अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

सिरमौर विधानसभा की सियासी जंग:’युवराज’ को टक्कर देगा कांग्रेस का ‘गरीब’

Share

भोपाल: मध्य प्रदेश में साल 2018 के बाद बीच के डेढ़ वर्ष छोड़ दिया जाए तो कांग्रेस पिछले 20 वर्षों से सरकार में नहीं है। अब चुनाव करीब है। पार्टी ने एक सीट को छोड़कर अपनी 229 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। अरबों रुपए के मालिक नेताओं को टिकट दिया गया है। ऐसे में एक सीट ऐसी है, जहां से आदिवासी गरीब को चुनाव मैदान में उतारा गया है। यह मामला दिलचस्प इसलिए भी है, क्योंकि गरीब की लड़ाई एक राजा परिवार के युवराज से है।

जीं हां, हम रीवा जिले की सिरमौर विधानसभा सीट की बात कर रहे हैं। यहां से वर्तमान में राजपरिवार से ताल्लुक रखने वाले दिव्यराज सिंह विधायक हैं। बीजेपी ने इस बार भी उन पर ही भरोसा जताया है। लेकिन कांग्रेस ने क्रांतिकारी निर्णय लेते हुए यहां से रामगरीब आदिवासी को टिकट दिया है। रामगरीब वर्ष 2008 में बसपा के टिकट पर लड़कर त्योंथर सीट से विधायक बने थे, लेकिन 2013 के चुनाव में वे वहां पर तीसरे नंबर पर पहुंच गए थे। इसके बाद वर्ष 2018 के चुनाव में बहुजन समाज पार्टी से टिकट से सिरमौर से मैदान में उतरे थे। तब रामगरीब वोट हासिल करने में तीसरे नंबर पर थे। अब वे कांग्रेस के टिकट से मैदान में हैं।

आपको बता दें कि वर्ष 1990 के बाद से त्योंथर में कभी भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। यह सीट कभी जनता दल, कभी बसपा तो कभी भाजपा के खाते में आती रही है। अब रामगरीब आदिवासी को मैदान में उतारकर कांग्रेस इसे राजा बनाम गरीब की रणनीति अपना रही है। रामगरीब आदिवासी कोल समाज के बड़े नेता हैं। इनका मुकाबला रीवा राजघराने की युवराज दिव्यराज सिंह से होना है। ऐसे में कमल नाथ ने राजा के सामने रंक को मैदान में उतार दिया है।

तब इस गरीब ने मंत्री को हरा दिया था

आपको बता दें कि रामगरीब ने वर्ष 2008 में तत्कालीन मंत्री स्व. रमाकांत तिवारी को त्योंथर से चुनाव हरा दिया था। इस बात से कमल नाथ इनके मुरीद हैं। इसलिए कमल नाथ ने बड़े-बड़े धन्ना सेठों की जगह एक गरीब आदिवासी पर दांव चला है। गौरतलब है कि विन्ध्य में कोल मतदाता कई विधानसभा में निर्णायक भूमिका में हैं।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें