छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली हमला हुआ है। एंटी-नक्सल मिशन पर जा रहे डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के वाहन को नक्सलियों ने IED से शिकार बनाया। धमाके में DRG के 10 जवान वीरगति को प्राप्त हुए और ड्राइवर भी मारा गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल से बात की है। वहीं, पिछले 24 घंटों में देशभर से कोविड-19 के 9,629 मामले आए हैं। एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 61,013 हो गई है। सुप्रीम कोर्ट में सेम सेक्स मैरिज मामले पर सुनवाई आज भी जारी है। उधर, आईपीएल में आज कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का मैच शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने पुलिस के वाहन को निशाना बनाकर ब्लास्ट किया। हमले में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इसके अलावा एक सिविलियन ड्राइवर की भी मौत हो गई। ब्लास्ट में 50 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। इससे सड़क में 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। DRG यूनिट 8 लाख के इनामी नक्सली कमांडर जगदीश को पकड़ने निकली थी।
DRG स्टेट पुलिस की स्थानीय यूनिट है, जो नक्सल विरोधी ऑपरेशन के लिए बनाई है। इसमें स्थानीय युवाओं को ही भर्ती किया जाता है, क्योकि ये ट्राइबल भाषा को बहुत अच्छे से समझते हैं। इन्हें इलाके और जंगल की पूरी जानकारी होती है। कई बार DRG में सरेंडर कर चुके नक्सलियों को भी शामिल किया जाता है। DRG का गठन साल 2008 में हुआ था।
उधर, भाजपा ने दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल पर घर और ऑफिस सजाने में 45 करोड़ रुपए खर्च करने का आरोप लगाया है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल घर नहीं, शीश महल में रहते हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। इस पर AAP ने जवाब दिया कि घर 80 साल पुराना है। 3 कमरों की छत गिर जाने की वजह से मरम्मत का काम कराया जा रहा है।
1. दंतेवाड़ा नक्सली हमला, किराए के वाहन में जा रहे थे पुलिसकर्मी, गृहमंत्री ने CM से बात की

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बुधवार को नक्सली हमले में 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। ये जवान डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) यूनिट के थे। इनके अलावा इनकी गाड़ी के ड्राइवर की भी हमले में मौत हुई है। नक्सलियों ने IED ब्लास्ट में पुलिसकर्मियों का वाहन उड़ा दिया। न्यूज एजेंसी के मुताबिक 50 किलो विस्फोटक से ब्लास्ट किया गया।
हमला दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में अरनपुर-समेली के बीच हुआ। जवान मंगलवार रात हार्डकोर नक्सली कमांडर और 8 लाख के इनामी जगदीश की सूचना पर निकले थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे यहां पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसी दौरान लौट रहे जवानों के वाहन को धमाके से उड़ा दिया। IG सुंदरराज पी ने कहा- मौके पर सीनियर ऑफिसर्स भेजे गए हैं। इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।शहीदों के पार्थिव देह को पॉलिथीन में रखकर पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल लाया गया।
नक्सली हमले में शहीद होने वालों में प्रधान आरक्षक जोगा सोढ़ी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, नव आरक्षक जोगा कवासी, नव आरक्षक हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम जगदीश कवासी और गाड़ी के ड्राइवर धनीराम यादव शामिल हैं।

ये फोटो धनी यादव का है। DRG का वाहन यही चला रहे थे। हमले में इनकी भी जान चली गई।
नक्सलियों का हमले के लिए कैंपेन चल रहा
बस्तर में नक्सलियों का TCOC (टैक्टिकल काउंटर अफेंसिव कैंपेन) चल रहा है। नक्सली इस दौरान अक्सर कई बड़ी घटनाओं को अंजाम देते हैं। TCOC को देखते हुए फोर्स भी अलर्ट मोड पर है। बस्तर के सभी जिलों में जवानों को सर्चिंग के लिए भेजा जा रहा है।

घटना के बाद पहुंचे जवानों ने शहीद हुए जवानों के हथियार निकालकर सुरक्षित रखे।
5 दिन पहले नक्सली कैंप ध्वस्त किया था
5 दिन पहले सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों का कैंप ध्वस्त कर दिया था। भारी मात्रा में विस्फोटक समेत नक्सलियों के दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया था। बताया जा रहा है कि इस कैंप में करीब 25 से 30 की संख्या में नक्सली मौजूद थे। जवानों के आने की खबर मिलते ही सभी नक्सली भाग गए।

IED ब्लास्ट के बाद सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया। सूत्रों की मानें तो हमले में 50 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल हुआ है।
PM-CM ने दुख जताया, बघेल ने कहा- नक्सलियों को बख्शेंगे नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हम हमले में शहीद हुए बहादुर जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

शहीद जवानों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हमले पर दुख जताया है। कहा- शहीदों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा। वे गुरुवार को कर्नाटक दौरा रद्द कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने दंतेवाड़ा जाएंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हर संभव सहायता देने की बात कही है।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर फोर्स पहुंच गई। साथ ही स्वास्थ्य कर्मी भी पहुंचे।
दो ट्रेनें रद्द
बस्तर में किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और नाइट एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। ये दोनों यात्री ट्रेनें आज दंतेवाड़ा से आगे किरंदुल नहीं जाएगी। हालांकि किरंदुल से लौह अयस्क लेकर विशाखापट्टनम तक मालगाड़ियों की आवाजाही बरकरार रहेगी। ईको (ईस्ट कोस्ट) रेलवे मंडल ने यात्री ट्रेनों को लेकर आदेश जारी किया है।
2. BJP का आरोप, AAP बोली- PM के घर पर तो 500 करोड़ लगे, 10 लाख का सूट पहनते हैं
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल 45 करोड़ का फर्नीचर अपने घर में लगाएंगे, ये किसका पैसा है। उधर, कांग्रेस नेता अजय माकन ने CM केजरीवाल का पुराना शपथ पत्र याद दिलाया। माकन ने कहा, ‘7 जून 2013 को चुनाव से पहले केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में एक शपथ पत्र बांटा था। कहते थे कि मैं लालबत्ती गाड़ी, सुरक्षा, बंगला नहीं लूंगा।
टैक्स पेयर्स की गाढ़ी कमाई से अपने लिए 45 करोड़ का बंगला बनवाने के बाद उन्हें पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।’ वहीं AAP नेता संजय सिंह ने कहा- PM का घर ठीक करने में 500 करोड़ रुपए लगे। 8400 करोड़ का हवाई जहाज खरीदा गया। 12 करोड़ की कार से चलते हैं। सवा लाख रुपए के पेन से लिखते हैं। 10 लाख का सूट और 1.6 लाख का चश्मा पहनते हैं। इस पर तो भाजपा ने सवाल नहीं उठाया।
3. जतंर-मंतर पर धरने का 5वां दिन, पहलवानों की अपील- PM मोदी हमारे भी ‘मन की बात’ सुनें

भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना चौथे दिन बुधवार को भी जारी है। देश के सॉलिसिटर जनरल (SG) तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि WFI अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने से पहले प्रारंभिक जांच करनी बहुत जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज न करने का जवाब दाखिल किया। जिसमें कहा कि पुलिस इसमें केस दर्ज करने से पहले जांच कर रही है। आरोपों की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज करने की ओर बढ़ा जाएगा। वहीं, प्रियंका गांधी ने अपील की है कि पहलवानों का साथ दें, उनका साथ दें। इसी बीच धरना स्थल पर राजस्थान से चलकर दिल्ली पहुंचे जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी खिलाड़ियों का समर्थन किया।
दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि 5 दिन हो गए पर दिल्ली पुलिस ने रेसलर्स की शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की, ये गैर-कानूनी है। कानून की धारा 166 A (C) IPC कहती है, अगर पुलिस वाला सेक्सुअल हैरेसमेंट की FIR दर्ज न करे तो उसके खिलाफ FIR हो सकती है। हमने दोषी पुलिस अफसरों पर FIR करने की सिफारिश भेजी है।

धरने में खिलाड़ियों के बीच व्हील चेयर पर बैठे पूर्व गवर्नर सत्यपाल मलिक।
पहलवानों ने जंतर-मंतर पर लगाई दौड़
वहीं, चौथे दिन की शुरुआत पहलवानों ने जंतर-मंतर की सड़कों पर दौड़ लगाने से की। वह मॉर्निंग वॉक कॉस्टयूम पहनकर उतरे। इस दौरान वहां उन्होंने वर्कआउट किया और अस्थाई अखाड़ा मानकर ट्रेनिंग भी की। करीब 1 घंटे तक पहलवानों ने वहां पसीना बहाया।
ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा- हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं और यहां ट्रेनिंग भी कर रहे हैं। देश की जनता ने हमें देश के लिए पदक जीतने की जिम्मेदारी दी है और हमें इसे निभाना है। पुलिस ने अभी तक FIR दर्ज नहीं की है, तो पुलिस हमें विरोध करने या प्रशिक्षण देने से कैसे रोक सकती है?।

धरने पर खिलाड़ियों के साथ बैठे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व अन्य कांग्रेसी।
प्रियंका गांधी की अपील- आइए इन बहनों का दें साथ, ये देश के मान की बात है
कांग्रेसी नेता प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा- खिलाड़ी देश का मान होते हैं। देश उन पर गर्व क्यों करता है? क्योंकि तमाम मुश्किलों के बावजूद अथक मेहनत और बहुत कुछ सहकर जब वे पदक जीतते हैं, तो उनकी जीत में हमारी जीत होती है, देश मुस्कुरा उठता है। महिला खिलाड़ियों की जीत बाकियों से बड़ी होती है।
वे देश की संसद के बगल की सड़क पर आंखों में आंसू लिए बैठी हैं। लंबे समय से चल रहे शोषण के खिलाफ उनकी शिकायत कोई सुन नहीं रहा। मजबूत बाजुओं, मगर भोले दिल की इन लड़कियों ने यकीन किया जब इनसे सरकार ने कहा कि जांच होगी, मगर जांच नहीं हुई। सजा का प्रश्न ही नहीं उठा। क्या सरकार दोषियों को बचाना चाहती है। किसका दबाव है दिल्ली पुलिस पर?
क्यों इसी पुलिस द्वारा विपक्ष के नेताओं पर भारत जोड़ो यात्रा में किसी लड़की का दर्द सुनने पर पूछताछ की जाती है। मगर, देश का मान बढ़ाने वाली खिलाड़ियों की गुहार अनसुनी कर दी जाती है। एक पार्टी और उसके नेताओं का घमंड जब आसमान चढ़ जाता है, तब ऐसे ही आवाजों को कुचला जाता है। आइए अपनी इन बहनों का साथ दें। यह देश के मान की बात है।
सुप्रीम कोर्ट में 28 अप्रैल को होगी सुनवाई
7 महिला रेसलर्स की याचिका पर सुनवाई करने के लिए सुप्रीम कोर्ट राजी हो गया है। कोर्ट ने कहा- ‘पहलवानों ने याचिका में यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन पर विचार किए जाने की जरूरत है।’ अब इस मामले में शुक्रवार यानी 28 अप्रैल को सुनवाई होगी।
CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष और BJP सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ अब तक FIR दर्ज नहीं करने को लेकर दिल्ली पुलिस को भी नोटिस जारी किया है। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने 7 महिला शिकायतकर्ताओं के नाम ज्यूडिशियल रिकॉर्ड से हटाने के लिए कहा, ताकि इनकी पहचान सामने ना आए। 7 महिला रेसलर्स ने सोमवार को भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए याचिका दाखिल की थी।
चाइल्ड राइट्स बॉडी ने ‘बॉर्नविटा’ को भेजा नोटिस:NCPCR ने कंपनी को सभी भ्रामक विज्ञापन और पैकेजिंग हटाने को कहा
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने बॉर्नविटा बनाने वाली कंपनी मोंडेलेज इंटरनेशनल इंडिया लिमिटेड को नोटिस भेजा है। जिसमें कहा गया है कि इस प्रोडक्ट में काफी मात्रा में चीनी (प्रति 100 ग्राम में 37.4 ग्राम) होने की शिकायत है। कुछ ऐसे तत्व भी हैं जो बच्चों की सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। लिहाजा कंपनी अपने उत्पाद के सभी भ्रामक विज्ञापनों, पैकेजिंग और लेबल की समीक्षा करे और उन्हें वापस ले।
NCPCR ने कंपनी से 7 दिन में जवाब मांगा
NCPCR ने कहा कि बॉर्नविटा में यूज किए जाने वाले इंग्रीडिएंट्स के बारे में इसकी पैकेजिंग पर सही जानकारी देने में कंपनी असफल रही है। आयोग ने कंपनी को सात दिन में विस्तार में जवाब देने को कहा है।
बता दें कि बॉर्नविटा अमेरिकी कंपनी कैडबरी का प्रोडक्ट है। भारत में इसे मोंडेलेज इंटरनेशनल इंडिया लिमिटेड बनाती है।

NCPCR की ओर से मोंडेलेज इंटरनेशनल इंडिया लिमिटेड को भेजे गए नोटिस की कॉपी।
NCPCR ने नोटिस में क्या कहा?
- FSSAI के दिशानिर्देशों के अनुसार, जिन प्रोडक्ट की 100 ग्राम मात्रा में टोटल एनर्जी (किलो कैलोरी) का 10% से ज्यादा शुगर कंटेंट हो, उन्हें रेड कलर कोडिंग डिस्प्ले करना जरूरी होता है। NCPCR ने नोटिस में कहा है, ‘बॉर्नविटा के लेबल पर देखा गया है कि इसमें ‘माल्टोडेक्सट्रिन’ और ‘लिक्विड ग्लूकोज’ के साथ शुगर कंटेंट की मात्रा सीमा से बहुत ज्यादा है और इसे ‘एडेड शुगर्स’ के तहत मेंशन करना जरूरी है।’
- कंपनी के लेबल के अनुसार, बॉर्नविटा में प्रति 100 ग्राम में 37.4 ग्राम शुगर होता है, जो प्रत्येक सर्विंग में मिलने वाली कुल एनर्जी का 15% है। NCPCR के अनुसार, बॉर्नविटा FSSAI की एडवर्टाइजिंग गाइडलाइंस का भी पालन नहीं करता, जिसके तहत पैकेट पर यह बताना जरूरी होता है कि इसे रोजाना कितनी मात्रा में लेना फायदेमंद होता है।
- NCPCR ने नोटिस में इस बात पर भी जोर दिया है कि भ्रामक विज्ञापनों की रोकथाम के लिए सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों का पालन करने में भी बॉर्नविटा फेल रही है। बॉर्नविटा के विज्ञापन ‘चिल्ड्रेन टारगेटिंग एडवर्टिजमेंट्स’ संबंधी गाइडलाइंस का भी उल्लंघन करते हैं।
- नोटिस के अनुसार, चाइल्ड राइट्स बॉडी ने FSSAI और CCPA प्रमुखों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए भी कहा है। न्यूट्रिशन पॉलिसी पर काम करने वाले एक थिंक-टैंक ने बॉर्नविटा के विज्ञापनों में शुगर कंटेंट को लेकर उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के तहत आने वाले कंज्यूमर अफेयर्स डिपार्टमेंट में शिकायत दर्ज कराई थी।
इन्फ्लुएंसर ने बॉर्नविटा को बताया था नुकसानदायक
75 साल पुराना ब्रांड बॉर्नविटा खुद को चॉकलेट हेल्थ ड्रिंक बताता है। हाल ही में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रेवंत हिमतसिंग्का ने एक वीडियो जारी किया था। उनका इंस्टाग्राम हैंडल ‘फूडफार्मर’ के नाम से है। इसी पर उन्होंने बॉर्नविटा का रिव्यू किया और इसे हेल्थ के लिए नुकसानदायक बताया था।
रेवंत का यह वीडियो वायरल हो गया था। उनके इस वीडियो पर पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद, एक्टर आर. माधवन और परेश रावल ने भी रिएक्ट किया था। कीर्ति आजाद ने तो यहां तक कह दिया था कि इस वीडियो को सुनने के बाद मैं अपने वकील की सलाह लूंगा और कंपनी पर केस करूंगा।
1 अप्रैल को पोस्ट किए गए अपने वीडियो में रेवंत ने कहा था कि कैडबरी हेल्थ कंपनी नहीं, बल्कि चॉकलेट कंपनी है। रेवंत ने दावा किया था कि बॉर्नविटा के इंग्रीडिएंट्स में शामिल ‘कलर (150C)’ कैंसर का कारण बन सकता है और इम्यूनिटी को भी कम कर सकता है। उन्होंने ये भी कहा था कि बॉर्नविटा के इंग्रीडिएंट्स लेबल के अनुसार, उनके प्रति 100 ग्राम में 50 ग्राम शुगर होती है।
रेवंत ने वीडियो में आगे कहा था, ‘मैं माता-पिता से रिक्वेस्ट करूंगा कि कृपया अपने बच्चों को इन प्रोडक्ट्स का आदी बनाना बंद करें। मैं सरकार से इन झूठे दावों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध भी करता हूं।’

बॉर्नविटा ने इन्फ्लुएंसर को भेजा था लीगल नोटिस
इस वीडियो के वायरल होने के बाद बॉर्नविटा बनाने वाली कंपनी कैडबरी ने रेवंत हिमतसिंग्का को लीगल नोटिस भेजा था। मोंडेलेज, कैडबरी की सब्सिडियरी कंपनी है। इसके बाद रेवंत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कंपनी से माफी मांगी थी। अपनी पोस्ट में रेवंत ने लिखा था कि कैडबरी से कानूनी नोटिस मिलने के बाद उन्होंने वीडियो डिलीट कर दिया है।
बॉर्नविटा ने स्टेटमेंट जारी कर दी थी सफाई
रेवंत का वीडियो वायरल होने के बाद बॉर्नविटा ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर स्टेटमेंट जारी किया था। स्टेटमेंट में कंपनी ने लिखा था कि इसमें विटामिन A, C, D आयरन, जिंक, कॉपर और सेलेनियम जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं। कंपनी ने लिखा था कि ये कई सालों से (कोविड के दौर से भी पहले से) हमारे फॉर्मूलेशन का हिस्सा रहे हैं।

इन्फ्लुएंसर को नोटिस भेजने पर कंपनी की हुई थी आलोचना
मोंडेलेज की ओर से इन्फ्लुएंसर को लीगल नोटिस भेजे जाने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कंपनी की आलोचना करना शुरू कर दिया था। कई लोगों ने यह भी कहा था कि कंपनी इन्फ्लुएंसर को डराने-धमकाने का काम कर रही है। इसके बाद कई डॉक्टर्स और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स ने भी रेवंत का सपोर्ट किया था।
5. एक और सर्जिकल स्ट्राइक करेगा भारत, पुंछ हमले के बाद पड़ोसी मुल्क में यही चर्चा का मुद्दा

अब्दुल बासित 2014 से 2017 तक भारत में पाकिस्तान के हाईकमिश्नर रहे। (फाइल)
भारत में पाकिस्तान के हाईकमिश्नर रह चुके अब्दुल बासित ने कहा है कि भारत जल्द ही पाकिस्तान में एक और सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दे सकता है। बासित ने कहा- 20 अप्रैल को जम्मू के पुंछ में भारतीय सैनिकों पर हमला हुआ था। इसके बाद से पाकिस्तान में यही चर्चा है कि भारत एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक कर सकता है। अपने यूट्यूब चैनल पर बासित ने एक वीडियो जारी किया है।
उन्होंने पाकिस्तान पर भारत की ओर से जवाबी हमले की आशंका जताई है। बासित के मुताबिक, पाकिस्तान में भारत एयर स्ट्राइक भी कर सकता है। लेकिन मुझे ये भी लगता है कि भारत में SCO समिट होने वाली है और भारत के पास G20 की प्रेसिडेंसी भी है तो ऐसे में वो क्या इस तरह का कोई कदम उठाएगा? हो सकता है भारत में जनरल इलेक्शन के ठीक पहले पाकिस्तान पर कोई हमला किया जाए।
दिल्ली सरकार ने पशु कल्याण बोर्ड का गठन किया
दिल्ली के विकास मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को दिल्ली पशु कल्याण बोर्ड का गठन कर दिया। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई है। मंत्री ने दिल्ली सचिवालय में पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी जिसके बाद इस बाबत घोषणा की गई।बयान में कहा गया है कि दिल्ली के पहले पुश चिकित्सा कॉलेज के निर्माण कार्य में तेज़ी लाने के लिए भी आदेश जारी किए गए हैं। यह कॉलेज यहां सातबड़ी में 56 एकड़ की भूमि पर बनाया जाएगा। राय ने कहा कि पशु कल्याण बोर्ड में 19 श्रेणियों में कुल 27 सदस्य शामिल किए गए हैं।उन्होंने कहा कि बोर्ड दिल्ली में पशुओं के साथ क्रूरता रोकने के लिए काम करेगा और उनकी देखभाल करेगा।
नोएडा में 90 स्कूलों को देना होगा 1-1 लाख जुर्माना
नोएडा जिला प्रशासन ने 90 प्राइवेट स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। हाल ही में यूपी हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि स्कूल बंद होने के बाद भी जिन प्राइवेट स्कूलों ने कोरोना काल में बच्चों के पैरेंट्स से फीस वसूली थी वे 15 पर्सेंट वापस करें। जो स्कूल इस आदेश का उल्लंघन करेंगे उन्हें जुर्माना भरना होगा। इसी आदेश के आधार पर नोएडा के डीएम ने 90 प्राइवेट स्कूलों पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
आकाशवाणी पर उनकी हार सुनी थी… अमित शाह ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को बताया तानाशाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मनकी बात के 100 एपिसोड से संबधित कार्यक्रम में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी पर हमला बोला है। शाह ने इंदिरा को तानाशाह बताया है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी पर एक तानाशाह की हार सुनी थी। आपको बता दें कि पीएम मोदी 30 अप्रैल को मन की बात के 100वें एपिसोड को संबोधित करने वाले हैं। जिसे सफल बनाने के लिए केंद्र सरकार हर तरह से प्रयास कर रही है।





