सांसद ने कराया घंटों इंतजार, नाराज पत्रकारों ने किया बहिष्कार*
कटनी । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा को अपने ही संसदीय क्षेत्र कटनी में पत्रकारों का विरोध झेलना पड़ा। वरिष्ठ पत्रकारों को भी भाजपा नेताओं से ऐसी उम्मीद नहीं थी कि उन्हें इस तरह से उपेक्षित किया जायेगा। फिलहाल भाजपा का उपेक्षापूर्ण रवैया जहां राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा तो वहीं पत्रकार जगत में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गयी। वरिष्ठ पत्रकारों का कहना था कि भाजपा नेताओं को यह पता नहीं कि मीडिया को किस तरह से तरजीह दी जाती है। हालांकि मान मनौव्वल के लिये कुछ वरिष्ठ नेता पहुंचे भी मगर बात इतनी बिगड़ चुकी थी कि आखिरी तक संभल नहीं पायी।
दरअसल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं कटनी-खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा रविवार को चार बजे बरगवां रोड पर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। इसकी सूचना पहले ही सभी प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रिानिक मीडिया के दफ्तरों में दी जा चुकी थी। चूंकि पत्रकार वक्त के पाबंद होते हैं और बड़े नेताओं से भी यही उम्मीद की जाती रही है कि वो नियत समय पर पहुंचे मगर बीडी शर्मा साढ़े पांच बजे तक पत्रकार वार्ता में उपस्थित नहीं हुए।
मौके पर मौजूद वरिष्ठ पत्रकारों ने जब पत्रकार वार्ता के आयोजकों से श्री शर्मा तक इस आशय की खबर पहुंचाने के लिये कहा कि यहां सारे पत्रकार इंतजार कर रहे हैं, कृपया वो जल्दी से पहुंचकर पत्रकार वार्ता को संबोधित करें। इसके बावजूद मौके पर उपस्थित किसी नेता ने पत्रकारों को तरजीह देने की जरूरत नहीं समझी। बस फिर क्या था। पत्रकारों ने इसे अपना अपमान समझा और प्रदेश अध्यक्ष एवं जिले के सांसद बीडी शर्मा का पत्रकार वार्ता का बहिष्कार कर दिया। इसके अलावा पत्रकारों ने सांसद के सारे कार्यक्रमों का बहिष्कार करते हुये अपना विरोध जताया।
यह ऐसा पहला मौके पर जब किसी सांसद को उसके ही संसदीय क्षेत्र में पत्रकारों की नाराजगी का सामना करना पड़ा हो। पत्रकार वार्ता में शामिल होने के लिये पहुंचे प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के वरिष्ठ पत्रकारगण सत्यदेव चतुर्वेदी बब्बा भैया वरिष्ठ पत्रकार गोपाल सिंघानिया वरिष्ठ पत्रकार अनिल तिवारी वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा वरिष्ठ पत्रकार अमर ताम्रकार वंदना तिवारी अमित यादव प्रेम सिंह सहित पत्रकार जगत के सभी प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथियों में काफी रोष व्याप्त था पत्रकारों के साथ किये गये इस तरह के बर्ताव से नाराज दिखे।
कटनी से हरिशंकर पाराशर





