महाराष्ट्र के बारामती में आज सुबह बड़े विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत 5 लोगों का निधन हो गया. हादसे को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने शोक जताया. PM मोदी ने उन्हें जनता का नेता बताया. वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पवार का परिवार बारामती पहुंच रहा है.
विद्या प्रतिष्ठान में होगा अजित का अंतिम संस्कार
अजित पवार के पार्थिव शरीर को रात में अस्पताल में ही रखा जाएगा. सुबह अस्पताल से काठेवाड़ी में पवार के घर पर ले जाया जाएगा. उसके बाद सभागृह लाया जाएगा, जहां पर पार्थिव शरीर को कुछ देर के लिए अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा. गदिमा सभागृह से पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार होगा.
महाराष्ट्र की राजनीति में एक अपूरणीय क्षति हुई: भूपेश बघेल
विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, महाराष्ट्र की राजनीति में एक अपूरणीय क्षति हुई है. ये दुखद घटना है. उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं. ईश्वर उनके परिवार को ये दुख सहने की शक्ति दे.
अजित पवार का कल होगा अंतिम संस्कार
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे किया जाएगा. गृह मंत्री अमित शाह उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे.
हमारा परिवार उन्हें कभी नहीं भूल सकता: नवाब मलिक
एनसीपी नेता नवाब मलिक ने अजित पवार के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कियह हमारे लिए दुखद घटना है. महाराष्ट्र के लोग गहरे शोक में डूबे हुए हैं. मेरा उनसे व्यक्तिगत संबंध था. हमारा परिवार उन्हें कभी नहीं भूल सकता. महाराष्ट्र के एक धर्मनिरपेक्ष नेता हमें छोड़कर चले गए हैं. उनकी कमी कोई पूरी नहीं कर सकता. इस दुख की घड़ी में हम सब उनके परिवार के साथ हैं.
अजित पवार के निधन पर क्या बोले मंत्री राम मोहन नायडू?
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बारामती विमान हादसे पर शोक जताया है. उन्होंने बताया कि AAIB के महानिदेशक और DGCA के अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पहली बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान दृश्यता कम थी, जिसकी सूचना पायलट ने ATC को दी थी. दूसरी बार लैंडिंग के प्रयास में पायलट को रनवे दिखाई दिया, जिसके बाद लैंडिंग की अनुमति दी गई. इस मामले में और जानकारी जुटाई जा रही है और सुरक्षा व संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. हर जान की कीमत है. देश में सुरक्षित विमानन व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.
अजीत के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे मोदी-शाह
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का विमान हादसे में निधन हो गया है. उनका अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे किया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह अंतिम संस्कार में शामिल होंगे.
अजित के निधन पर राजनीतिक करना दुर्भाग्यपूर्ण: शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अजित पवार के निधन पर कहा, मुझे जब इस हादसे के बारे में पता चला तो विश्वास ही नहीं हुआ. दिलदार, स्पष्टवक्ता, काम करने वाला हमारा सहयोगी हमारे बीच नहीं रहा. हम एक टीम की तरह काम कर रहे थे. इस घटना पर कोई राजनीतिक बात करना दुर्भाग्यपूर्ण है
मौत पर ओछी राजनीति की जा रही: फडणवीस
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी द्वारा उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, यह बहुत दुखद है. शरद पवार ने खुद कहा है कि एक हादसा हुआ और दुखद मौत हुई है, इस पर राजनीति न की जाए. मुझे दुख है कि हम ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं जहां किसी की मौत पर भी इस तरह की गंदी और ओछी राजनीति की जा रही है
बारामती हादसे को लेकर हाई लेवल बैठक
हैदराबाद में विंग्स ऑफ इंडिया सम्मेलन से इतर बारामती हादसे को लेकर हाई लेवल बैठक चल रही है.केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं. इसमेंमंत्रालय के सचिव समीर सिन्हा, DGCA के महानिदेशक फैज अहमद किदवई, AAI के चेयरमैन विपिन कुमार और संयुक्त सचिव आसंगबा चूबा मौजूद हैं.
विद्या प्रतिष्ठान पहुंचा पार्थिव शरीर
अजित पवार का पार्थिव शरीर अस्पताल से विद्या प्रतिष्ठान पहुंच चुका है. कल सुबह 12 बजे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनके कार्यकर्ता और चाहने वाले अजित दादा अमर रहें के नारे लगा रहे हैं.
विद्या प्रतिष्ठान परिसर ले जाया जा रहा पार्थिव शरीर
अजित पवार का पार्थिव शरीर अस्पताल से विद्या प्रतिष्ठान परिसर की ओर ले जाया जा रहा है. अब अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान में रखा जाएगा.





