भारत के NSAअजीत डोभाल ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की है। क्रेमलिन में गुरुवार को पुतिन ने डोभाल का स्वागत किया। इसके बाद दोनों ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की
भारत के NSAअजीत डोभाल ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की है। क्रेमलिन में गुरुवार को पुतिन ने डोभाल का स्वागत किया। इसके बाद दोनों ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।। रूसी मीडिया ने इस बैठक की जानकारी दी है। बताया गया है कि डोभाल ने बैठक में बाहरी दबाव के बावजूद रूस के साथ सभी मोर्चों पर सहयोग जारी रखने की नयी दिल्ली की प्रतिबद्धता दोहराई है। डोभाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रूसी राष्ट्रपति पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया, जिसे पुतिन ने स्वीकार कर लिया है। इस बैठक में डोभाल के साथ भारतीय राजदूत विनय कुमार भी थे।
अजीत डोभाल ने गुरुवार को रूस के सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी सर्गेई शोइगु से भी मुलाकात की है। डोभाल ने शोइगु के साथ बैठक में कहा कि वह राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के लिए उत्साहित हैं। इसकी तारीखों का जल्दी ही ऐलान किया जाएगा। उन्होंने पहलगाम हमले के बाद सपोर्ट के लिए रूसी राष्ट्रपति का धन्यवाद भी किया। शोइगु ने डोभाल से बैठक में एक नई, निष्पक्ष विश्व व्यवस्था बनाने पर जोर दिया।
अमेरिका को देंगे कड़ा संदेश!
अजीत डोभाल का रूस का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भारत और अमेरिका के रिश्ते तनावपूर्ण हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगाए हैं। ऐसे में डोभाल के दौरे पर रूस और भारत की ओर से इसके जवाब में अमेरिका को कड़ा सदेश भेजा जा सकता है।
भारत दुनिया में चीन के बाद रूसी तेल का दूसरा बड़ा खरीदार है। भारत ने डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों को अनुचित बताते हुए सिरे से खारिज किया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरह भारत अपने आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा। भारत के खिलाफ ट्रंप के टैरिफ को रूस ने भी नाजायज कहा है। ऐसे में इस दौरे पर भारत, रूस और अमेरिका ही नहीं दुनिया की नजर है





