कांग्रेस के सीनियर नेता सलमान खुर्शीद के नैनीताल के घर पर आगजनी और पत्थरबाजी हुई है। सलमान खुर्शीद अपनी किताब में हिंदुत्व की तुलना ISIS और बोको हरम जैसे आतंकी संगठनों से करने के बाद से हिंदूवादी संगठनों के निशाने पर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनके घर पर हमला करने वाले उपद्रवियों के हाथ में BJP का झंडा था। सभी नारे लगाते हुए उनके घर में घुस गए।
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस खुर्शीद के घर पहुंच गई। आग को बुझा दिया गया है। फिलहाल घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है। प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज की है।

सलमान की किताब का वह पन्ना, जिसमें उन्होंने हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठनों से की है।
खुर्शीद बोले- क्या अब भी लगता है मेरी बात गलत थी
घर पर हमले के बाद खुर्शीद ने कहा कि ये हमला मुझ पर नहीं, हिंदू धर्म पर है। मेरे घर के दरवाजे बातचीत करने वालों के लिए हमेशा खुले हैं। इस घटना ने साबित कर दिया कि मेरी बात सही थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पूछा कि क्या अब भी मेरा यह कहना गलत है कि यह हिंदू धर्म नहीं हो सकता?
कांग्रेस के एक और सीनियर लीडर शशि थरूर ने भी लिखा कि यह शर्मनाक है। सलमान खुर्शीद ऐसे नेता हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को गौरवान्वित किया है। हमारी राजनीति में असहिष्णुता के बढ़ते स्तर की सत्ता में बैठे लोगों को निंदा करनी चाहिए।
किताब लॉन्च होने के बाद से विवादों में खुर्शीद

खुर्शीद की किताब लॉन्चिंग के वक्त कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और पी चिदंबरम भी मौजूद थे।
सलमान खुर्शीद की एक किताब कुछ दिन पहले ही लॉन्च हुई है। इसका नाम सनराइज ओवर अयोध्या है। इसी किताब पर हंगामा हो गया है। खुर्शीद ने अपनी इस किताब में हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठन ISIS और बोको हरम से की है। इसी वजह से किताब लॉन्च होने के 24 घंटे के अंदर ही उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत हो गई है।





