कोलकाता
पूर्व केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से दूसरी बार BJP सांसद बाबुल सुप्रियो ने राजनीति से संन्यास ले लिया है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट लिखकर राजनीति छोड़ने की घोषणा की।

पिछले कुछ दिनों से उनके राजनीति से संन्यास लेने के कयास लगाए जा रहे थे। वे सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट लिख ये इशारा कर रहे थे। बाबुल सुप्रियो ने अपने फेसबुक अकाऊंट पर बांग्ला में राजनीति से संन्यास का ऐलान किया है। क्या लिखा है बाबुल ने, पढ़ें उन्हीं के शब्दों में….
चोललाम: यानी अब चलता हूं…
अलविदा!
मैंने सब कुछ सुना- पिता,मां, पत्नी, बेटी, एक-दो प्यारे दोस्त.. सबकी राय के बाद ऐसा महसूस हुआ कि मुझे अब राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए। हां, लेकिन ये भी साफ कर दूं कि, मैं किसी और पार्टी में नहीं जा रहा हूं- #TMC, #कांग्रेस, #CPIM, कहीं नहीं। मुझे किसी दूसरी पार्टी के नेताओं ने फोन भी नहीं किया है। मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। मैं एक टीम प्लेयर हूं! हमेशा एक टीम का साथ दिया है #MohunBagan (बंगाल की फुटबॉल टीम मोहन बगान) और राजनीति में सिर्फ भाजपा (पश्चिम बंगाल) की है.. बस !!
कुछ देर रुके.. कुछ मन में रखा, कुछ तोड़ा.. कहीं अपने काम में तुम्हें खुश किया, कहीं निराश किया। आप आंकलन नहीं करेंगे। मन में आने वाले तमाम सवालों के जवाब देने के बाद कहता हूं.. अपनी तरह कहता हूं.. अब चलता हूं
यदि आप सामाजिक कार्य करना चाहते हैं, तो आप इसे राजनीति में आए बिना कर सकते हैं। पिछले कुछ दिनों में मैंने बार-बार सोचा और राजनीति छोड़ने का मन बनाया। आज मैंने फैसला कर लिया। माननीय अमित शाह और माननीय नड्डाजी के द्वारा हर तरह से प्रेरित करने के लिए मैं उनका सदा आभारी रहूंगा।
मैं उनके प्यार को कभी नहीं भूलूंगा। कहीं न कहीं हर कोई सोच सकता है कि मैं एक पद के लिए सौदेबाजी कर रहा हूं। लेकिन यह सच नहीं है, इसलिए इसे लेकर संदेह नहीं होना चाहिए। मैं प्रार्थना करता हूं कि वे मुझे गलत समझे बिना मुझे माफ कर देंगे।




