कांग्रेस ने कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव और अगले लोकसभा चुनाव को देखते हुए नई नियुक्तियां की हैं। कांग्रेस ने मुकुल वासनिक को गुजरात का प्रभारी बनाया है। इससे पहले शक्ति सिंह गोहिल को पार्टी ने गुजरात का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। इसके अलावा हरियाणा से आने वाले रणदीप सिंह सुजरेवाला को मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के लिए नये अध्यक्ष की घोषणा की है। पार्टी ने पूर्व विधायक अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। अभी तक यह जिम्मेदारी बृजलाल बुखारी संभाल रहे थे।
रणदीप सिंह सुरजेवाला मध्य प्रदेश के लिए पहली पसंद क्यों?
कांग्रेस ने रणदीप सिंह सुरेजवाला को मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दिया है। इसके साथ वह कर्नाटक का भी प्रभार संभाल रहे हैं। इस साल अप्रैल मई में कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की है। कर्नाटक में उनकी जीत के योगदान को देखते हुए मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। सुरजेवाला पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज रह चुके हैं। जानकारी के लिए बता दें कि कांग्रेस ने इलेक्शन स्ट्रैटेजिस्ट सुनील कोनूगोलू को पहले ही मध्य प्रदेश में तैनात कर दिया है।
हाल ही विवादित बयान से आए चर्चा में
रणदीप सिंह सुरजेवाला हाल ही में एक विवादित बयान के चलते चर्चा में रहे हैं। हरियाणा के कैथल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उसके समर्थक राक्षस हैं। उन्होंने कहा जो बीजेपी को वोट देते हैं वे भी राक्षस हैं। सुरजेवाला ने कहा कि वह हरियाणा की धरती से ऐसे लोगों को श्राप देते हैं। उनके इस बयान पर विवाद इतना बढ़ गया था कि उनको बाद में सामने आकर सफाई देनी पड़ी।

मध्य प्रदेश में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में वहां अग्रवाल को कार्यमुक्त कर सुरजेवाला को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सुरजेवाला फिलहाल कर्नाटक के प्रभारी हैं जहां कुछ महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली थी। हाल ही में सुरजेवाला को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी भी नियुक्त किया गया।
दलित समुदाय से आने वाले खाबरी को हटाकर अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। राय भूमिहार जाति से आते हैं और वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता वासनिक को गुजरात का प्रभारी बनाया है। पिछले साल के आखिर में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था जिसके बाद रघु शर्मा ने प्रभारी पद से इस्तीफा दे दिया था। वासनिक कांग्रेस के बड़े दलित चेहरों में शुमार किए जाते हैं।
मलेशिया में प्राइवेट प्लेन क्रैश, 10 की मौत, संपर्क टूटने से हाईवे पर लैंड कर रहा था, कार और बाइक से टकराया
मलेशिया में गुरुवार को एक प्राइवेट प्लेन क्रैश होने से 10 लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक हादसा लैंडिंग के दौरान एलमिना टाउनशिप के नजदीक हुआ। प्लेन में 2 क्रू मेंबर और 6 पैसेंजर सवार थे। हादसे में सड़क से गुजर रहे दो लोगों की भी मौत हो गई। ये दो लोग एक कार और बाइक सवार थे। दरअसल, हादसे से कुछ देर पहले विमान का संपर्क टूट गया। यह हाईवे पर लैंड करने लगा और एक कार और एक बाइक से टकरा गया। सिविल एविएशन अथॉरिटी के मुताबिक प्राइवेट जेट ने होलिडे आईलैंड से कुआलालम्पुर के नजदीक अब्दुल अजीज शाह एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी।
मेघालय के नोंगपोह में भूकंप का झटका, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 3.4 आंकी गई
मेघालय के नोंगपोह में गुरुवार दोपहर 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप नोंगपोह के पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में 10 किमी की गहराई पर आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप दोपहर 2.36 बजे आया।
दिल्ली विधानसभा में मणिपुर मुद्दे पर हंगामा, मार्शल ने भाजपा के चार विधायकों को बाहर निकाला
दिल्ली विधानसभा में गुरुवार को मणिपुर मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। इस बीच मार्शल ने चार भाजपा विधायकों को सदन से बाहर कर दिया। अभय वर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, जितेंद्र महाजन और विजेंद्र गुप्ता को बाहर किया गया है।
दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र एक दिन के लिए बढ़ाया गया
दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। पहले ये सत्र दो दिन- 16 और 17 अगस्त को ही होना था। गुरुवार यानी 17 अगस्त को तय किया गया कि ये सत्र 18 अगस्त को भी चलेगा। इसके पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है।
महाराष्ट्र के नागपुर में इंडिगो फ्लाइट के बोर्डिंग गेट पर गिरा पायलट, अस्पताल में हुई मौत
महाराष्ट्र के नागपुर में इंडिगो का एक पायलट गुरुवार को फ्लाइट के गेट पर बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में एयरलाइंस की तरफ से अभी कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है। डॉक्टर की मौत किस कारण से हुई है इसकी भी अभी जानकारी नहीं है।
नेहरू मेमोरियल का नाम बदलने पर राहुल गांधी बोले- उनकी पहचान उनके कर्म हैं, नाम नहीं

नेहरू मेमोरियल म्यूजियम का नाम बदलकर प्रधानमंत्री म्यूजियम करने पर गुरुवार को राहुल गांधी ने दिल्ली एयरपोर्ट पर कहा, ‘उनकी पहचान उनके कर्म हैं, नाम नहीं।’ राहुल लेह-लद्दाख के दो दिन के दौरे पर हैं। यहां वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…
कर्नाटक में लोकायुक्त की 48 जगहों पर छापेमारी, इंजीनियर समेत कई अफसरों पर कार्रवाई
कर्नाटक में लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के केस में 48 जगहों पर छापेमारी कर रही है। इन जगहों में बीदर, रायचूर, धारवाड़, दावणगेरे, कोडागु, और चित्रदुर्ग शामिल हैं। जिन लोगों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें दावणगेरे में बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) के एक पूर्व इंजीनियर, बीदर में एक कॉन्स्टेबल और कोडागु में एक सब डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर शामिल है।
DRDO के पूर्व डायरेक्टर जनरल वी एस अरुणाचलम का बुधवार को अमेरिका में निधन; PM मोदी ने शोक व्यक्ति किया
DRDO के पूर्व डायरेक्टर जनरल वी एस अरुणाचलम का बुधवार को अमेरिका के कैलिफॉर्निया में निधन हो गया। वे 87 साल के थे। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार सुबह उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। PM ने कहा कि उनके जाने से साइंटिफिक कम्युनिटी की बड़ी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकेगी।
ओडिशा में जगन्नाथ पुरी मंदिर के दर्शन करने पहुंचीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार सुबह ओडिशा के पुरी में जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करने पहुंचीं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा मौजूद रहे।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में 3.6 तीव्रता का भूकंप, नुकसान की खबर नहीं
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में गुरुवार सुबह 3:49 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन से 10 किमी नीचे था। इसमें किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
जम्मू-कश्मीर में तीर्थयात्रियों से भरी मिनी-बस पलटी; 13 लोग घायल, 1 की हालत गंभीर

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में तीर्थयात्रियों से भरी मिनी-बस पलट गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए वहीं 1 की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर मोदी ग्राउंड के पास हुआ। ये सभी यात्री मचैल माता के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। घायलों को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।
डिफेंस की स्टैंडिंग कमेटी में नॉमिनेट किए गए राहुल गांधी

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को डिफेंस की स्टैंडिंग कमेटी में नॉमिनेट किया। कांग्रेस सांसद अमर सिंह को भी डिफेंस की कमेटी के लिए नॉमिनेट किया गया है।
AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू को एग्रीकल्चर, एनिमल हसबैंडरी एंड फूड प्रोसेसिंग की कमेटी के लिए नॉमिनेट किया गया है। NCP सांसद फैजल पीपी मोहम्मद को कंज्यूमर अफेयर्स, फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन की कमेटी के लिए नॉमिनेट किया गया।





