भोपाल
मध्यप्रदेश में गर्मी के मौसम में भी मानसून जैसी बारिश हो रही है। करीब करीब पूरे प्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल शुक्रवार दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। शहर के प्रियंका नगर समेत कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे है। भोपाल से सटा सीहोर भी तरबतर हो गया। यहां ओले गिरने से बर्फ की चादर सी बिछ गई। इसके अलावा उज्जैन भी भीगा। वहीं इंदौर में बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। उज्जैन, धार और हरदा में बिजली गिरने से 3 की मौत हो गई।
दमोह, नौगांव, रीवा, खंडवा, धार, इंदौर, गुना, सागर, ग्वालियर, उज्जैन और मंडला में भी बारिश हुई है। मौसम बदलने के साथ ही कई शहरों में दिन के तापमान में भी गिरावट हुई है। हरदा जिले की सिराली तहसील के पहटकला में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक का नाम सुनील पिता सुभाष कहार (32) है। मौसम विभाग की माने तो अगले 2 दिन और ऐसा ही मौसम रहेगा। तेज आंधी के साथ बारिश होगी और ओले भी गिरेंगे।
भोपाल में सड़कों पर भरा पानी
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को ओलों के साथ तेज बारिश हुई। इस कारण सड़कों पर भी पानी भर गया। दोपहर 2 बजे बाद से बारिश का दौर शुरू हुआ, जो शाम तक जारी रहा। बैरसिया इलाके में भी ओले गिरे हैं। यहां आधा इंच से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। वहीं, भोपाल सिटी एरिया में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सीहोर में ओलों के साथ बारिश हुई।

भोपाल में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।
नौगांव में 6.9 डिग्री लुढ़का दिन का पारा
बारिश के बाद दिन के तापमान में खासी गिरावट देखने को मिली है। नौगांव में तो 6.9 डिग्री तक पारा लुढ़क गया। शुक्रवार को यहां तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में नौगांव में सबसे कम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उमरिया में 3.3 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। रायसेन में 3, उज्जैन में 2.5 डिग्री पारा लुढ़का।
भोपाल में 20 किमी की रफ्तार से चली ठंडी हवाएं
भोपाल, इंदौर, जबलपुर, बैतूल, धार, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, पचमढ़ी, रतलाम, छिंदवाड़ा, दमोह, खजुराहो, नरसिंहपुर, रीवा, सागर, सिवनी में भी तापमान में गिरावट रही। इधर, शाम होते ही ठंडी हवाएं चल रही है। भोपाल में 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चल रही है। इससे माहौल में ठंडक घुल गई है। शुक्रवार को दिन का तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बैतूल के भैंसदेही में सबसे ज्यादा दो इंच बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश के आंकड़ों की बात करें तो बैतूल जिले के भैंसदेरी में दो इंच से ज्यादा पानी बरस गया। बैतूल के ही मुलताई में 14.2 मिमी, घोड़ाडोंगरी में 10 मिमी, आठनेर में 7.2 मिमी, आमला में 3 मिमी, शाहपुर में 3 मिमी और सिटी में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बड़वानी के निवाली में 15.2, वरला में 5.3, सेंधवा में 2 और पाटी में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। विदिशा के पठारी में 11 मिमी और लटेरी में 3 मिमी, खंडवा में 6.5 मिमी और पुनासा में 3 मिमी बारिश हुई।
सीएम शिवराज को थामना पड़ा छाता
नर्मदापुरम में पूर्व मंत्री मधुकर राव की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बारिश से बचने के लिए छाते का सहारा लेना पड़ा। अन्य लोग कुर्सियों को सिर पर लगाकर पानी से बचने का प्रयास करते रहे। वहीं पूर्व मंत्री सरताज सिंह बारिश में ही बैठे रहे।

सीएम शिवराज नर्मदापुरम में पूर्व मंत्री मधुकर राव की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे थे। इस दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। सीएम को छाता थामना पड़ा।
सीहोर जिले में आंधी के साथ बारिश, ओले गिरे
सीहोर जिले के आष्टा में शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद आंधी के साथ बारिश हुई। मेहतवाड़ा क्षेत्र में तेज हवा के साथ 15 मिनट तक ओले गिरे। सिविल अस्पताल आष्टा के पीछे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। गायत्री मंदिर के सामने एक पेड़ गिर गया।

सीहोर में ओले गिरने से बर्फ की चादर सी बिछ गई।
आलीराजपुर में आंधी के साथ बारिश, कई जगह गिरे पेड़
आलीराजपुर जिले के कई गांवों में शुक्रवार दोपहर में गरज-चमक के साथ तेज आंधी चली। तेज बारिश के चलते कई जगहों पर बिजली सप्लाई ठप हो गई। नानपुर और जोबट क्षेत्र में एक घंटा पानी गिरा। कई स्थानों पर पेड़ गिरे।

आलीराजपुर जिले के कई गांवों में शुक्रवार दोपहर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई।
बैतूल: यहां आधा घंटे से ज्यादा देर बारिश
बैतूल में शाम होते ही यहां आसमान पर बादल घिर आए। बूंदाबांदी के बाद यहां आधा घंटे से ज्यादा समय तेज बारिश हुई है। तीन दिन से यही सिलसिला चल रहा है। गुरुवार को भी यहां कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई थी।
तेज बारिश और ओले गिरने से बुरहानपुर के कई गांवों में केले की फसल को नुकसान पहुंचा।
बुरहानपुर में तेज बारिश, केले की फसल को नुकसान

बुरहानपुर में दोपहर 3.30 बजे के बाद जिलेभर में मौसम का मिजाज बदला। बंभाड़ा क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई और ओले भी गिरे। शाहपुर क्षेत्र में बारिश हुई है। डोईफोड़िया सहित इससे सटे गांवों में तेज हवा, आंधी के कारण केला फसल को काफी नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है। सर्वे के बाद स्थिति का पता चलेगा। जैनाबाद में कुछ घरों के टीन उड़े तो वहीं सारोला, अंबाड़ा, गोराड़िया आदि गांवों में पेड़ गिरे, हालांकि इससे कोई नुकसानी नहीं हुई है।

बुरहानपुर में बारिश के चलते खेतों में रखी 300 क्विंटल हल्दी भीग गई। केले की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
ग्वालियर में हल्की बूंदाबांदी
ग्वालियर शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए थे और शाम 6 बजे के लगभग शहर में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई है। यह बारिश मुरार, लश्कर व ग्वालियर सर्कल में हुई है। उससे पहले आंधी चली है। सुबह से बादल के कारण लोगों को गर्मी से राहत रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

ग्वालियर में शुक्रवार शाम 6 बजे के बाद हल्का बूंदाबांदी शुरू हो गई।
नया सिस्टम एक्टिव, हो रही बारिश
मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र मेश्राम ने बताया कि अभी नया सिस्टम बना है। वहीं, ट्रफ लाइन गुजर रही है। पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव है। इस कारण प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उन्होंने बताया कि अमूमन ओले गिरने की चेतावनी गर्मी में जारी नहीं की जाती, लेकिन इस बार मौसम बदला हुआ है, इसलिए चेतावनी जारी की गई है।

रायसेन में बारिश के साथ ओले गिरे।
दतिया में रात का पारा 25 डिग्री, बाकी जिलों में इससे कम
मध्यप्रदेश में दतिया ही एक ऐसा जिला हैं, जहां गुरुवार रात का पारा 25 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। नौगांव में यह 24 डिग्री रहा। बाकी जिलों में न्यूनतम पारा 24 से कम रहा। पचमढ़ी में तापमा सबसे कम 14.2 रिकॉर्ड हुआ, मलाजखंड में 16.7 डिग्री रहा। इंदौर में 18.9, बैतूल में 19.2, छिंदवाड़ा में 19.4, भोपाल में 19.5, मंडला में 19.6 डिग्री दर्ज हुआ।
भोपाल में मई की शुरुआत भी बारिश से
भोपाल में मई की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी। इस दौरान तेज और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो 30 अप्रैल को तेज बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दोपहर बाद भोपाल का मौसम बदलेगा। इससे पहले गर्मी का असर रहेगा।





