भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस में मची भगदड़ थमने का नाम नहीं ले रही है। हर दिन सैकड़ों की संख्या में नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
इसी कड़ी में शाजापुर के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्रसिंह बंटी, आगर नगर पालिका अध्यक्ष नीलेश पटेल, पूर्व मंडी अध्यक्ष चौधरी केदारसिंह, शाजापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह शर्मा, जिला महामंत्री विजेंद्र पाटीदार सहित दर्जनों की संख्या में पार्षद, पंच, सरपंच के साथ हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने कल प्रदेश भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा और जॉइनिंग कमेटी के प्रमुख नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया। कांग्रेस में तोडफ़ोड़ के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह सभी कांग्रेसी अब भाजपा की विचारधारा से जुड़ गए हैं।
सभी को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं वरिष्ठ नेता व न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश प्रभारी डा. नरोत्तम मिश्रा, मंत्री इंदरसिंह परमार ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। इसके पहले और 40 से अधिक अन्य कांग्रेस नेता भी भाजपा में शामिल हुए। इनमें महिला कांग्रेस की प्रदेश संगठन मंत्री रश्मि मिश्रा, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव डा. बी. भारती, कांग्रेस के रायसेन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवरलाल पटेल, पिछडा वर्ग मोर्चा के जिला महामंत्री मिट्ठू लाल धाकड़, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिभा शुक्ला सहित सरपंच, पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हैं।





