थाईलैंड के किंग रामा X दुनिया के अमीर राजाओं में से एक हैं। असली नाम है किंग महा वजिरालोंगकोर्न। किंग रामा की संपत्ति करीब 3.2 लाख करोड़ रुपए है। उनके पास 38 जेट और हेलिकॉप्टर, सैकड़ों लग्जरी कारें हैं।
16 हजार एकड़ के मालिक, 40 हजार किराएदार
थाईलैंड के राजा 16,210 एकड़ जमीन के मालिक हैं। इन जमीनों के पूरे देश भर में 40,000 से अधिक रेंटल एग्रीमेंट हैं। यानी राजा की जमीन और प्रॉपर्टी को 40,000 से ज्यादा लोगों या कंपनियों ने किराए पर ले रखा है। राजा के सबसे ज्यादा जमीन ( करीब 3,281 एकड़) बैंकॉक में है। यहां उनके 17 हजार किराएदार हैं।
यहां की ज्यादातर जमीनें बड़े रियल एस्टेट और बिजनेस टाइकून के पास हैं।
इस जमीन पर बैंकॉक के कई सरकारी बिल्डिंग, शॉपिंग मॉल और पांच सितारा होटल हैं। राजा की अपनी एक हवेली भी है, जिसकी कीमत करीब 98 करोड़ रुपए है।

शाही परिवार के लिए थाईलैंड की सरकार ने सालाना बजट में अलग से बढ़ोतरी की है। अब शाही परिवार को खर्च के लिए 8215 करोड़ रुपए दिया गया है।
1782 में बना शाही महल, जिसमें कोर्ट भी है और म्यूजियम भी
थाईलैंड के राजा का शाही महल 1782 में बना था। इसे ग्रैंड पैलेस कहा जाता है। 23,51,000 स्क्वायर फीट में फैले इस महल में कई सरकारी ऑफिस और म्यूजियम हैं। दरअसल किंग रामा X शाही महल में नहीं रहते हैं। इसलिए इसका इस्तेमाल पर्यटन के लिए किया जाता है। इस महल के चारों तरफ 1900 मीटर लंबी दीवार है।

महल के इस हिस्से को चक्री महाप्रसाद (ग्रैंड पैलेस हॉल) कहते हैं। इस पैलेस में थाई और यूरोपीय प्रभाव का आर्किटेक्ट देखा जा सकता है।
महल कई हिस्सों में बंटा है। इसमें एमराल्ड बुद्ध का मंदिर, कोर्ट, ओपन लॉन और कई सरकारी बिल्डिंग मौजूद हैं।
राजा के पास दुनिया का सबसे महंगा हीरा, कीमत 1 अरब रुपए
थाई संस्कृति में गहने रखने की परंपरा रही है। यहां के राजा के पास दुनिया का इकलौता हीरा है। इसे गोल्डन जुबली डायमंड कहा जाता है। दावा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा हीरा है, जो 546 कैरेट का है।

109.13 ग्राम के इस गोल्डन जुबली हीरे को 1985 में दक्षिण अफ्रीका के ट्रांसवाल में डी बीयर्स प्रीमियर डायमंड माइन से निकाला गया था।
भूरे रंग के इस हीरे की कीमत 98 करोड़ बताई जाती है। फिलहाल इसे रॉयल थाई पैलेस में रखा गया है। इसके साथ ही राजा का राजमुकुट 7.3 किलो का है। जिसे 2019 में उन्होंने राज्याभिषेक के दौरान पहना था।
21 हेलिकॉप्टर सहित 38 जेट विमान, रख-रखाव में 524 करोड़ का सालाना खर्च
थाईलैंड के राजा के पास 21 हेलिकॉप्टर सहित 38 जेट विमान हैं। इसमें चार बोइंग विमान, तीन एयरबस, तीन सुखोई सुपरजेट शामिल हैं। फाइनेंशियल टाइम्स के अनुसार इन विमानों के तेल और रखरखाव में कुल खर्च 524 करोड़ रुपए है।
बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार राज परिवार के पास एस्कॉर्ट में यूज होने वाली लग्जरी कारों का एक काफिला है, जिसमें 300 से अधिक लग्जरी कारें हैं।
सोने की नाव और रॉयल बोट
शाही नाव (रॉयल बोट) राजपरिवार की सबसे पुरानी निशानी है। वर्तमान राजा के पिता जब सिंहासन पर बैठे, तो इसी नाव पर सवार होकर राज्याभिषेक के लिए दो मील की यात्रा पूरी की। इन नावों को सुफानाहॉन्ग कहा जाता है।

राजा अपनी दो बेटियों के साथ शाही बोट पर। यह तस्वीर तब की है जब वे राज्याभिषेक के लिए जा रहे थे।
रॉयल बोट के साथ 52 नावों का बेड़ा चलता है। इन सभी नावों पर सोने की नक्काशी की गई है। इनमें से कुछ पर हंस तो कुछ पर बाघ के खाल के रंग की पेंटिंग भी बनी है। इस पर सवार होकर राज्याभिषेक के लिए जाना, राज परिवार की परंपरा है।

राज्याभिषेक से पहले राजा ने दो मील की यात्रा नाव से की थी।
पार्टी और शादी के शौकीन, कुत्ते के बर्थडे पर करोड़ों खर्च
किंग रामा X को पालतू जानवरों के साथ समय बिताना पसंद है। उन्होंने अपने पसंदीदा कुत्ते फूफू को एयर चीफ मार्शल का पद दिया था। 2007 में उसके जन्मदिन पर शाही समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें1.5 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च हुआ था। 2015 में फूफू की मृत्यु के बाद बौद्ध रीति रिवाजों से उसका अंतिम संस्कार किया गया। साथ ही अंतिम संस्कार की तस्वीरें या वीडियो सार्वजनिक करने पर गंभीर सजा का भी प्रावधान किया गया।
जर्मन वेबसाइट बिल्ड की रिपोर्ट के अनुसार बीते साल जब किंग रामा X यूरोपीय दौरे पर निकले, तो उनके साथ प्राइवेट जेट में 250 स्टाफ थे। साथ ही किंग के साथ पूडल नस्ल के 30 कुत्ते भी थे

अपनी पत्नी और पसंदीदा कुत्ते के साथ किंग रामा X
अब तक किंग रामा X ने चार शादियां की है। उनकी पहली शादी 1977 में चचेरी बहन राजकुमारी सोमसावली कितियाकारा से हुई। 16 साल बाद किंग ने थाई फिल्मों की एक्ट्रेस सुजारिन विवाचरावोंसे से शादी की, लेकिन दो साल में ही उनका तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने दो शादियां और की। जिसमें आखिरी शादी साल 2019 में राज्याभिषेक से कुछ दिनों पहले की थी।
वेकेशन के शौकीन हैं किंग, जर्मनी फेवरेट जगह
किंग रामा X की पढ़ाई-लिखाई जर्मनी और बैंकॉक में हुई है। जर्मनी उनकी फेवरेट जगह है। कोविड के फर्स्ट वेव के दौरान किंग ने खुद को जर्मनी के एक फाइव स्टार होटल में क्वारैंटाइन कर लिया था।

किंग रामा X जर्मनी के बवेरियन आल्प्स में होटल में कोरोना के दौरान ठहरे थे। यहां 250 से स्टाफ उनकी सेवा में लगा था।





