अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

एक ही मंच पर ममता-शाह के दावे:दीदी बोलीं- 221 सीटें जीतने का 110% कॉन्फिडेंस, शाह बोले- हम तृणमूल सरकार को उखाड़ फेकेंगे

Share

कोलकाता

पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस चुनाव से पहले एड़ी-चोटी का जोर लगा रहीं हैं। इस बीच कोलकाता में इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2021 के मंच पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने-अपने दावे किए। ममता ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की सीटें 221 से कम नहीं होंगी। हम अपनी जीत के लिए पूरी तरह आश्वस्त हैं। हमें दो बार जितनी सीटें मिली हैं, इस बार उससे ज्यादा तो जरूर आएंगी। हमें इस पर 110% विश्वास है।

इसके बाद शाह ने कहा कि मैं बंगाल में ममता सरकार को उखाड़ने ही आया हूं। यहां भाजपा की सरकार तभी आ सकती है, जब TMC सरकार को उखाड़कर फेंक दिया जाए। ममता जी की सरकार ठीक से नहीं चल रही है, जनता इस सरकार को उखाड़कर फेंक देगी। हमारी ममता दीदी से कोई कड़वाहट नहीं है, मगर उनके राज में भ्रष्टाचार हो रहा है। उससे उन्हें चिढ़ होती है तो कोई क्या कर सकता है।

ममता की 3 अहम बातें
भाजपा बांटने की राजनीति कर रही

पश्चिम बंगाल में कभी जाति की राजनीति नहीं हुई, लेकिन अब भाजपा ने इसकी शुरुआत कर दी है। भाजपा के लोग हर धर्म को एक साथ लेकर नहीं चलते हैं, बल्कि बांटने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा वालों ने बंगालियों को भी बांट दिया है, उन्होंने बंगालियों को भी बंगालियों से लड़ा दिया है। वे कहते हैं कि आप बांग्लादेश के बंगाली हो और आप यहां के बंगाली हो। भाजपा सिर्फ गुंडागर्दी की राजनीति करना जानती है। वह राज्य सरकारों को इनकम टैक्स और सीबीआई के जरिए डराने का काम करती है।’

यहां आकर हमें धमका रहे
गृह मंत्री का हक है, वे यहां आ सकते हैं और बोल सकते हैं। मैंने लक्ष्मण रेखा का पालन किया, लेकिन उन्होंने क्या किया? यहां आकर हमें धमका रहे हैं। बोलते हैं कि हमें बर्बाद कर देंगे। हमें देख लेंगे। हम किसी से डरने वाले नहीं हैं।

नंदीग्राम से चुनाव लड़कर दिखाएं
दो लोग देश चला रहे हैं। सबसे बोलते हैं कि हम जो बोलेंगे, वही चलेगा। भाजपा को पता है कि अगर विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा गया, तो उन्हें करारी हार मिलेगी। इसलिए वे जाति-धर्म की राजनीति पर उतर आई है। अगर हिम्मत है तो शाह नंदीग्राम से चुनाव लड़कर दिखाएं।

शाह की 3 अहम बातें
जय श्री राम हमारा नहीं, बंगाल के लोगों का नारा

जय श्री राम हमारा नहीं तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ बंगाल के लोगों का नारा है। यह राजनीति से अलग नहीं है, यह संस्कृति और भावनाओं का सवाल है। दुर्गा पूजा के लिए क्या कोर्ट के दरवाजे खटखटाने होंगे? बसंत पंचमी के दिन सरस्वती पूजा नहीं कर पाएंगे क्या? रामनवमी के दिन शोभा यात्रा नहीं निकाल सकते? ये नारा परिवर्तन का नारा है। मुझे नहीं पता कि दीदी जय श्रीराम के नाम से क्यों चिढ़ती हैं। जय श्रीराम को धार्मिक नारे के रूप में इंटरप्रेट करने का प्रयास जो तृणमूल कांग्रेस कर रही है, वो गलत है।

विजयवर्गीय नहीं, बंगाल से ही होगा अगला CM
लेफ्ट-कांग्रेस और अन्य पार्टियों के गठबंधन से हमें कुछ लेना देना नहीं है। हमें पूरा विश्वास है कि हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रहे हैं। लोकसभा में हमारे वोट बढ़े हैं। पिछली बार के चुनाव में जनता उलझन में थी कि भाजपा जीत सकती है या नहीं जीत सकती। लेकिन इस बार उन्हें पक्का विश्वास है कि भाजपा जीत रही है। राज्य का अगला मुख्यमंत्री बंगाल का ही धरती पुत्र होगा और भाजपा से ही होगा, लेकिन कैलाश विजयवर्गीय ​​​ CM नहीं बनेंगे।

भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी
मैं बंगाल के किसानों से कहना चाहता हूं कि हमारी सरकार बनने के बाद हम यहां के किसानों को उनका बकाया 12,000 रुपए भी देंगे और 6,000 रुपए की नई किस्त भी देंगे। हम बंगाल में हमारी तैयारी कर रहे हैं, बंगाल की जनता को अपने साथ जोड़ रहे हैं। इसके लिए हम मेहनत कर रहे हैं। CAA देश की संसद का बनाया हुआ कानून है, इसका इम्प्लीमेंटेशन होना है और शरणार्थियों को नागरिकता मिलनी है। जनता को हम पर भरोसा है। हम यहां 200 से ज्यादा सीट जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे।

TMC-BJP में सीधी टक्कर
तृणमूल कांग्रेस लगातार दो बार से बंगाल की सत्ता पर काबिज है। 2011 में तृणमूल ने 184 सीटें जीती थीं, जबकि 2016 में उसके खाते में 211 सीटें आई थीं। इस बार ममता सरकार की बड़ी लड़ाई भाजपा से है। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद भाजपा विधानसभा में भी उसी प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश कर रही है।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें