रविवार को हुए विमान हादसे को लेकर जांच विशेषज्ञों ने कहा है कि दुर्घटना का कारण गलत संचालन, विमान प्रणाली की खराबी या पायलट की थकान हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्घटना के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।
टीम इंडिया ने रविवार को वनडे क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। श्रीलंका को तीन मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में 317 रन से हराया। भारत ने इस मामले में न्यूजीलैंड का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। कीवी टीम ने 2008 में आयरलैंड को 290 रन से हराया था।
इस मैच में टीम इंडिया ने एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। वह वनडे इतिहास में किसी एक देश के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम भी बनी। भारत ने वनडे क्रिकेट में श्रीलंका को 96 बार हराया है। दोनों टीमों के बीच कुल 165 वनडे खेले गए हैं। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के 95 जीत के वर्ल्ड रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
1. नेपाल में विमान हादसा, 68 की मौत: जिस एयरपोर्ट पर लैंडिंग होनी थी, उसे चीन ने बनाया; दो हफ्ते पहले हुआ था उद्घाटन

नेपाल में रविवार सुबह बड़ा विमान हादसा हुआ। यति एयरलाइंस का प्लेन काठमांडू से 205 किमी दूर पोखरा में क्रैश हो गया। यह ATR-72 प्लेन था, जिसमें 68 यात्री और चार क्रू मेंबर सवार थे। पोखरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंडिंग से महज 10 सेकेंड पहले विमान पहाड़ी से टकरा गया। इससे प्लेन में आग लग गई और वह खाई में जा गिरा।
चीन की मदद से तैयार हुए पोखरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दो हफ्ते पहले यानी इसी साल एक जनवरी को नवनियुक्त प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने उद्घाटन किया था। यह परियोजना के चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) सहयोग का हिस्सा थी। काठमांडू पोस्ट अखबार के मुताबिक, एयरपोर्ट निर्माण के लिए नेपाल सरकार ने चीन के साथ मार्च 2016 में 22 अरब रुपए के सॉफ्ट लोन समझौते पर दस्तखत किए थे।

हिमालय की खूबसूरत वादियों के बीच बने पोखरा एयरपोर्ट का उद्घाटन 1 जनवरी को ही नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ ने किया था।
विमान के मलबे से 68 शव निकाले गए
पोखरा के जिला अधिकारी टेक बहादुर केसी ने बताया कि विमान के मलबे से 68 शव निकाले जा चुके हैं। हालांकि चश्मदीदों का कहना है कि हादसे में कोई भी जिंदा नहीं बचा। अभी तक सिर्फ पांच शवों की पहचान हो पाई है। बाकी शवों को पहचानना मुश्किल है। फ्लाइट में सवार चार अन्य लोगों का पता नहीं चल पा रहा है। इनकी तलाश में गोताखोरों को नदी में उतारा गया है।
विमान में पांच भारतीय यात्री भी सवार थे। घटनास्थल से दो लोगों को जीवित निकाला गया, दोनों मछुआरे थे। अब तक 20 शवों की पहचान हो गई है। पहचान नहीं हुए शवों को DNA परीक्षण के लिए हेलिकॉप्टर के जरिए काठमांडू भेजा जाएगा।

हादसे के बाद बचाव कार्य के दौरान लोगों को तलाश करती रेस्क्यू टीम, स्थानीय लोगों ने भी उनकी मदद की।
नेपाल में हादसे से जुड़े बड़े अपडेट्स…
- नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने कैबिनेट की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई।
- नेपाल सरकार ने हादसे की जांच के लिए 5 सदस्यीय कमेटी बनाई है।
- आर्मी बचाव और राहत कार्य में जुट गई है। एक पुलिसकर्मी ने बताया कि भीड़ के चलते एम्बुलेंस को रेस्क्यू साइट तक जाने में दिक्कत हो रही है।
- भारत के नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाल के हादसे पर दुख जताया है।
- नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड पहले पोखरा जाने वाले थे, लेकिन मौसम की खराबी और सुरक्षा कारणों से सिक्योरिटी टीम ने PM को पोखरा ना जाने की सलाह दी।
- प्रचंड के पोखरा पहुंचने से पहले सुरक्षा का जायजा लेने गया हेलिकॉप्टर बीच रास्ते से ही वापस आ गया।
ग्राफिक से समझें, हादसा कहां हुआ
हादसा कासकी जिले के पोखरा में पुराने एयरपोर्ट और पोखरा एयरपोर्ट के बीच हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक फ्लाइट ने काठमांडू से पोखरा जाने के लिए सुबह 10:33 बजे उड़ान भरी थी। पोखरा एयरपोर्ट काठमांडू से 206 किमी दूर है। यहां पहुंचने में 25 मिनट लगते हैं।

विमान में 5 भारतीय समेत 14 विदेशी नागरिक थे
विमान को कैप्टन कमल केसी उड़ा रहे थे। 68 यात्रियों में से 53 नेपाली, 5 भारतीय, 4 रूसी, एक आयरिश, दो कोरियन, एक अफगानी और एक फ्रेंच नागरिक थे। इनमें 3 नवजात और 3 लड़के भी शामिल हैं। एयरलांइस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने कहा कि विमान के मलबे से अभी तक किसी जीवित व्यक्ति को नहीं निकाला जा सका है।

नेपाल की सिविल एविएशन अथॉरिटी का कहना है कि मैकेनिकल खराबी की वजह से विमान क्रैश हुआ।
मैकेनिकल खराबी की वजह से क्रैश हुआ प्लेन
सिविल एविएशन अथॉरिटी ऑफ नेपाल की तरफ से कहा गया है कि मैकेनिकल खराबी की वजह से दुर्घटना हुई है। उड़ान से पहले सभी टेक्निकल जांच और प्रोसेस को पूरा किया गया था और उसमें कोई भी टेक्निकल खराबी नहीं दिखाई दी थी। हादसे की जो तस्वीरें और फुटेज सामने आई हैं, उन्हें देखकर किसी के भी जीवित बचने की उम्मीद नहीं है।
सिविल एविएशन अथॉरिटी का कहना है कि लैंडिंग से 10 सेकेंड पहले विमान में आग की लपटें दिखाई दी थीं, इसलिए मौसम की खराबी के कारण दुर्घटना होने की बात नहीं कही जा सकती है। शुरुआत में कहा गया था कि हादसा खराब मौसम की वजह से हुआ है।

हादसे के बाद विमान नदी किनारे की इस खाई में जा गिरा। इस वजह से बचाव कार्य में खासी दिक्कत हुई।
पायलट ने 2 बार लैंडिंग की परमिशन मांगी
पोखरा एयरपोर्ट एटीसी के सोर्सेज के मुताबिक हादसा रनवे से महज कुछ मीटर दूर हुआ। पोखरा का रनवे पूर्व-पश्चिम दिशा की ओर बना हुआ है। पायलट ने पहले पूर्व की तरफ से लैंडिंग की परमिशन मांगी थी और परमिशन मिल भी गई थी। थोड़ी देर में पायलट ने पश्चिम की तरफ से लैंडिंग की परमिशन मांगी और उसे दोबारा परमिशन दे दी गई, लेकिन लैंडिंग से 10 सेकेंड पहले ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे के करीब दो से तीन घंटे के बाद आर्मी ने रेस्क्यू ऑपरेशन का जिम्मा संभाला।
क्रैश होने के एक घंटे बाद मिली हादसे की खबर
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह 10.57 बजे के करीब हुआ। विमान पहाड़ी से टकराकर येति नदी के पास खाई में जा गिरा। स्थानीय लोग राहत और बचाव के लिए पहुंच गए। हालांकि मीडिया में यह खबर एक घंटे बाद यानी दोपहर करीब 12 बजे आई।
प्लेन का हादसे से पहले का वीडियो वायरल, इसमें विमान एक तरफ झुकता नजर आया….

यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें हादसे के ठीक पहले प्लेन अचानक झुकता हुआ दिखाई दे रहा है।
वही विमान क्रैश, जिसने डेमो फ्लाई किया था
यति एयरलाइंस का 9N ANC विमान ने पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दिन यानी 1 जनवरी 2023 को डेमो फ्लाई किया था। इस विमान की क्षमता 70 यात्रियों की थी, इनमें क्रू शामिल नहीं है। इसकी मैक्सिमम स्पीड 309 मील यानी करीब 500 किलोमीटर/घंटा थी। दो इंजन वाले इस विमान में प्रैट एंड व्हिटनी PW 127 इंजन लगे हुए थे।

यति एयरलाइंस का यह विमान पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के समय डेमो फ्लाइट के लिए इस्तेमाल हुआ था।
नेपाल में 13 साल में 8 बड़े विमान हादसों में 198 मौतें हुईं

नेपाल में पिछले साल प्लेन हादसे में 22 मौतें हुई थीं
नेपाल में पिछले साल मई में भी प्लेन क्रैश होने से 19 पैसेंजर और 3 क्रू मेंबर्स की जान चली गई थी। इस विमान में 4 भारतीय भी थे। नेपाल आर्मी की सर्च एंड रेस्क्यू टीम को मुस्तांग के सैनोसवेयर इलाके की पहाड़ी पर मलबा मिला था। एयरक्राफ्ट 43 साल पुराना था। तारा एयरक्राफ्ट क्रैश की जांच के लिए नेपाल सरकार ने 5 सदस्यीय कमीशन बनाया था, जिसे प्लेन क्रैश की घटनाओं से बचने के लिए सुझाव देने का काम भी सौंपा गया था।
पिछले साल हादसे के बाद प्लेन का मलबा सैनोसवेयर की पहाड़ी पर मिला था।
क्यों नेपाल में उड़ते ताबूत बन रहे विमान: 30 साल में 28 क्रैश, पुराने विमान और पहाड़ बने चुनौती

नेपाल में 72 यात्रियों को लेकर जा रहा यति एयरलाइंस का ATR 72-500 विमान रविवार को क्रैश हो गया है। पिछले 30 सालों में नेपाल में यह 28वां विमान हादसा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, खराब मौसम, पुराने विमान और अनुभवहीन पायलट नेपाल को उड़ानों के लिए सबसे खतरनाक देश बनाते हैं।
नेपाल विमान हादसा:सोशल मीडिया पर अभी का बताकर शेयर की जा रहीं पुरानी फोटो; जानिए इन तस्वीरों का सच
क्या हो रहा है वायरल : नेपाल में रविवार सुबह बड़ा विमान हादसा हुआ। इसमें 5 भारतीय समेत 68 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। अब तक 68 शव निकाले जा चुके हैं। इसी बीच हादसे से जोड़कर सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की जा रही है। दावा किया जा रहा है कि ये फोटो नेपाल में हुए विमान हादसे की हैं।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों पर दो दिन से बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर के 12 जिलों में बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड के चमाेली, जाेशीमठ और बद्रीनाथ में भी बर्फ पड़ी। हिमपात से हिमाचल प्रदेश में चार हाइवे समेत 276 सड़कें बंद हैं। उत्तर भारत के मैदानी इलाके भी शीतलहर की चपेट में हैं।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। राजस्थान के माउंट आबू में पारा -4 डिग्री रहा, जबकि फतेहपुर में पारा -3.5 डिग्री दर्ज किया गया। घने कोहरे के कारण फ्लाइट्स लेट हो रही हैं, ट्रेन रद्द हो रही हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिन तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड और घना कहोरा छाए रहने की संभावना है।

श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर बर्फबारी से सड़क पर सफेद चादर बिछ गई। बुलडोजर की मदद से बर्फ को हटाया गया।
हिमाचल में पहाड़ों पर बिछी बर्फ की चादर, 276 सड़कें बंद

हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी जारी है। इस कारण NH समेत 276 सड़कें बंद हैं। राज्य के केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारकंडा में -4.8, कुकुमसरी में -4.2 और कुफरी में -1.2 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने व शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

चंबा के खज्जर में ताजा बर्फबारी से पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी है।
मौसम विभाग के मुताबिक,। 18 और 19 को फिर बारिश-बर्फबारी होने की संभावनाएं बन रही हैं। बेशक कम बारिश-बर्फबारी हुई हो, मगर प्रदेश की खेतीबाड़ी, बागवानी और पर्यटन उद्योग के लिए यह टॉनिक का काम करेगी। इसके बाद आज वीकेंड पर सैलानियों के भी काफी संख्या में शिमला व आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने की उम्मीद है।
जम्मू-कश्मीर के12 जिलों में बर्फीले तूफान की चेतावनी

शोपियां जिले में तैनात सीआरपीएफ के जवानों ने ताजा बर्फबारी के बाद वॉलीबॉल का आनंद लिया।
जम्मू-कश्मीर के बर्फबारी का दौर जारी है। बीते दिन गांदरबल के सरबल इलाके में एवलांच हुआ और बांदीपोरा जिले के गुरेज में बर्फीला तूफान आया। जिला प्रशासन ने बताया कि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ है। पिछले कुछ दिनों से घाटी में बर्फीला तूफान आ रहे हैं। दो दिन पहले सोनमर्ग में भी एवलांच हुआ था, इसमें दो लोगों की मौत हो गई थी।
श्रीनगर में आज पारा -1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू में 5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 12 जिलों में बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है और लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा है।
दिल्ली में आज पारा 3 डिग्री दर्ज

निजामुद्दीन में ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे लोग।
दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 जनवरी और 18 जनवरी के बीच शीतलहर चलेगी। 17 और 18 जनवरी को रिज और आयानगर न्यूनतम तापमान 3 डिग्री के आसपास जा सकता है।
दिल्ली में बढ़ती शीतलहर के चलते बेघर लोगों के लिए शेल्टर होम खुल गए हैं। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) दांडी पार्क, यमुना बाजार के पास एक रैन बसेरे में टीवी, किताबें, वॉशरूम, मुहल्ला क्लीनिक जैसी सुविधाएं दे रहा हैं।
राजस्थान: एक ही दिन में 12 डिग्री सेल्सियस गिरा पारा

यह तस्वीर फतेहपुर की है। यहां खेत में लगी तार में ओस की बूंदें जमी हैं।
प्रदेश में दाे दिन से लगातार चल रही सर्द हवाओं से पारा गिर गया है। फतेहपुर, चूरू में रात का पारा 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। माउंट आबू में पारा -4 डिग्री रहा, जबकि फतेहपुर में एक ही रात में 11.6 डिग्री लुढ़ककर -3.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा चूरू में -0.7 डिग्री रहा। बीते 24 घंटे में 9 शहरों में रात का पारा 5 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ।
माैसम विभाग के मुताबिक, 18 जनवरी तक 18 से ज्यादा जिलाें में शीतलहर का येलाे और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दाैरान झुंझुनूं, अलवर, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर और पाली में तेज शीतलहर चलने से कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
बिहार: 16 से शीतलहर की सेकेंड वेव, 3 से पांच डिग्री तक गिरेगा पारा

यह तस्वीर शनिवार की सुबह मोहनियां एनएच की है। कोहरे की वजह से वाहन चालकों को दिक्कत हुई।
बिहार में ठंड का सेंकेंड वेब शुरु होने वाला है। पांच दिनों तक मौसम सामान्य रहने के बाद 16 जनवरी से एक बार फिर से बिहार के सभी हिस्से में तापमान में तीन से पांच डिग्री की गिरावट होगी। हालांकि, इस दौरान घने कोहरे से निजात मिलेगी। मौसम विभाग ने ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। कहा है कि इसका असर लोगों के साथ ही पशु और फसलों पर भी होगा।
जनवरी में ठंड के दौरान दिन का तापमान नवंबर की तरह दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान स्थिर है। शनिवार को बिहार के सभी हिस्से में दिन का तापमान 21 से 28 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
MP: भोपाल, इंदौर, ग्वालियर में बढ़ी ठिठुरन
यह फोटो नर्मदापुरम का है। मकर संक्रांति पर कड़ाके की ठंड में लोगों ने नर्मदा में डुबकी लगाई। पर्व 14 जनवरी को मनाया गया। आज भी पर्व मनाया जा रहा है।
मध्यप्रदेश में बर्फीली हवाओं ने ठंड की एक और इनिंग शुरू कर दी है। राजधानी भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत प्रदेश के दूसरे शहरों में पारे में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, राज्य में 20 जनवरी से बादल छाने लगेंगे। सबसे ज्यादा छतरपुर और जबलपुर में बादल छाएंगे।
पंजाब में सीजन की रिकॉर्ड तोड़ ठंड, 8 जिलों में 3 डिग्री से नीचे गिरा पारा

पंजाब में रविवार सुबह इस सीजन की सबसे ज्यादा ठंड रिकॉर्ड की गई है। जहां पंजाब के फरीदकोट में पारा -1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, 8 जिलों में तापमान 3 डिग्री या उससे कम रिकॉर्ड किया गया है। मोगा में 0.4, बठिंडा में 1 और अमृतसर में 1.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग पहले ही राज्य में रविवार के लिए रेड अलर्ट जारी कर चुका है। पढ़ें पूरी खबर…
UP में आज से फिर कड़ाके की ठंड

यूपी के बरेली में रविवार सुबह फिर से धुंध छायी रही।
उत्तर प्रदेश में आज से कड़ाके की ठंड का दौर फिर शुरू हो गया है। लखनऊ, आगरा समेत कई जिलों में आज का तापमान 6 डिग्री तक दर्ज किया गया। वहीं, बरेली में आज न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री पर आ पहुंचा। मौसम विभाग ने राज्य में मकर संक्रांति के बाद भीषण ठंड का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना गै कि अगले चार दिनों तक राज्य कड़ाके की सर्दी की चपेट में रहेगा।
3. यूक्रेन पर रूस ने दागीं 33 मिसाइलें, 20 की मौत: इमारतें ढहने से 73 घायल, जेलेंस्की बोले- हमने 21 रूसी मिसाइलों को तबाह किया

रूस ने शनिवार को एक बार फिर यूक्रेन में 33 मिसाइलें दागीं। यूक्रेन के निप्रो शहर में नौ मंजिला इमारत पर मिसाइल गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 73 लोग घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति ऑफिस के डिप्टी हेड किरिलो टिमोशेंको ने बताया कि मरने वालों में 15 साल की एक बच्ची भी शामिल है। हमले के बाद रेस्क्यू टीम ने इमारत से 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया है कि 33 में से 21 रूसी मिसाइलें हमले से पहले ही तबाह कर दी गईं। यूक्रेन के एनर्जी मिनिस्टर जर्मन गालुशचेंको ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के पावर ग्रिड पर हमला किया है। इससे देश के बड़े इलाके में पावर सप्लाई रुक गई। अस्पतालों और रिहायशी इमारतों तक में बिजली बंद हो गई। ज्यादातर इलाकों में इमरजेंसी ब्लैकआउट लागू है।
4. भारत का मुरीद हुआ PAK मीडिया: कहा- दो अपोजिट सुपरपावर्स हमारे पड़ोसी के साथ, भारत अब हर लिहाज से ताकतवर
पाकिस्तानी मीडिया ने पहली बार भारत की खुलकर तारीफ करते हुए उसे ताकतवर देश बताया है। पाकिस्तानी मीडिया का कहना है कि ऐसे वक्त में जब यूक्रेन के मुद्दे को लेकर अमेरिका और रूस आमने-सामने हैं, तब यही दोनों देश भारत के साथ खड़े हैं। यह भारत की बेहतरीन डिप्लोमेसी भी है।
आमतौर पर भारत को लेकर पाकिस्तानी मीडिया का रुख नेगेटिव ही रहता है। लिहाजा इतने खुले अंदाज में भारत की तारीफ वहां के मीडिया में एक बड़े शिफ्ट के तौर पर देखी जा सकती है।
5. भारत ने श्रीलंका को 317 रन से हराया, न्यूजीलैंड का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा; विराट की 46वीं सेंचुरी
टीम इंडिया ने रविवार को श्रीलंका को तीन मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में 317 रन से हराया। विराट कोहली, शुभमन गिल और मोहम्मद सिराज जीत के हीरो रहे। विराट ने 166* रन की पारी खेलते हुए 46वां वनडे शतक जमाया। शुभमन गिल ने 116 रन बनाए। भारत ने 50 ओवर में 5 विकेट पर 390 रन का विशाल स्कोर बनाया। कोहली प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।
जवाब में श्रीलंकाई टीम 22 ओवर में 9 विकेट पर 73 रन के स्कोर पर ही सिमट गई। एक बल्लेबाज ने घायल होने की वजह से बैटिंग नहीं की। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। श्रीलंका के 7 बल्लेबाज डबल फिगर में भी नहीं पहुंच पाए।





