मुंबई
महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर पर राजनीति तकरार बढ़ती जा रही है। अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को खार पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। दोनों के खिलाफ अपने बयानों से धर्म, जाति के आधार पर विद्वेष फैलाने का आरोप है।
इधर, देर रात दोनों से मिलने खार पुलिस स्टेशन पहुंचे भाजपा नेता किरीट सोमैया की कार पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। सोमैया खार पुलिस स्टेशन से निकल ही रहे थे, उसी दौरान उन पर हमला हुआ है। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने सोमैया की कार पर पत्थर के अलावा बोतल और चप्पलें भी फेंकीं। सोमैया मौके से किसी तरह जान बचाकर भागे। हमले में भाजपा नेता की कार का कांच टूट गया। उनके चेहरे पर चोट भी आई है। सोमैया पर हमले के बाद बांद्रा पुलिस स्टेशन के बाहर बीजेपी के कार्यकर्ता लगातार हंगामा कर रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

सोमैया बोले- पुलिस की निगरानी में हुआ हमला
किरीट सोमैया ने दावा किया है कि उन्हें चोट आई हैं और वह बांद्रा पुलिस स्टेशन केस दर्ज करवाने के लिए जा रहे हैं। किरीट ने कहा- ‘सीएम उद्धव ठाकरे के गुंडा लोगो को पुलिस ने खार पुलिस स्टेशन पर इक्कट्ठा होने दिया। मैं बाहर निकला तब इन गुंडों ने पत्थरबाजी की है। कार के शीशे टूटे जो मेरे शरीर पर लगे। पुलिस की निगरानी में यह हमला हुआ है।’ किरीट ने आगे कहा- यह यह तीसरी बार है जब उद्धव ठाकरे के गुंडों ने मुझे मारने का प्रयास किया है। पहली वाशिम में दूसरी बार पुणे में और तीसरी बार खार पुलिस स्टेशन के सामने।

शिवसैनिकों के हमले में सोमैया के चेहरे पर चोट आई है। खून भी निकल रहा था।
किरीट सोमैया ने पुलिस कमिश्नर पर उठाया सवाल
किरीट ने कहा- मैं स्तब्ध हूं, खार थाने के परिसर में 50 पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में शिवसेना के 100 गुंडों ने मुझ पर पथराव किया, मुझे मारना चाहते थे। पुलिस कमिश्नर क्या कर रहे हैं? कितने माफिया सेना के गुंडों को थाने में जमा होने दिया? सोमैया बोले- मैं घायल हूं, मैं अपनी कार में बैठा हूं। जब तक पुलिस अधिकारियों और माफिया सेना गुंडों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, मैं बांद्रा पुलिस स्टेशन में अपनी कार में रहूंगा।
देवेंद्र फडणवीस बोले- महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था का पतन
पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा-यह मुंबई और महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की स्थिति का सबसे बड़ा पतन है। खार पुलिस स्टेशन के सामने और पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में गुंडों ने भाजपा नेता किरीट सोमैया पर हमला किया। यह यह बिल्कुल अस्वीकार्य है। हम सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।
वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता आशीष शेलार ने कहा- अकेले गाड़ी बैठे एक नेता पर हमला होता है। कल उनके नेता और कार्यकर्ता भी घूमेंगे। इस तरह से सरकार नहीं चलती है। सोमैया थाने जा रहे थे और वहां पर धारा 144 लागू थी। सवाल यह है कि इतने सारे लोग एक साथ कैसे आ गए? उन्होंने यह भी कहा कि यह शिवसेना को महंगा पड़ेगा।
अमृता फडणवीस का उद्धव पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने सोमैया पर हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्विट कर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को ‘उध्वस्त ठरकी’ कहा।

अमृता फडणवीस ने सोशल मीडिया के जरिए उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा।
रविवार को कोर्ट में राणा दंपती की पेशी
राणा दंपत्ति के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 153 ए (धर्म, जाति या भाषा के आधार पर 2 समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के लिए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। रविवार को दोनों को बांद्रा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
राणा की ओर से भी शिवसैनिकों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है। इसमें आरोप लगाया गया कि एक रणनीति के तहत शिवसैनिकों को मेरे घर भेजा गया और तोड़फोड़ करवाई गई। हमारे खिलाफ बयानबाजी करवाई गई, साथ ही जान से मारने की बात भी कही गई।

शिवसैनिकों ने गिरफ्तारी पर मनाया जश्न
राणा दंपत्ति ने आज मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान किया था। इसके बाद नवनीत राणा की बिल्डिंग के नीचे भारी संख्या में शिवसैनिक सुबह से ही डटे रहे। दिनभर चले हंगामे के बाद देर शाम पुलिस ने राणा दंपति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई से खुश शिवसैनिकों ने उनके घर के सामने पटाखे फोड़े और जश्न मनाया।
फडणवीस और बीजेपी से मदद की गुहार
नवनीत राणा ने कहा कि उन्हें और उनके पति को जबरदस्ती पुलिस स्टेशन लाया गया है। मैं सांसद हूं और मेरे पति विधायक हैं। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस और बीजेपी से मदद की गुहार लगाई है। इसके बाद बीजेपी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया रात करीब 10 बजे राणा दंपति से मिलने पुलिस स्टेशन पहुंचे।

राणा दंपत्ति ने भी उनके घर के बाहर हंगामा करने वाले शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
पीएम का नाम लेकर बदला हनुमान चालीसा पढ़ने का फैसला
हालांकि, दिन भर के हंगामे के बाद बडनेर सीट से निर्दलीय विधायक रवि राणा ने एक बयान जारी कर कहा कि कल प्रधानमंत्री मोदी मुंबई आ रहे हैं और हम उनके कार्यक्रम में किसी तरह की परेशानी नहीं खड़ी करना चाहते हैं, इसलिए मातोश्री जाकर ‘हनुमान चालीसा’ पढ़ने के अपने फैसले को वापस लेते हैं।
नवनीत राणा द्वारा अपने फैसले को बदलने के बावजूद शिवसैनिक उनकी इमारत के बाहर डटे रहे और लगातार माफी की मांग करते रहे। शिवसैनिकों की तरफ से दर्ज कराए इस केस में दंपति पर अपने बयान से माहौल खराब करने का आरोप लगाया गया है।
शिवसेना गुंडों की पार्टी: नवनीत राणा
अपने इस फैसले के बाद सांसद नवनीत राणा ने कहा कि हमारा उद्देश्य था कि संकट मोचन संकट हटाएं। उद्धव ठाकरे ने हमारे घर गुंडे भेजे हैं। शिवसेना तो खत्म हो गई है। असली शिवसैनिक तो बाला साहब के साथ चले गए हैं। अब गुंडों की शिवसेना रह गई है। हमारे मुख्यमंत्री का सिर्फ यही काम रह गया है कि किस पर क्या कार्रवाई करवानी है, किसे जेल भेजना है और किसे तड़ीपार करना है।

नवनीत राणा के घर के बाहर बैरीकेड तोड़ने का प्रयास करते शिवसैनिक।
हमारा मकसद पूरा हुआ: नवनीत राणा
नवनीत राणा ने आगे कहा कि CM का ध्यान किसान सुसाइड पर नहीं रहता। बिजली समस्या पर नहीं बोलते। बेरोजगारी पर चुप रहते हैं। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से गुजारिश है कि हमारे महाराष्ट्र को बचाया जाए। यहां के हालात खराब हैं। दो साल तक CM मंत्रालय तक नहीं गए। हमारा मकसद पूरा हो गया है। अब मातोश्री के बाहर प्रदर्शन नहीं करेंगे।

राणा दंपत्ति के खिलाफ काफी आक्रमक दिखे शिवसैनिक।
दिनभर नवनीत राणा के घर हुआ हंगामा
इससे पहले दिन भर राणा दंपत्ति के खार स्थित घर पर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस और शिवसैनिकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। शिवसैनिकों ने राणा के घर के बाहर लगे बैरियर तोड़ दिए और घर में घुसने की कोशिश की। शिवसैनिकों ने कहा कि हम अमरावती का कचरा साफ करने आए हैं। इस पूरे विवाद पर महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वालसे पाटिल ने कहा,’मुंबई और महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहुत अच्छी है। कुछ लोग विभिन्न घटनाओं के माध्यम से यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि कानून-व्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है और यहां राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए।’

युवा सेना के नेता राहुल कनल, नवनीत राणा के घर एम्बुलेंस लेकर पहुंचे। एम्बुलेंस पर लिखा- यह बंटी-बबली के लिए रिजर्व्ड है।
मातोश्री में घुसने की हिम्मत किसी में नहीं: राउत
नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, हमें कानून के बारे में मत बताओ, मातोश्री में प्रवेश करने की किसी की हिम्मत नहीं है। यदि आप किसी और के समर्थन से हमारे मातोश्री में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं, तो शिव सैनिक आक्रामक होगा, शिवसैनिक चुप नहीं रहेगा।’ इससे पहले संजय राउत ने राणा दंपत्ति को बंटी-बबली की जोड़ी बताया था।

नवनीत राणा के घर के बाहर शिवसैनिकों ने जमकर हंगामा किया।
मातोश्री के बाहर भी शिवसैनिक डटे हैं
बता दें कि नवनीत राणा के ऐलान के बाद भारी संख्या में शिवसैनिक पिछले 2 दिनों से ‘मातोश्री’ के बाहर डटे हुए हैं। इस बीच नाराज शिवसैनिकों ने देर रात यहां से गुजर रहे BJP नेता मोहित कंबोज की कार पर हमला भी किया। माना जा रहा है कि अगर आज रवि और नवनीत राणा यहां आते हैं तो टकराव संभव है। इस टकराव की स्थिति को देखते हुए मातोश्री के बाहर भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
नवनीत और रवि राणा अभी अपने खार स्थित घर पर मौजूद हैं और उनके घर के बाहर भारी संख्या मौजूद शिवसैनिक राणा दंपत्ति के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। शिवसैनिको का कहना है कि अगर वे अपने घर से भी बाहर निकलते हैं, तो हम उन्हें अपने तरीके से समझाएंगे। नवनीत राणा और रवि राणा को मुंबई पुलिस ने धारा 149 के तहत नोटिस भी दिया है।

नवनीत राणा के घर के बाहर बड़ी संख्या में महिला शिवसैनिक भी मौजूद हैं।
राणा दंपत्ति ने बाला साहब के हिंदुत्व को याद दिलाया
राणा दंपत्ति ने ऐलान किया था कि वे 23 अप्रैल यानी शनिवार को सुबह 9 बजे मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। उद्धव ठाकरे भी उन्हें नहीं रोक सकते। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को वे बालासाहेब ठाकरे वाला हिंदुत्व याद दिलाना चाहते हैं।

नवनीत और उनके पति रवि राणा ने शुक्रवार को कहा कि वे अपनी बात को पूरा करके रहेंगे।
उद्धव ने कार्यकर्ताओं से कहा- यहां आने की कोई हिम्मत नहीं करेगा
इस बीच शुक्रवार शाम 5 बजे के करीब वर्षा बंगले से उद्धव ठाकरे मातोश्री के लिए निकले। मातोश्री पहुंच कर उन्होंने वहां जमा हुए समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। शाम 7 बजे मातोश्री पर शिवसेना के नेताओं की बैठक हुई। इसके बाद उद्धव ठाकरे एक बार फिर बंगले के बाहर आए और उन्होंने शिवसैनिकों का अभिवादन करते हुए कहा कि वे लोग अपने-अपने घर जाएं।

BJP नेता मोहित कंबोज की गाड़ी पर देर रात हमला किया गया।
BJP नेता मोहित कंबोज की कार पर हमला
देर रात BJP नेता मोहित कंबोज की गाड़ी पर शिवसैनिकों ने हमला किया है। यह हमला ‘मातोश्री’ के पास बांद्रा के कलानगर सिग्नल पर रात के करीब सवा नौ से साढ़े नौ के बीच हुआ। हमले के बाद शिवसेना सांसद विनायक राउत और वरुण सरदेसाई का कहना है कि मोहित कंबोज अपनी गाड़ी से उतरे क्यों? वो इसलिए उतरे क्योंकि उन्हें मातोश्री और कलानगर का रेकी करना था। वे वहां फोटो खींच रहे थे। हालांकि, मोहित कंबोज का कहना है कि वो एक शादी अटेंड करके लौट रहे थे। मातोश्री के बाहर के इस रास्ते से रोज लाखों लोग सफर करते हैं। कलानगर के पुल के पास कमलानगर के सैंकड़ों शिवसैनिकों ने उन पर हमला किया। मोहित कंबोज ने कहा कि अगर मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स जैसे इलाके में इस तरह की घटना होती है तो महाराष्ट्र सरकार के लिए यह शर्म की बात है।

सुबह से ही शिवसैनिक BJP के खिलाफ प्रोटेस्ट कर रहे हैं।
हम राणे दंपत्ति का वड़ापाव से स्वागत करेंगे: प्रियंका चतुर्वेदी
इसी मुद्दे पर मातोश्री के बाहर धरने पर बैठीं शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा- हम तब तक यहां बैठेंगे, जब तक वो (राणा दंपति) बाहर नहीं आते। हम उनका स्वागत वड़ापाव से करेंगे। हनुमान चालीसा के बाद प्रसाद देने की परंपरा है, हम उनको प्रसाद देंगे। हम कोल्हापुर मिर्ची के साथ उनका स्वागत करेंगे। प्रियंका चतुर्वेदी ने आगे कहा कि यदि राणा दंपति बाहर नहीं आए तो ये प्रूव हो जाएगा कि फर्जी कार्ड बनाकर चुनाव जीतते हैं तथा फर्जी हनुमान भक्ति दिखाते हैं।

मातोश्री के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।





