यूपी पुलिस आज माफिया अतीक अहमद को लेकर प्रयागराज पहुंचेगी। एसटीएफ की एक टीम गुजरात की साबरमती जेल से अतीक को लेकर सड़क मार्ग से निकली है। अतीक को उमेश पाल अपहरण मामले में मंगलवार को अदालत के सामने पेश किया जाना है। इधर, सुप्रीम कोर्ट आज बिलकिस बानो गैंगरेप मामले में 11 दोषियों की रिहाई को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगा। यूपी में निकाय चुनाव को लेकर भी सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। बीआरएस नेता के. कविता की प्रवर्तन निदेशालय के समन को चुनौती देने वाली याचिका पर भी SC विचार करेगा।
उमेश पाल मर्डर केस के आरोपी गैंगस्टर अतीक अहमद को मंगलवार सुबह 11 बजे प्रयागराज के MP-MLA कोर्ट में पेश किया जाना है। इसके लिए यूपी STF की टीम अतीक को अहमदाबाद की साबरमती जेल से प्रयागराज ला रही है। आज शाम तक वो प्रयागराज पहुंच सकता है। हालांकि उसे अपनी हत्या होने का डर सता रहा है। जेल से बाहर आते ही अतीक ने कहा, ‘ये मेरी हत्या करना चाहते हैं।’
अतीक ने साल 2006 में उमेश पाल को अगवा किया था। इसी मामले में मंगलवार को प्रयागराज की MP-MLA कोर्ट फैसला सुनाएगी। अतीक को प्रयागराज जेल की हाई-सिक्योरिटी बैरक में रखा जाएगा। उसके सेल में CCTV कैमरा होगा। तैनात जेल कर्मचारियों के पास बॉडी वियर कैमरे होंगे। जेल हेडक्वॉर्टर वीडियो वॉल के जरिए 24 घंटे उसकी निगरानी करेगा।
उधर, साउथ अफ्रीका ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर चेज करने का कीर्तिमान बनाया। टीम ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 6 विकेट से जीत दर्ज की। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 258 रन बनाए। जवाब में अफ्रीका ने 259 रन के टारगेट को 7 गेंद रहते हासिल कर लिया। सा.अफ्रीका के नाम वनडे में भी सबसे बड़ा रन चेज करने का रिकॉर्ड है।
1. पेशी के लिए प्रयागराज लाया जा रहा अतीक, पुलिस का दावा- उसकी पत्नी विदेश भाग गई
अतीक के खिलाफ करीब 100 मामले चल रहे हैं। उसने 2006 में उमेश पाल को गन पॉइंट पर अगवा कर लिया था। उमेश ने 2007 में अतीक और उसके भाई अशरफ के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था। इस केस में कोर्ट 28 मार्च को फैसला सुनाएगी। अतीक को जबरन वसूली और दंगा भड़काने के केस में प्रयागराज की कोर्ट में पेश होना है। अतीक का नाम उमेश पाल की हत्या में भी शामिल है।
इस केस में भी उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। अतीक को जून 2019 में साबरमती जेल शिफ्ट किया गया था। उस पर रियल एस्टेट व्यवसायी मोहित जायसवाल के अपहरण और हमले की साजिश रचने का आरोप है। इधर अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन फरार है। पुलिस का कहना है कि उसकी कोई भी तस्वीर बगैर नकाब के मौजूद नहीं है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। वह शायद विदेश भाग गई है।
2. प्रियंका बोलीं- राहुल को देशद्रोही कहा, लेकिन केस नहीं, नड्डा बोले- रस्सी जल गई, बल नहीं गया
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, अडाणी मुद्दे और राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के विरोध में पार्टी संसद में विरोध प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस के लोकसभा-राज्यसभा सांसद आज काले कपड़े पहनकर पार्लियामेंट आएंगे। इससे पहले कांग्रेस ने दिल्ली के राजघाट पर संकल्प सत्याग्रह किया। पुलिस के धारा 144 लगाने के बावजूद कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता यहां पहुंचे। यहीं से प्रियंका ने BJP और केंद्र सरकार पर हमला बोला।
प्रियंका ने कहा,’ ये लोग शहीद के बेटे को देशद्रोही और मीर जाफर कहते हैं, कोई केस नहीं होता। PM भरी संसद में कहते हैं कि हमारा परिवार नेहरू नाम क्यों इस्तेमाल करता है। आपको कोई सजा नहीं मिलती, न कोई संसद से बाहर निकालता है। सच्चाई ये है की इस देश का प्रधानमंत्री कायर है।’ इस पूरे मामले पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- रस्सी जल गई है, लेकिन बल नहीं गया।
. WPL की पहली चैंपियन बनी मुंबई इंडियंस, फाइनल में दिल्ली को 7 विकेट से हराया

मुंबई इंडियंस ने पहली विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब जीत लिया है। ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए फाइनल में टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 131 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 19.3 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया। विनिंग शॉट लगाने वाली मुंबई की नैटली सीवर (नाबाद 60 रन) प्लेयर ऑफ द मैच बनीं।
मुंबई इंडियंस को विमेंस प्रीमियर लीग का टाइटल जीतने पर 6 करोड़ रुपए की प्राइज मनी मिली। दूसरे नंबर पर रही दिल्ली कैपिटल्स को 3 करोड़ और एलिमिनेटर हार कर तीसरे नंबर पर रहने वाली यूपी वॉरियर्ज को एक करोड़ रुपए मिले। मुंबई इंडियंस की हेली मैथ्यूज को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ( प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) का अवॉर्ड मिला। उन्होंने टूर्नामेंट के 10 मैचों में 271 रन बनाए और 16 विकेट लिए।
4. अमृतपाल ने दीप सिद्धू की पॉपुलैरिटी भुनाने के लिए ‘वारिस पंज-आब दे’ संगठन बनाया था
बीते 9 दिन से फरार चल रहे ‘वारिस पंजाब दे’ के चीफ अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए नेपाल बॉर्डर पर पोस्टर लगाए गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अमृतपाल की आखिरी लोकेशन नेपाल बॉर्डर से सटे UP के महाराजगंज में मिली थी। इधर, पंजाब पुलिस ने बताया कि अमृतपाल ने अपनी प्राइवेट आर्मी को ट्रेनिंग देने के लिए पाकिस्तान से 6 AK-47 और 2 AK-56 मंगाई थीं।
वहीं, पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। अमृतपाल ने दुबई से पंजाब आने के बाद दीप सिद्धू की पॉपुलैरिटी का फायदा उठाने के लिए ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन से मिलता जुलता संगठन बनाया था। इसे ‘वारिस पंज–आब दे’ का नाम दिया। दीप सिद्धू के परिवार ने अमृतपाल को ‘वारिस पंजाब दे’ के डॉक्यूमेंट्स देने से मना कर दिया था। वह अमृतपाल को दीप सिद्धू और उसके संगठन का उत्तराधिकारी मानने को राजी नहीं हुए, क्योंकि दीप सिद्धू ने अमृतपाल को ब्लॉक कर रखा था।
5. बेलारूस में टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन तैनात करेगा रूस, पुतिन बोले- US के भी वेपन कई देशों में मौजूद
रूस अपने पड़ोसी देश बेलारूस में टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन तैनात करेगा। राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने कहा- अमेरिका ने भी कई देशों में अपने न्यूक्लियर वेपन तैनात कर रखे हैं, हम भी ऐसा ही करेंगे। मेरा ये फैसला न्यूक्लियर ट्रीटी का उल्लंघन नहीं करता है। परमाणु हथियारों की तैनाती के लिए बेलारूस में एक स्पेशल स्टोरेज फैसिलिटी बनाई जा रही है। पश्चिमी देश यूक्रेन को हथियार देकर हमें नहीं हरा सकते।
1990 के दशक के बाद पहली बार ऐसा होगा, जब रूस के परमाणु हथियार देश से बाहर तैनात होंगे। बेलारूस की सीमा NATO देश पोलैंड, लिथुआनिया और लातविया से लगी हुई है। इससे पहले रूस बेलारूस को इस्कंदर मिसाइल सिस्टम भेज चुका है। इसमें न्यूक्लियर वॉरहेड्स लगाए जा सकते हैं। पुतिन ने कहा- पश्चिम और यूरोपीय देशों के गैर-जिम्मेदाराना फैसलों के चलते मैंने ये कदम उठाया है।
- यूपी निकाय चुनाव पर SC में सुनवाई आज
- यूपी में निकाय चुनाव को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद प्रदेश में निकाय चुनाव की स्थिति साफ होगी। चुनाव में OBC को आरक्षण देने के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल की जा चुका है।
- माफिया अतीक अहमद को ला रही यूपी पुलिस का काफिला ताथेड पहुंचा है। भारी सुरक्षा के बीच ताथेड में थोड़ी देर काफिला रुका। यूपी पुलिस अतीक को अहमदाबाद की साबरमती जेल से उत्तर प्रदेश ले जा रही है।
- कोस्ट गार्ड का चॉपर क्रैश
- केरल में कोचीन एयरपोर्ट से उड़ान भरने के ठीक बाद रविवार को कोस्ट गार्ड का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है। घटना की वजह से दो घंटे के लिए एयरपोर्ट पर उड़ानें सस्पेंड कर दी गईं। सूत्रों के मुताबिक हेलिकॉप्टर ट्रेनिंग उड़ान पर था। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सुरक्षा निरीक्षण के बाद रनवे पर उड़ान संचालन फिर से शुरू कर दिया गया है।
- 36 सैटलाइट ले गया सबसे बड़ा रॉकेट
- भारत की स्पेस एजेंसी ISRO ने अपने सबसे वजनी रॉकेट से एकसाथ 36 इंटरनेट सैटलाइट को उनके ऑर्बिट में भेजकर रविवार को बड़ी उपलब्धि हासिल की। 643 टन वजनी और 43.5 मीटर ऊचे LVM-3 रॉकेट ने ब्रिटिश कंपनी वनवेब के सैटलाइट्स को 450 किलोमीटर दूर ऑर्बिट में पहुंचाया। वनवेब ने 72 सैटलाइट स्पेस में पहुंचाने के लिए ISRO के साथ करार किया है। इस करार के तहत यह वनवेब के लिए दूसरा मिशन था। इससे पहले 36 सैटलाइट छोड़े जा चुके हैं।
- कोरोना से सतर्क रहें : PM
- ‘मन की बात’ कार्यक्रम में PM नरेंद्र मोदी ने कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते लोगों से सतर्क रहने और सभी जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। PM ने कहा कि लोगों को त्योहारों का खूब आनंद लेना चाहिए लेकिन सतर्कता के साथ। उन्होंने कुछ दिन पहले देश में कोरोना से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए हाई लेवल बैठक भी की थी। वहीं, भारत में कोरोना के 1890 नए मामले सामने आए हैं जो कि 149 दिन में सबसे ज्यादा हैं।
- सुसाइड से ठीक पहले इंस्टा पर LIVE आई थीं आकांक्षा दुबे
- जानी-मानी भोजपुरी मॉडल से एक्ट्रेस बनीं आकांक्षा दुबे का शव रविवार को वाराणसी के एक होटल में मिला, पुलिस को संदेह है कि 25 वर्षीय आकांक्षा दुबे की मौत आत्महत्या से हुई है। पुलिस ने कहा कि उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ये भी कहा कि- पहली नजर की रिपोर्ट से लगता है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। लेकिन हमें मौत के कारणों को सुनिश्चित करने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार करना होगा। अब इस बीच आकांक्षा की मौत के ठीक पहले उनका एक लाइव वीडियो सामने आया है, जो उन्होंने इंस्टा पर लाइव करते वक्त बनाया था। ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

- आकांक्षा दुबे इस वीडियो में इंस्टा लाइव कर रही हैं। उनके फॉलोअर्स और फैंस उनसे पूछ रहे हैं कि आखिर हुआ क्या है और वो बस चुपचाप देख रही हैं। बाद में वो गुमसुम होकर देखती हैं और फिर रोने लगती हैं। आकांक्षा वीडियो में काफी उदास लग रही हैं। उनके जोर-जोर से रोने से ही पता चल रहा है कि वो बहुत टूटी हुई हैं और उसके बाद ही शायद आकांक्षा ने अपनी जान ली होगी।
- मौत से पहले आकांक्षा आई थीं LIVE
- आकांक्षा दुबे जब अपने कमरे में लटकी मिली थीं, होटल स्टाफ ने पुलिस को फोन कर दिया। उन्होंने भोजपुरी सिनेमा, संगीत और फिल्मों में काम किया था। आकांक्षा दुबे के इंस्टाग्राम पर काफी फॉलोअर्स हैं और उनके वीडियो काफी पॉपुलर हुए थे। आकांक्षा के होटल में मृत पाए जाने के कुछ ही घंटे पहले उन्होंने अपना एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह भोजपुरी गाने हिलोरे मारे पर बेली डांस करती नजर आ रही हैं। उनके निधन की दुखद खबर उनके संगीत वीडियो ये आरा कभी हारा नहीं की रिलीज के दिन आई, जहां उन्हें पवन सिंह के साथ जोड़ा गया है। आकांक्षा भदोई की रहने वाली थी।
- आकांक्षा दुबे की फिल्में
- भोजपुरी एक्ट्रेस ने ‘मेरी जंग मेरा फैसला’ के साथ इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत की। वह ‘मुझसे शादी करोगी’ (भोजपुरी), ‘वीरों के वीर’ और ‘फाइटर किंग’ सहित कई फिल्मों में भी देखी गई थीं। आकांक्षा ने कम उम्र में अपनी एक्टिंग के साथ इंडस्ट्री में एक जगह बनाने में कामयाबी हासिल की।
- सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ना अत्यधिक चिंता का विषय, यातायात नियमों का पालन करें लोग: बिरला
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रविवार को गंभीर चिंता जताई और लोगों से बुनियादी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के कारण मरने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। बिरला ने बताया कि देश में हर साल चार लाख से अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें अनुमानित तौर पर 1.5 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु हो जाती है। उन्होंने कहा कि अगर सड़क हादसों की सालाना संख्या का आर्थिक आकलन किया जाए, तो यह जीडीपी के करीब एक फीसदी नुकसान के बराबर होगा। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बिरला ने कहा, ‘इसलिए, सड़क दुर्घटनाएं परिवार, समाज और देश के लिए नुकसानदेह हैं।’ उन्होंने यहां कांस्टीट्यूशन क्लब में एक कार रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद यह टिप्पणी की।





