छतरपुर
जिले के हरपालपुर थाने के ग्राम परेथा में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई। इनमें पिता-पुत्र ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की मौत इलाज के दौरान हुई। वहीं, एक की हालत गंभीर है। सभी को उल्टी, दस्त और ना दिखने की परेशानी हुई थी। मामले में प्रशासन कुछ भी कहने से बच रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
शुक्रवार को ग्राम परेथा में रहने वाले हरगोविंद (25) पिता शीतल अहिरवार की मौत हो गई थी। उन्हें उल्टी-दस्त और दिखना बंद हो गया था। परिजन ने हरगोविंद का अंतिम संस्कार किया। घर लौटने पर शाम को पिता शीतल अहिरवार को भी उल्टी, दस्त हुए और आंखों से दिखना बंद होने की शिकायत हुई। कुछ ही देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इसी के कुछ देर बाद हरगोविंद के बड़े भाई जयराम अहिरवार को भी यही परेशानी होने लगी। उसे हरपालपुर अस्पताल ले जाया गया, वहां से जिला अस्पताल रैफर कर दिया। अगले दिन रविवार सुबह गांव के लल्लू (75) पिता गिरधारी लाल बरार और तुलसीदास (42) पिता लीला अहिरवार को भी इसी परेशानी के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब साढ़े 5 बजे लल्लू बरार की भी मौत हो गई, जबकि तुलसीदास ने साढ़े 7 बजे दम तोड़ दिया। हालांकि जयराम की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
जयराम बोला- शराब पीने वाले सभी लोग हुए बीमार
अस्पताल में भर्ती जयराम अहिरवार ने बताया, दिल्ली से आने के बाद वह बुधवार को उप्र के घुटई गांव गया। ठेके से शराब लेकर आया। गुरुवार रात मछली के साथ शराब पार्टी में जयराम के साथ तुलसीदास अहिरवार, लल्लू बरार, शीतल प्रसाद अहिरवार और हरगाेविंद शामिल हुए थे। जयराम ने बताया, परिवार समेत मोहल्ले के जिन लोगों ने सिर्फ मछली खाई थी, वे सभी स्वस्थ्य हैं। वहीं, जिन लोगों ने शराब पीने के साथ मछली खाई, वह बीमार हो गए।
ग्रामीण बोले- गांव में अवैध शराब का कारोबार
गांव के ताती राम उर्फ गिरजा शंकर अहिरवार समेत अन्य ग्रामीणों ने गांव के कुछ लोगों द्वारा उत्तरप्रदेश से शराब लाकर अवैध रूप से बेचने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है, क्षेत्र में बनाई जा रही शराब भी बड़े पैमाने पर बेची जा रही है। ग्रामीण चारों की मौत के पीछे भी इसी जहरीली शराब को मुख्य कारण मान रहे हैं।
हरगोविंद की पत्नी पर लगाए आरोप
हरगोविंद और उसके पिता शीतल प्रसाद की मौत व भाई जयराम के बीमार होने को लेकर परिवार में दहशत है। वहीं, हरगोविंद की पत्नी धंती देवी पर जादू-टोना का आरोप लगाया गया है। हरगोविंद की बहन और शीतल प्रसाद की बेटी गीता देवी का कहना है, धंतीदेवी मेरे भाई हरगोविंद को परेशान करती थी। हरगोविंद की मौत के बाद धंती देवी यहां लाशें उठवा देने की धमकी भी देकर गई है।
डॉक्टर बोले- पीएम रिपोर्ट आने पर पता चलेगी मौत की वजह
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. लखन तिवारी का कहना है, लल्लू बरार और तुलसीदास शराब के आदी थे। उनकी किडनी फेल हो गई थी। आंखों की रोशनी भी चली गई थी। हालांकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। वहीं, नौगांव बीएमओ डॉ. रविंद्र पटेल और हरपालपुर के डॉ. जगदीश प्रसाद अहिरवार ने शीतल प्रसाद की मौके के बारे में पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बता पाने की बात कही है।
अधिकारी बोले- कराएंगे जांच
कलेक्टर शीलेंद्र सिंह का कहना है कि सीएमएचओ से बात करेंगे। मरीजों के ठीक हो जाने पर बयानों के आधार पर कार्रवाई होगी। एसपी सचिन शर्मा का कहना है कि जादू-टाेना कुछ नहीं होता। वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर जांच कराकर कार्रवाई करेंगे। वहीं, डीआईजी विवेकराज सिंह का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने पर तथ्यों की पुष्टि होने के बाद टीम बनाकर जांच कराई जाएगी।
मुरैना में भी हुई थी 24 लोगों की मौत
गौरतलब है कि पिछले माह मुरैना जिले में जहरीली शराब पीने के बाद दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में प्रदेश में भारी बवाल मचा था।





