी का तंज…
भाजपा के प्रदेश महामंत्री रजनीश अग्रवाल ने इस पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा- बार-बार जैसी आशंका जताई जाती रही, वैसा ही सामने दिखने लगा है। मल्लिकार्जुन खड़गे उसी स्थिति में पहुंच रहे हैं, जो किसी समय सीताराम केसरी की होती थी। PCC दफ्तर में अब तक उनकी तस्वीर नहीं लग पाई। इससे समझा जा सकता है कि अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति कांग्रेसियों और PCC की आस्था, सोच और क्या विचार हैं। इनके लिए केवल एक ही खानदान महान है। राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इनके लिए हैसियत नहीं रखता।
कांग्रेसियों ने ठुकराया दिग्गी का आग्रह
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बीते 22 अक्टूबर को मप्र के PCC चीफ कमलनाथ को पत्र लिखकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मप्र पड़ाव के दौरान लगने वाले बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स में फोटो न लगवाने का अनुरोध किया था। दिग्गी के अनुरोध को मप्र कांग्रेस के नेताओं ने नहीं माना। भोपाल में छपे पम्पलेट्स और भारत जोड़ो यात्रा की प्रचार सामग्री में दिग्विजय सिंह की तस्वीरें लगाई गईं।





