धार
जिला मुख्यालय स्थित एलआइजी कॉलोनी में बने दीनदयाल रसोई केंद्र पर शुक्रवार काे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्चुअल तरीके से दीनदयाल अंत्योदय योजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया गया।
सीएम ने दीनदयालपुरम कॉलोनी धार के 40 वर्षीय बाबूसिंह डावर से सीधा संवाद भी किया। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष पर्वत सिंह चौहान, कलेक्टर आलोक कुमार सिंह सहित उपस्थित में किया गया।
बाबूसिंह डावर से सीएम ने की बात
- सीएम-नमस्कार, कैसे हैं बाबूसिंह जी। बाबूसिंह- बढ़िया हूं मामाजी
- सीएम- क्या करते हैं आप बाबूसिंह- ऑटो चालक हूं मैं।
- सीएम-ऑटो कब से है आपके पास बाबूसिंह- ऑटो चलाते हुए 28 साल हो गए हैं अभी किराए का चला रहा हूं
- सीएम- एक दिन में कितना पैसा कमा लेते हो बाबूसिंह- जब से कोरोना लगा है तब से रोजाना 100-200 रुपए रोजाना बचा लेते हैं
- सीएम-घर कहां है आपका बाबूसिंह-धार की दीनदयालपुरम काॅलोनी में
- सीएम-ऑटो चलाने के बाद दोपहर में भोजन करना हो तो यहां आते हो बाबूसिंह- जी बिल्कुल आते हैं, 3 साल से खा रहा हूं
- सीएम- ऐसा तो नहीं कि पास में बैठे हैं तो कह रहे हो बढ़िया भाेजन बाबूसिंह- नहीं ऐसा नहीं है बढ़िया भोजन मिलता है
- सीएम- आज क्या बना है बाबूसिंह- दाल बाफले
बहुत जल्द धार आऊंगा ताे रसाेई में जरूर आऊंगा- सीएम
सीएम सिंह ने लायन्स क्लब की हेमा जोशी से संवाद कर पूछा कि यह दीनदयाल रसोई केंद्र कब से चल रहा है। हेमा जोशी ने कहा कि 7 अप्रैल को इस केंद्र को 4 साल पूरे हो जाएंगे। अब हर वर्ष इसकी सालगिरह बनाते हैं। लोगों को नि:शुल्क स्वादिष्ट भोजन कराते हैं। तो हम चाहते हैं कि 4 वर्ष पूर्ण होने पर आप इस केंद्र पर जरूर आएं। सीएम ने कहा कि मैं बहुत जल्द आऊंगा मेरा धार का कार्यक्रम प्रस्तावित है। रसाेई में भी जरूर आऊंगा।
5 की जगह 10 रुपए में मिलेगा भाेजन
अब दीनदयाल रसोई योजना के द्वितीय चरण में कुछ बदलाव हुए हैं। पहले रसोई में पांच रुपए में भरपेट भोजन दिया जाता था। परंतु अब इसमें पांच की जगह 10 रुपए कर दिए गए हैं। हालांकि इसके मीनू में बदलाव हुआ है। योजना को अब पोर्टल से संचालित किया जाएगा। हितग्राहियों को मोबाइल पर ओटीपी दिया जाएगा। जिस हितग्राही के पास मोबाइल नहीं होगा उसको ऑपरेटर द्वारा अपने स्वयं के मोबाइल से ओटीपी दिया जाएगा। इसमें भोजन का समय सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक का रहेगा। कलेक्टर अालाेक कुमार सिंह ने कहा शुक्रवार 26 फरवरी से द्वितीय चरण चालू किया गया है। भोजन में जो भी पीड़ित लोग आते हैं, उनको नगरपालिका और लायन्स क्लब के सौजन्य से बेहतर भोजन उपलब्ध कराएंगे।





