मैहरः दिवाली के त्योहार से एक दिन पहले मैहर जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई। अमरपाटन कस्बे में एक बड़ी लापरवाही के कारण भीषण हादसा हो गया। यहां के लंका मैदान में लगे पटाखा बाजार में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिसने 8 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से 2 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि 6 अन्य दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
बाजार में इस वजह से हुआ हादसा
यह पूरी घटना रविवार दोपहर करीब 1 बजे की बतायी जा रही है। आरोप है कि बाजार में स्थित ‘अग्रवाल पटाखा’ दुकान के संचालक और उनके एक ग्राहक दोस्त ने, दुकान के ठीक सामने एक ‘मिसाइल नुमा पटाखे’ को जलाकर उसकी टेस्टिंग की। इसी रॉकेट से निकली चिंगारी उड़कर पास की दुकान पर जा गिरी, जिसने तुरंत आग पकड़ ली।
6 दुकानों में फैली आग
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पटाखों के धमाकों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा है। एक के बाद एक पटाखे उछलकर दूसरी दुकानों तक फैलने लगे। इस हादसे में राम नारायण द्विवेदी और अक्षय अग्रवाल की दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग की चपेट में आने से 6 अन्य दुकानों में रखे लाखों रुपए के पटाखे भी जल गए।
सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल
घटना के बाद बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बाजार में कुल 37 अस्थायी दुकानें लगाई गई थीं, जिन्हें सीमित मात्रा में पटाखे रखने की अनुमति थी।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
सूचना मिलते ही एसडीओपी ख्याति मिश्रा और तहसीलदार आरडी साकेत, एसडीएम आरती यादव भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस घटना ने पटाखा बाजार में सुरक्षा मापदंडों की पोल खोल दी है। अधिकारियों ने तुरंत अन्य दुकान संचालकों को अपनी दुकानों पर पर्याप्त पानी, बालू और अग्निशामक यंत्र रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।





