एस पी मित्तल,अजमेर
समाज के विभिन्न वर्गों को समर्पित अजमेर के संगीता स्मृति सेवा संस्थान का पहला समारोह एक सितंबर को सायं 6 बजे माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सभागार में होगा। संस्थान के अध्यक्ष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सुनील दत्त जैन ने बताया कि यह संस्थान उनकी पत्नी स्वर्गीय श्रीमती संगीता जैन की भावनाओं के अनुरूप बनाया गया है। संगीता जैन चाहती थी कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को प्रोत्साहित किया जाए। इसी भावना के अनुरूप मानव और गौ सेवा को समर्पित व्यक्तियों और संस्थाओं को संस्थान की ओर से सहयोग किया जाएगा। सामाजिक आर्थिक, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय संस्थाएं और व्यक्तियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। भारत की सनातन संस्कृति के अनुरूप नैतिक मूल्यों के जन जागरण में लगी संस्थाओं को भी आर्थिक मदद की जाएगी। समाज के जरुरत मंद व्यक्ति को भी संस्थान की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य अच्छे कार्यों को बढ़ावा देने का है। इसी क्रम में 1 सितंबर को सायं 6 बजे अजमेर के जयपुर रोड स्थित माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परिसर के सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक संस्था सप्तक के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में सप्तक के संस्थापक ललित कुमार शर्मा, शास्त्रीय संगीतज्ञ डॉ. नासीर मदनी, डॉ. रजनीश चारण, नवदीप झाला, मुकेश परिहार, भारती सोनी, नरेंद्र जैन ने भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही गौ सेवा और संवर्धन के कार्य में सक्रिय कृष्णा टांक, थैलेसीमिक बच्चों के लिए पिछले 34 वर्षों से रक्त एकत्रित करने वाले ईश्वर पारवानी, गत 30 वर्षों से एक्यूप्रेशर पद्धति से लाखों लोगों का नि:शुल्क इलाज करने वाले पूरण सिंह चौहान, पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय कुलदीप सिंह चौहान तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एसपी मित्तल को सम्मानित किया जाएगा। संस्थान की गतिविधियों की और अधिक जानकारी मोबाइल नंबर 9829147270 पर सुनील दत्त जैन से ली जा सकती है।





