इंदौर
भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक रविवार को शहर में हुई। इमसें नगरीय निकाय चुनाव पर फोकस रहा। हालांकि इस दौरान प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों को लेकर दिए बयान के बाद असमंजस की स्थिति में आ गए। दरअसल, मीडिया ने उनसे पूछा था कि सिंधिया समर्थकों को संगठन में पर्याप्त जगह क्यों नहीं दी गई? इस पर वे बोले कि उनके कारण हमारे पुराने नेता (विधायक) मंत्री नहीं बन पाए। अब और कितना एडजस्ट करें।
हालांकि बाद में बात संभालते हुए बोले कि सिंधिया अब पूरी भाजपा के नेता हैं। उनके समर्थक भी अब पार्टी के कार्यकर्ता हैं। क्रिसेंट वाटर पार्क में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पार्टी चुनाव में ज्यादातर युवाओं को टिकट देगी, लेकिन उम्र का कोई बंधन लागू नहीं करेगी। पार्षद और महापौर का चुनाव कोई भी उम्र का प्रत्याशी लड़ सकता है।
राजनीति में सक्रिय तो ही परिजन को टिकट
- जिन इलाकों में संगठन कमजोर है, वहां ये पदाधिकारी लोगों को जोड़ेंगे।
- एक-एक किसान तक पहुंचकर उन्हें कृषि सुधार कानून के फायदे बताए जाएंगे।
- निकाय चुनाव के लिए कल से ही मैदान में जुट जाएंगे। युवाओं को पार्टी से जोड़ेंगे।
- केंद्र और राज्य की योजनाएं जनता तक पहुंचाएंगे।
- निकाय चुनाव में परिवारवाद को जगह नहीं, लेकिन राजनीति में सक्रिय सदस्य को टिकट जरूर मिलेगा।
कांग्रेस भ्रम फैलाती है। जनता तक सच्चाई पहुंचाना हमारा दायित्व है। हर पदाधिकारी उस जिम्मेदारी को चुनौती मानकर आगे बढ़े।
-शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री
निकाय चुनाव की तैयारी के लिए संगठन की भूमिका बहुत अहम है। पार्टी का टारगेट युवा, एससी, एसटी वर्ग पर केंद्रित रहेगा।
-वीडी शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष





