जबलपुर
भाजपा के लोग बजरंग दल की तुलना बजरंगबली से कर रहे हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ता पाकिस्तान के इंटेलिजेंस एजेंसी की जासूसी करते पकड़े जा चुके हैं। ऐसे दलों की तुलना प्रधानमंत्री बजरंगबली से करते हैं। बीजेपी को और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शर्म आनी चाहिए और सनातन धर्म, हिंदू धर्म से माफी मांगी चाहिए। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का।
दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज दोपहर सिहोरा पहुंचे थे। जहां उन्होंने सिहोरा विधानसभा के निजी होटल में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया। बैठक के दौरान सिहोरा विधानसभा के मंडल के पदाधिकारी सहित बूथ के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा भी की।

कांग्रेस का बदला गणित
एमपी में चुनाव को लेकर उन्होंने कहा मैंने आकलन किया था कि 125 से 130 सीटें कांग्रेस जीतेगी। लेकिन कर्नाटक चुनाव के बाद परिस्थितियां बदली है और कांग्रेस पार्टी 140 से अधिक सीटें जीत रहीं हैं। द केरला फिल्म स्टोरी को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा द केरला स्टोरी झूठ का पुलिंदा है। फिल्म में 32 हजार बच्चियों के साथ यह घटना होना बताया गया है। लेकिन हकीकत में सिर्फ तीन महिला स्वयं अफगानिस्तान गई हैं। जिन्होंने खुद बताया हैं। द केरला स्टोरी फिल्में बनाकर नफरत फैलाने का काम किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने कहा सरकार बनने पर ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। अतिथि शिक्षको, विद्वानों और संविदा कर्मचारियों के लिए नीति बनाई जाएगी।

सिहोरा को जिला बनाने कार्यकर्ताओं ने की मांग
कार्यकर्ताओं की बैठक में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के सिहोरा गोसलपुर और कुंडम के कार्यकर्ताओं ने प्रमुखता के साथ सिहोरा को जिला बनाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में सिहोरा को जिला बनाने की सलाह दी। गौरतलब है करीब दो वर्षो से प्रत्येक रविवार सिहोरा को जिला बनाने को लेकर लगातार आंदोलन किया जा रहा है। क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने कार्यकाल में सिहोरा को जिला बनाए जाने की प्रक्रिया पूर्ण की थी। लेकिन चुनाव आयोग से इसकी अनुमति नहीं मिली थी। हालांकि उन्होंने कहा आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनती है तो हम अपना कमिटमेंट पूरा करेंगे और सिहोरा को जिला बनाएंगे।





