अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

*महाभारत : आज भी दुष्कर्म के लिए पुरुष दोषी*

Share

        ~ कुमार चैतन्य

महाकाव्य महाभारत के शांतिपर्व के अंतर्गत मोक्षधर्म पर्व के अध्ययन से यही लगता है कि स्त्रीजाति के प्रति अन्याय सदा से होता रहा है।

     शारीरिक तौर पर अपेक्षया कमजोर स्त्री के साथ बलपूर्वक अथवा धोखे से दुष्कर्म करे तो भी उसकी सजा स्त्री को ही दी जाती है। क्या उसके साथ हो रहे अन्याय का विरोध सदा से ही असामान्य बात रही है?

     महाभारत के उक्त स्थल पर एक कथा का जिक्र है जिसमें स्पष्ट कहा गया है पुरुष द्वारा संपन्न दुष्कर्म के लिए दोष स्त्री को देना अनुचित है।

 आख्यान इस प्रकार है :

      एक बार ऋषि गौतम को यह पता चला कि उनकी धर्मपत्नी के साथ दुष्कर्म हुआ है। इस घटना के लिए अपनी पत्नी को दोषी मानते हुए उन्होंने अपने पुत्रों में से चिरकारी नाम के एक पुत्र को आदेश दिया कि वह अपनी ‘व्यभिचारिणी’ माता को मार डाले।

     आदेश देकर वे स्वयं वन को चले गये। कथा में यह बताया गया है कि चिरकारी का यह नाम धीमी चाल से कार्य करने के कारण पड़ा था। लोग उसको आलसी समझते थे। पर वस्तुतः वह आलसी नहीं था, बल्कि किसी कार्य को संपन्न करने से पूर्व उसके समस्त पहलुओं पर चिंतन-मनन करने में जुट जाता था और पर्याप्त सोच-विचार के पश्चात् ही वह कार्य आरंभ करता था।

      पिता के आदेश पर उसने अपने स्वभाव के अनुरूप तुरंत अमल नहीं किया। उसने पूरी घटना के बारे में जानकारी जुटाई और इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि उसकी माता को दोषी माना जाना अनुचित है। उसके साथ तो परपुरुष ने पति के वेश में आकर छल किया और उसने आगत पुरुष को पति जानकर पत्नीधर्म के अनुकूल व्यवहार करते हुए कोई विरोध नहीं किया।

       अवश्य ही पिता का आदेश मानना उसका धर्म बनता है। किंतु निर्दोष माता की हत्या करना बहुत बड़ा पाप होगा यह सोचते हुए उसने पिता का आदेश न मानने का निर्णय लिया।

इसी संदर्भ में उसके मन में नीति संबंधी ये विचार उठे :

  एवं स्त्री न अपराध्नोति नर एव अपराध्यति?

व्युचरंश्च महादोषं नर एव अपराध्यति।I(38)

   नापराधो९स्ति नारीणां नर एवापराध्यति।

सर्वकार्यापराध्यत्वान्नापराध्यन्ति चाङ्नाः।। (40)

(महाभारत, शांतिपर्व, मोक्षधर्म)

अर्थ इस प्रकार है :

    मैंने दुष्कर्म की परिस्थितियों पर विचार किया. इसलिए मानता हूं कि स्त्री अपराध नहीं करती, पुरुष ही अपराध करता है । व्यभिचार में लिप्त होकर बडो पाप करने का अपराध करता है।.

     ऐसे अवसरों पर पुरुष ही अपराधी होता है। कमजोर पड़ जाने के कारण स्त्रियां पुरुषों के समक्ष विवश हो जाती है, अतः वह नहीं, पुरुष ही अपराध को दोषी होता है।

आज के सामाजिक परिवेश में स्त्रीजाति के प्रति अपराध आये दिन होते हैं और उसकी सजा किसी न किसी रूप में स्त्री को ही मिलती है।

      समाज उसके प्रति सहानुभूति का नहीं बरन् निष्ठुरता का बर्ताव करता है। उक्त कथा यही बताती है कि प्राचीन काल में भी स्त्रियों को ही जिम्मेदार ठहराया जाता था।

     उल्लिखित कथा के उत्तरार्ध में यह भी कहा गया है ऋषि गौतम को वन से लौटते-लौटते यह पश्चाताप होने लगा कि उन्होंने अपने पुत्र को एक अनुचित आदेश दिया। घर पहुंचने पर जब उन्होंने पाया कि उनके तर्कशील चिरकारी पुत्र ने आदेश नहीं मानकर एक घोर पाप से उन्हें बचा लिया तो उन्हें महान् संतोष हुआ।

इस कथा में ऋषिपत्नी के नाम का जिक्र नहीं है। पुराणों में यह कथा मिलती है कि ऋषि गौतम की पत्नी अहिल्या थीं जिनको एक बार ऋषि का रूप धरकर इंद्र ने छला था। बाद में ऋषि ने पत्नी को निर्जीव शिला बन जाने का शाप दिया था। क्या महाभारत की कथा उसी घटना का थोड़ा भिन्न वर्णन है?

      यह कथा यथार्थ पर कितना आधारित है यह बात उतने महत्त्व की नहीं जितना कि इसमें दिया गया संदेश। भीष्म पितामह के द्वारा युधिष्ठिर को सुनाये गये नीतिवचनों में यह कथा सम्मिलित है।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें