टोक्यो
टोक्यो ओलिंपिक में पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल में मंगलवार को भारत का सामना वर्ल्ड चैंपियन बेल्जियम से होगा। अगर भारतीय टीम यह मैच जीतती है तो हॉकी में ओलिंपिक मेडल का 41 साल का सूखा समाप्त हो जाएगा। हालांकि, भारत के लिए ऐसा करना कतई आसान नहीं होगा, क्योंकि बेल्जियम की टीम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन है।
पिछले दो ओलिंपिक में बेल्जियम से हारी है टीम इंडिया
भारतीय हॉकी टीम के लिए ओलिंपिक में बेल्जियम का सामना करना हाल के सालों में काफी मुश्किल भरा रहा है। बेल्जियम ने 2012 लंदन ओलिंपिक में भारत को 3-0 से और 2016 रियो ओलिंपिक में 3-1 से हराया था। लंदन में दोनों टीमें पूल स्टेज में भिड़ी थीं। वहीं रियो में दोनों का सामना क्वार्टर फाइनल में हुआ था।
रैंकिंग में ज्यादा फर्क नहीं
बेल्जियम ने भले ही पिछले दो ओलिंपिक में भारत को हराया हो, पर मौजूदा समय में दोनों टीमों की वर्ल्ड रैंकिंग में ज्यादा अंतर नहीं है। बेल्जियम की टीम 2589.478 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं 2286.043 पॉइंट के साथ भारतीय टीम तीसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया दुनिया की नंबर-1 टीम है। इस लिहाज से भारत और बेल्जियम के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
पिछली 5 में से 4 भिड़ंत टीम इंडिया के नाम
बेल्जियम के खिलाफ भारत ने पिछले 5 मुकाबलों में से 4 में जीत हासिल की है। 2019 में बेल्जियम के दौरे पर भारत ने मेजबान टीम को 3 में से 3 मैचों में हराया था। उस दौरे पर भारत ने 2-0, 3-1 और 5-1 से जीत हासिल की थी।
बेल्जियम ने किए हैं सबसे ज्यादा गोल
बेल्जियम की टीम इस ओलिंपिक में अब तक सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम है। उसने क्वार्टर फाइनल सहित कुल 29 गोल किए हैं। यानी उसके तमाम खिलाड़ी इस समय बेहतरीन गोल स्कोरिंग फॉर्म में है। लिहाजा भारत को अपने डिफेंस पर बहुत ज्यादा ध्यान देना होगा।
बेल्जियम का डिफेंस बेहद मजबूत
बेल्जियम की टीम इस समय डिफेंस के मामले में दुनिया की सबसे मजबूत टीम मानी जाती है। इसका सबूत इस ओलिंपिक में भी देखने को मिला। बेल्जियम ने अब तक सिर्फ 10 गोल खाए हैं और इस मामले में सबसे बेहतर टीम साबित हुई है। 11 गोल खाकर ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है। भारत ने अब तक 18 गोल किए हैं और 14 गोल खाए हैं। यानी गोल करने और गोल खाने दोनों के मामले में भारत का रिकॉर्ड इस ओलिंपिक में बेल्जियम की तुलना में कमजोर रहा है।
मनप्रीत की चेतावनी- अभी काम खत्म नहीं हुआ है
भारतीय टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह क्वार्टर फाइनल में जीत के बाद अपने साथी खिलाड़ियों को चेता चुके हैं। उन्होंने कहा था, ‘अभी काम खत्म नहीं हुआ है। हम इतने अधिक खुश हैं क्योंकि हमने लंबे समय बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई है, लेकिन अब भी काम खत्म नहीं हुआ है। सेमीफाइनल में भी दमदार प्रदर्शन करना है।’





