
रायसेन के एक सरकारी कार्यक्रम में कुछ लोगों को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। सरकारी बालिका छात्रावास के लोकार्पण कार्यक्रम के मंच पर स्थानीय लोगों को मंत्री डॉ. प्रभूराम चौधरी की मौजूदगी में सदस्यता दिलाई गई। इसका खुलासा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर किया है।
दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में कहा है कि 17 मई को रायसेन जिले में शासकीय बालिका छात्रावास का लोकार्पण कार्यक्रम था जिसमें मंत्री डॉ. चौधरी पहुंचे थे। सर्व शिक्षा अभियान के ब्लॉक समन्वयक रघुवीर सिंह भदौरिया ने माइक पर ऐलान कर स्थानीय रहवासियों को डॉ. चौधरी के हाथों भाजपा की सदस्यता दिलाई। उन्हें भाजपा के गमछे पहनवा दिए। सिंह ने सीएम चौहान को लिखे पत्र में बताया है कि रायसेन कलेक्टर ने पद की गरिमा के अनुरूप एक अधिकारी को निलंबित कर दिया है और दो अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं।
भाजपा कर्मचारियों को अपने नेता-कार्यकर्ता जैसा उपयोग कर रही
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा कुछ समय से अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरह सरकारी कर्मचारियों का उपयोग कर रही है। बीजेपी कार्यालय में आईएएस अधिकारियों के सरकार की योजनाओं की जानकारी देने पहुंचने से केंद्र और राज्य सरकार के आचरण नियम तार-तार हो चुके हैं। दिग्विजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पहले के दौर में अधिकारी-कर्मचारी सरकार के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहते थे अब आपके कार्यकाल में सत्ताधारी दल के प्रति समर्पित हैं। सिंह ने कहा कि रायसेन की घटना लोक प्रशासन के राजनीतिक पतन की गवाही दे रही है। उन्होंने सीएम शिवराज सिंह से मांग की है कि वे शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्ती से आचरण नियमों का पालन करने के लिए आदेश जारी करें।




