2006 के उमेश पाल अपहरण कांड में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट आज फैसला सुनाएगी। अतीक अहमद साबरमती जेल से और उसका भाई अशरफ बरेली जेल से सोमवार की शाम प्रयागराज पहुंच गए। दोनों को नैनी सेंट्रल जेल की अलग-अलग हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। इधर, अडानी के मुद्दे पर संसद में हंगामा जारी है। दिल्ली विधानसभा में आज अडानी के मसले पर चर्चा होगी। कांग्रेस ने राहुल गांधी की सदस्यता जाने के विरोध में मंगलवार-बुधवार को देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस का प्लान बनाया है।
गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को आज सुबह 11 बजे प्रयागराज के MP-MLA कोर्ट में पेश किया जाएगा। साल 2006 में अतीक ने उमेश पाल को अगवा किया था। इसी मामले में प्रयागराज कोर्ट आज फैसला सुनाएगी। इसके लिए अतीक को साबरमती जेल और उसके भाई अशरफ को बरेली जेल से प्रयागराज लाया गया है।
अतीक को प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में हाई-सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। उसकी निगरानी के लिए यहां 16 नए CCTV लगाए गए हैं। इन्ही कैमरों की निगरानी में 16 CCTV गैंगस्टर ने रात काटी। अतीक का बेटा अली अहमद भी इसी जेल में बंद है। अपरहण केस में अतीक पर जो धाराएं लगी हैं, उनमें से एक 364A भी है। इसमें 10 साल कैद से लेकर फांसी की सजा का भी प्रावधान भी है।
उधर, राहुल गांधी को 22 अप्रैल तक 12 तुगलक रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करना होगा। लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने उनकी संसद सदस्यता जाने के बाद बंगला खाली करने का नोटिस दिया है। राहुल इस बंगले में 2005 से रह रहे हैं। मानहानि केस में 23 मार्च को सूरत कोर्ट ने राहुल को 2 साल की सजा सुनाई थी। इसके एक दिन बाद ही उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी।
एक सीनियर अफसर ने बताया कि एक सांसद को अपनी सदस्यता खोने के एक महीने के भीतर आधिकारिक बंगला खाली करना होता है। राहुल हाउसिंग कमेटी से एक्सटेंशन की भी मांग कर सकते हैं। हाउसिंग कमेटी में अलग-अलग पार्टियों के 11 मेंबर हैं। इसके अध्यक्ष भाजपा सांसद सी आर पाटिल हैं।
1. अपहरण केस में अतीक की पेशी, उमेश पाल हत्याकांड में पूछताछ के लिए अदालत में अर्जी
पिछले महीने उमेश पाल का मर्डर हुआ था, जिसका आरोप भी अपहरण के आरोपी अतीक अहमद और उसके भाई पर है। प्रयागराज पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड मामले में CJM कोर्ट में माफिया अतीक से पूछताछ करने के लिए अर्जी दाखिल की है। अतीक को नैनी जेल लाने से पहले उसके बेटे अली अहमद की बैरक बदल दी गई। पहले हाई सिक्योरिटी सेल में रखा गया था, अब उसे वहां से अंदर सर्किल नंबर एक के LS सेल में शिफ्ट कर दिया गया है। अतीक और अशरफ की भी बैरक अलग-अलग है।
जेल प्रशासन की कोशिश है कि कोई भी किसी से मिल नहीं सके। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन की फोटो पहली बार सामने आई है। इसमें शाइस्ता पहली बार बिना बुर्के में दिखी है। उस पर उमेश पाल और उनके दो सिक्योरिटी गार्ड की हत्या की साजिश रचने और शूटर्स को बतौर पेशगी एक-एक लाख रुपए देने का आरोप है। फरार शाइस्ता को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
2. राहुल को सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस, विपक्ष का सदन में काले कपड़ों में प्रदर्शन
कांग्रेस नेता राहुल को 22 अप्रैल तक 12 तुगलक रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करना होगा। लोकसभा की हाउसिंग कमेटी के मेंबर और कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर का आरोप है कि मोदी-अडाणी के खिलाफ बोलने की वजह से घर खाली करने को कहा गया है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि सरकारी बंगला किसी की निजी संपत्ति नहीं है।
इससे पहले राहुल की सदस्यता रद्द किए जाने और अडाणी मुद्दे पर 17 विपक्षी दलों ने ब्लैक प्रोटेस्ट किया। सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्षी नेता काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे। लोकसभा में विपक्ष ने भारी हंगामा किया। एक सांसद तो लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के आसन तक पहुंच गया और काला कपड़ा लहराने लगा। यह देख स्पीकर सभा को स्थगित कर चले गए।
3. उद्धव की राहुल को चेतावनी- गठबंधन तोड़ लूंगा, कहा- सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं

उद्धव ठाकरे ने राहुल गांधी के वीर सावरकर पर दिए बयान का विरोध जताया। ठाकरे ने कहा कि वे सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। राहुल ने उन पर बयानबाजी बंद नहीं की तो वे महा विकास अघाड़ी (MVA) से गठबंधन तोड़ लेंगे। शिवेसना का उद्धव गुट संसद में विपक्ष की बैठक में भी शामिल नहीं हुआ। राहुल ने बीते दिनों कहा था- मेरा नाम सावरकर नहीं, गांधी है… मैं माफी नहीं मांगूंगा।
उद्धव ने कहा- अगर राहुल गांधी सावरकर की निंदा करना नहीं छोड़ते हैं तो गठबंधन में दरार आएगी। राहुल का बयान गलत है। वे गांधी जरूर हैं, लेकिन उन्हें सावरकर का नाम घसीटने की जरूरत नहीं है। सावरकर हमारी प्रेरणा हैं। महाराष्ट्र में चल रही हमारी लड़ाई के पीछे छत्रपति शिवाजी महाराज और वीर सावरकर ही प्रेरणा हैं। मैं इस मुद्दे पर खुद राहुल से दिल्ली में आमने-सामने बैठकर बात करूंगा।’
4. कर्नाटक में येदियुरप्पा के घर पत्थरबाजी, SC रिजर्वेशन में बंटवारे का विरोध हिंसक हुआ
कर्नाटक में आरक्षण के मुद्दे पर बंजारा और भोवी समुदाय ने पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा के घर और दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उनके घर पर प्रदर्शनकारियों ने पत्थर फेंके। जिन्हें काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और पानी की बौछार करनी पड़ी। राज्य सरकार ने 24 मार्च को शेड्यूल कास्ट (SC) को मिलने वाले आरक्षण को 4 हिस्सों में बांट दिया।
अब शेड्यूल कास्ट (लेफ्ट) को 6%, शेड्यूल कास्ट (राइट) को 5.5%, शेड्यूल कास्ट (टचेबल) को 4.5% और शेड्यूल कास्ट (अन्य) को 1% आरक्षण मिलेगा। इसी बंटवारे का विरोध रहा है। इधर, येदियुरप्पा ने कहा, ‘बंजारा समुदाय के नेताओं को गलतफहमी हुई है। मैं एक-दो दिन में उनसे बात करूंगा और उन्हें CM के पास भी लेकर जाऊंगा, जिससे उनकी शिकायतों का हल निकाला जा सके।’
5. विरोध-प्रदर्शन के आगे झुके इजराइल के PM नेतन्याहू, ज्यूडिशियल रिफॉर्म बिल को टाला

तस्वीर इजराइल में ज्यूडिशियल रिफॉर्म्स के खिलाफ आंदोलन पर उतरे लोगों की है।
इजराइल में PM बेंजामिन नेतन्याहू के ज्यूडिशियल रिफॉर्म बिल के विरोध में पूरा इजराइल सड़कों पर उतरा। टीचर्स और डॉक्टर्स भी अपना काम छोड़कर प्रदर्शनों में शामिल हुए। इजराइल के तेल अवीव एयरपोर्ट पर काम करने वाले सभी लोग नेतन्याहू की सरकार के खिलाफ हड़ताल पर चले गए। इसके चलते फ्लाइट्स के टेक ऑफ करने पर रोक लगा दी गई।
देश भर में बिल के भारी विरोध के बाद PM नेतन्याहू को ज्यूडिशियल रिफॉर्म बिल को टालने का ऐलान करना पड़ा। अगर जूडिशियल रिफॉर्म बिल पास हो जाता है तो संसद में जिसके पास भी बहुमत होगा, वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलट सकेगा। लोगों का मानना है कि इससे देश का लोकतंत्र और सुप्रीम कोर्ट कमजोर होगा। नए बिल से निवार्चित सरकारें जजों की नियुक्ति में दखल दे सकती हैं।
- बैड न्यूज: अप्रैल से जरूरी दवाओं के बढ़ेंगे दाम
- पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता को अब दवा भी महंगी पड़ेगी। अप्रैल से पेनकिलर्स, ऐंटी-इन्फेक्टिव्स, ऐंटीबायोटिक्स और दिल की दवाएं महंगी होने जा रही हैं। सरकार ने ड्रग कंपनियों को कीमतें बढ़ाने की अनुमति दे दी है। कीमतें होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) में बदलाव के आधार पर बढ़ेंगी। 2022 का WPI 12.2 प्रतिशत तय हुआ है। इस फैसले के बाद करीब 900 दवाओं की कीमत में 12% से ज्यादा का इजाफा हो जाएगा।
- प्रयागराज के एमपी-एमएलए कोर्ट में आज उमेश पाल अपहरण मामले को छोड़कर किसी अन्य मामले में सुनवाई नहीं होगी। कोर्ट के पीठासीन अधिकारी द्वारा जिला अधिवक्ता संघ के मंत्री को पत्र लिखा गया। 28 मार्च को ही फैसला सुनाने का अनुरोध भी किया गया है।जिला बार एसोसिएशन, प्रयागराज
- कानून के शासन और न्यायिक स्वतंत्रता के लिए सम्मान किसी भी लोकतंत्र की आधारशिला है। हम भारतीय अदालत में राहुल गांधी के मामले को देख रहे हैं और हम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सहित लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता पर भारत सरकार के साथ संलग्न हैं।वेदांत पटेल, अमेरिकी प्रधान उप प्रवक्ता
- दिल्ली: बदरपुर की इमारत में आग लगी, ढह गई
- बदरपुर के मोलरबंद इलाके में एक 2 मंजिला इमारत में आग लग गई। आग लगने के कुछ देर बाद ही इमारत पूरी तरह से ढह गई। इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक गोदाम था, जिसमें आग फैल रही है। आग बुझाने का काम जारी है। हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
- उमेश पाल अपहरण कांड: 43 साल बाद आज आएगा फैसला
- 43 साल के आपराधिक इतिहास में पहली बार अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ पर सजा का साया मंडरा रहा है। वर्ष 2006 में हुए उमेश पाल अपहरण कांड के सिलसिले में मंगलवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में फैसला सुनाया जाना है। दोनों भाइयों व अन्य आरोपियों को मंगलवार सुबह 11 बजे अदालत में पेश किया जाएगा। दोनों आईपीसी की धारा-364 ए के तहत आरोपित हैं। कोर्ट यदि इन्हें दोषी करार देता है तो उम्रकैद से लेकर मृत्युदंड तक की सजा हो सकती है। उधर, उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की हत्या के मामले में प्रयागराज पुलिस अतीक को कस्टडी रिमांड पर लेने की भी तैयारी में है। अशरफ के खिलाफ पुलिस को पहले ही वारंट बी मिल चुका है।
- 01:28 AM,Mar 28 2023आज और कल बदले रूट से चलेंगी सप्तक्रांति व अवध एक्सप्रेससमस्तीपुर मंडल के जीवधारा-पीपरा-चकिया स्टेशनों के बीच दोहरीकरण से सप्तक्रांति और अवध एक्सप्रेस 28 और 29 मार्च को बदले हुए रूट से चलेंगी। मंगलवार और बुधवार मुजफ्फरपुर से चलने वाली 12557 सप्तक्रान्ति एक्सप्रेस और बरौनी से चलने वाली 19038 बरौनी-बान्द्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-रक्सौल-सगौली के रास्ते चलायी जाएगी। वहीं पूर्वोत्तर रेलवे के गोंडा-बस्ती रेल खंड पर परसा तिवारी स्टेशन पर इंजिनियरिंग कार्य के लिए ब्लॉक दिया जाएगा। इससे तीन अप्रैल को 15078 गोमतीनगर-कामाख्या एक्सप्रेस एक घंटे देरी से चलेगी। 15024 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस 29 मार्च और 5 अप्रैल को 30 मिनट रोककर चलाई जाएगी।
- 01:28 AM,Mar 28 2023फैजल की अर्जी पर आज SC में सुनवाईसुप्रीम कोर्ट राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता मोहम्मद फैजल की लोकसभा सचिवालय के खिलाफ याचिका पर मंगलवार को सुनवाई करने के लिए सहमत हो गया है। हत्या के प्रयास के एक मामले में 11 जनवरी को सुनवाई अदालत द्वारा उन्हें दोषी ठहराते हुए 10 साल की सजा सुनाई गई थी। उसके बाद उन्हें सांसद के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। केरल हाई कोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगा दी थी। लेकिन लोकसभा सचिवालय ने सांसद के रूप में अयोग्य घोषित करने वाली अधिसूचना को वापस नहीं लिया है। NCP नेता ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
- जब तक जिंदा हूं, मुफ्त बिजली योजना को बंद करने की साजिश को सफल नहीं होने दूंगा: केजरीवाल
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार की मुफ्त बिजली योजना को रोकने के लिए साजिश रची जा रही है लेकिन वह इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। विधानसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की जनता को चौबीस घंटे मुफ्त बिजली भाजपा को असहज करती है।उन्होंने कहा, “साजिश रची जा रही है। वे किसी भी कीमत पर बिजली सब्सिडी बंद करना चाहते हैं, लेकिन जब तक मैं जिंदा हूं, ऐसा नहीं होने दूंगा।’ केजरीवाल ने यह भी कहा कि बिजली डिस्कॉम को दी जा रही सब्सिडी का ऑडिट किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘जब हमने 2013 में दिल्ली में सरकार बनाई थी तब हमने डिस्कॉम के ऑडिट का आदेश दिया था।’ इससे पहले दिन में, दिल्ली की ऊर्जा मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल ने डिस्कॉम को दी जा रही सब्सिडी के ऑडिट का आदेश दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या कोई विसंगतियां हैं।





