इंदौर विजय नगर थाना क्षेत्र में भमोरी स्थित मैकेनिक के मैदान में देर रात एक गैराज में भीषण आग लग गई। अचानक लगी आग में चार बसें जलकर खाक हो गईं। आग इतनी भीषण थी कि पास के एक गैरेज को भी चपेट में ले लिया और पास खड़ी एक कार को भी आग की चपेट में आ गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि सभी बसें अलग-अलग लोगों की हैं, जो रिपेयरिंग के लिए गैरेज पर लाई गई थीं। यहां अपनी झोपड़ी में सो रहे चौकीदार ने भी बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रारंभिक जांच में आग शार्ट सर्किट से लगना बताया जा रहा है। आग में करोड़ों के नुकसानी की बात कही जा रही है। चार में से एक बस का नंबर तक नहीं मिला है।दमकल कर्मचारी संतोष दुबे ने बताया कि रात करीब ढाई बजे सूचना मिली थी कि बड़ी भमोरी इलाके के आदर्श मकैनिक नगर में बड़ी आग लगी है। दमकल की टीम दो गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची तो यहां आग एक गैराज में लगी थी, जिसने विकराल रूप धारण कर लिया था। आग को काबू करने के लिए टीम ने चारों ओर से पानी की बौछार शुरू की। करीब 50 हजार लीटर पानी डालकर आग को धीरे-धीरे काबू में किया गया। बताया जा रहा है गैराज में बसों को ठीक करने का काम किया जाता है। यहां पर चार बसें सुधरने के लिए आई थीं। रात में अचानक गैराज में आग सुलग गई। गैराज से लगकर ही चौकीदार की झोपड़ी है, जिसमें वह आराम कर रहा था। आग देख वह तत्काल झोपड़ी से बाहर निकला और आसपास के लोगों सहित मालिक को कॉल कर सूचना दी। चौकीदार की माने तो बिजली के पोल पर शॉर्ट सर्किट हुआ था। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से गैराज में आग लगी होगी। हालांकि पुलिस आगजनी की घटना की जांच कर रही है।
सुधरने के लिए खड़ी 4 बसें धू-धूकर जलीं, चौकीदार ने भागकर बचाई जान





