एस पी मित्तल अजमेर
भाजपा के वरिष्ठ नेता वासुदेव देवनानी राजस्थान के उन चुनिंदा विधायकों में से एक हैं जो एक ही विधानसभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार विधायक हैं। 11 जनवरी 2022 को देवनानी की उम्र 72 वर्ष के पार हो जाएगी, लेकिन देवनानी वर्ष 2023 में होने वाले चुनाव में पांचवीं बार भी दावेदार हैं। 72 वर्ष की उम्र होने पर देवनानी ने कहा कि राजनीति में उम्र कोई मायने नहीं रखती है। लोग अपने विधायक का काम देखते हैं। मैंने अपने अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र का विकास करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा शासन में मंत्री रहते हुए भी अपने विधानसभा क्षेत्र को प्राथमिकता दी है। मेरा भाजपा के आप कार्यकर्ता से सीधा संवाद है। मेरे लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता खास है। कार्यकर्ता जो रणनीति बनाते हैं, उसी से मैं चुनाव जीतता हंू। मेरा प्रयास होता है कि जनता से भी लगातार संपर्क बना रहे। कोरोना काल में मैंने अपने क्षेत्र के प्रत्येक परिवार का ख्याल रखा है। मैं सामूहिक नेतृत्व में भरोसा रखता हंू, इसलिए सभी के मान सम्मान का भी ख्याल रखता हंू। परिवार में खुशी हो या गम, मैं दोनों में शरीक होता हंू। मेरे इस व्यवहार के कारण ही संपूर्ण छेत्र में मेरे प्रति कोई नाराजगी नहीं है। नगर निगम के चुनाव में कुछ कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिलने से नाराजगी हुई थी, लेकिन यह नाराजगी भी धीरे धीरे कम हो रही है। 2023 में होने वाले चुनावों में कौन उम्मीदवार होगा, यह पार्टी पर निर्भर करता है, लेकिन यदि पार्टी मुझे अवसर देगी तो मैं पांचवीं बार भी यह सीट भाजपा को दिलवा दूंगा। देवनानी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण इस बार 11 जनवरी को सादगी के साथ जन्मदिन मनाया जा रहा है। अजमेर में फायसागर रोड स्थित संत कंवर राम कॉलोनी के आवास पर दोपहर 2 से 5 बजे तक सुंदरकांड का पाठ रखा गया है। सभी आगंतुकों को पैकेट वाला प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा। वे स्वयं गौशालाओं में पशुओं को चारा उपलब्ध कराने तथा आश्रमों में जाकर कंबल वितरित करेंगे। विभिन्न समुदायों के धार्मिक स्थलों पर भी जाकर संतों से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। मोबाइल नंबर 9414155744 पर वासुदेव देवनानी को जन्मदिन की बधाई दी जा सकती है।
52 से अब तक गैर सिंधी विधायक नहीं बना:
अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से वासुदेव देवनानी की लगातार चौथी बार जीत और पांचवीं बार की दावेदारी के पीछे सिंधी मतदाताओं की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। विगत दिनों निर्वाचन विभाग ने उत्तर क्षेत्र के मतदाताओं की संख्या दो लाख 9 हजार बताई है। जानकारों के अनुसार इसमें करीब 35 हजार सिंधी मतदाता है। पहले यह विधानसभा क्षेत्र अजमेर पश्चिम के नाम से जाता था, निर्वाचन विभाग का रिकॉर्ड बताता है कि 1952 से लेकर अब तक इस क्षेत्र से सिंधी उम्मीदवार की ही जीत हुई है। विधायक बनने वालों में कांग्रेस के पोहूमल, किशन मोटवानी, नानकराम तथा भाजपा के भगवानदास शास्त्री, नवल राय बच्चानी और हरीश झामनानी शामिल हैं। वर्ष 2003 से वासुदेव देवनानी लगातार विधायक बन रहे हैं। कांग्रेस ने अब तक तीन बार गैर सिंधी को उम्मीदवार बनाया, लेकिन कांग्रेस को तीनों ही बार सफलता नहीं मिली।
केकड़ी में रक्तदान शिविर:
केकड़ी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल मित्तल का जन्मदिन भी 11 जनवरी को मनाया जा रहा है। इस अवसर पर केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। लिटिल शाइन फाउंडेशन के तत्वावधान में केकड़ी के आदिनाथ वाटिका में 11 जनवरी को शिविर लगाया जाएगा। इसी प्रकार सरवाड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और यदुवंशी माली भवन सरवाड़ में भी प्रात: 9 बजे से रक्तदान शिविर लगेंगे। मित्तल के जन्म दिन पर भी गौशालाओं में पशुओं को चारा वितरित किया जाएगा तथा जरूरतमंद लोगों को कंबल आदि बांटे जाएंगे। मित्तल के जन्मदिन को लेकर विधानसभा क्षेत्र में उत्साह है। मोबाइल नंबर 9928021482 पर अनिल मित्तल को शुभकामनाएं दी जा सकती है।





