दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना आज भी जारी है।IPL में आज: कोलकाता vs गुजरात 3.30 बजे से, दिल्ली vs हैदराबाद शाम 7.30 से,कर्नाटक विधानसभा चुनाव: आज रोडशो और तीन जनसभाएं करेंगे पीएम मोदी,सजा पर रोक लगाने की राहुल गांधी की अपील पर गुजरात हाई कोर्ट में सुनवाई,श्रद्धा मर्डर केस: आफताब पूनावाला पर आरोप तय करने पर आज फैसला संभव शनिवार सुबह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पहलवानों से मुलाकात की। दिल्ली पुलिस ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो FIR दर्ज की हैं। सिंह शनिवार सुबह मीडिया के सामने आए। सिंह ने कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगे क्योंकि इस्तीफा देने का मतलब होगा कि उन्होंने उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया है।
माफिया मुख्तार अंसारी को यूपी की एक अदालत ने गैंगस्टर मामले में 10 साल की सजा सुनाई है। 5 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है। वहीं, उसके भाई अफजाल को 4 साल कैद की सजा दी गई है। भाजपा विधायक रहे कृष्णानंद राय की हत्या के मामले में दोनों पर गैंगस्टर का केस लगा था। इसमें बिजनेसमैन नंदकिशोर रुंगटा को अगवा करने का मामला भी शामिल है।
सजा सुनाए जाने के बाद अफजाल को कड़ी सुरक्षा के बीच गाजीपुर जेल भेज दिया गया। मुख्तार पहले से ही बांदा जेल में बंद है। अफजाल को दो साल से ज्यादा की सजा हुई है। ऐसे में उसकी सांसदी जाना तय है। अंसारी ब्रदर्स 30 दिन के अंदर फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील कर सकेंगे।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में तीन जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जहरीले सांप वाली टिप्पणी पर निशाना साधा। PM ने कहा कि मुझे कांग्रेस के लोगों ने 91 बार गालियां दीं। गालियों के शब्दकोष में टाइम खराब करने के बजाय अगर कांग्रेस ने इतनी मेहनत गुड गवर्नेंस में की होती तो इनकी इतनी दयनीय स्थिति नहीं होती।
1. पहलवानों से मिलने पहुंची प्रियंका गांधी, पूछा- सरकार बृजभूषण को क्यों बचा रही?

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। उनसे मिलने प्रियंका गांधी पहुंचीं। बातचीत में विनेश फोगाट भावुक हो गईं तो प्रियंका ने उन्हें गला लगा लिया। उन्होंने सरकार से पूछा कि WFI चीफ बृजभूषण के खिलाफ जो FIR दर्ज की गई है, आखिर उसे क्यों नहीं दिखाया जा रहा? प्रियंका ने कहा कि पहलवान मेडल लेकर आए तो PM ने घर बुलाया, अब क्यों नहीं बुला रहे? मैं यह नहीं समझ पा रही हूं कि सरकार बृजभूषण को क्यों बचा रही है?
शाम को केजरीवाल भी पहलवानों से मिलने गए। उन्होंने कहा कि BJP के बाहुबली नेता ने देश की बेटियों से दुर्व्यवहार किया। किसी भी बहन-बेटी के साथ गलत काम करने वाले को तुरंत फांसी पर लटका देना चाहिए। मगर बड़े दुख की बात है कि जिन बेटियों ने देश का नाम रोशन किया है, उन्हें न्याय की लड़ाई लड़नी पड़ रही है।
2. आर्मी की तोपखाना रेजिमेंट में 5 महिलाएं शामिल, पाकिस्तान-चीन बॉर्डर पर तैनात होंगी
इंडियन आर्मी ने पहली बार 5 महिला अधिकारियों को अपनी तोपखाना रेजिमेंट में शामिल किया है। दो महिला अधिकारियों को पाकिस्तान की सीमा पर लगी यूनिट में पोस्टिंग दी गई। वहीं, तीन अधिकारी चीन बॉर्डर पर तैनात यूनिट में काम करेंगी। उनकी तैनाती की मंजूरी ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई में हुई पासिंग आउट परेड में दी गई। सेना के अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनिंग में महिला अधिकारियों ने पुरुषों के बराबर ही चुनौतियां का सामना किया।
पासिंग आउट परेड में 186 कैंडिडेट शामिल हुए। इनमें 29 कैंडिडेट भूटान के नागरिक थे। गलवान हमले में शहीद हुए जवान दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह भी सेना में शामिल हो गई हैं। वे अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर भर्ती हुई हैं। दीपक सिंह को अपनी वीरता के लिए वीर चक्र दिया गया था।
3. 2005 में भाजपा विधायक की गोली मारकर हत्या, 2007 में अंसारी ब्रदर्स पर केस दर्ज
मुख्तार को गैंगस्टर केस में गाजीपुर की MP/MLA कोर्ट ने सजा सुनाई है। गाजीपुर में 29 नवंबर 2005 को तत्कालीन भाजपा विधायक कृष्णानंद राय सहित कुल 7 लोगों की हत्या कर दी गई थी। मामले में 2007 में गैंगेस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। 15 अप्रैल को इसका फैसला आना था। जज के छुट्टी पर जाने से सुनवाई टल गई थी।
माफिया मुख्तार अंसारी को गैंगस्टर मामले में गाजीपुर की MP/MLA कोर्ट ने 10 साल और उसके भाई बसपा सांसद अफजाल को 4 साल की सजा सुनाई है। मुख्तार पर 5 लाख और अफजाल पर 1 लाख रुपए का जुर्माना कोर्ट ने लगाया है। अफजाल को कड़ी सुरक्षा के बीच गाजीपुर जेल भेज दिया गया है। मुख्तार पहले से ही बांदा जेल में बंद है। इससे पहले तक सांसद अफजाल जमानत पर था।
मुख्तार की पेशी जेल से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई, जबकि अफजाल खुद कोर्ट पहुंचा। अफजाल को दो साल से ज्यादा की सजा हुई है। ऐसे में उसकी संसद सदस्यता जाना तय है। सरकारी वकील नीरज श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की है। अंसारी भाई 30 दिन के अंदर फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील कर सकेंगे।अफजाल अंसारी को पुलिस ने कोर्ट में ही गिरफ्तार कर लिया। अफजाल को (सफेद कपड़े) प्रीजन वैन से गाजीपुर जेल लाया गया।
2007 में दर्ज हुआ था गैंगस्टर का केस
अंसारी भाइयों पर गैंगस्टर एक्ट का ये मामला 2007 में कृष्णानंद राय की हत्या के दो साल बाद दर्ज किया गया था। केस में राय की हत्या के बाद हुई आगजनी और कारोबारी नंद किशोर रुंगटा की अपहरण-हत्या को आधार बनाया गया था। कृष्णानंद राय की हत्या मामले में कोर्ट अंसारी भाइयों को बरी कर चुका है। लेकिन, गैंगस्टर एक्ट का यह मामला इसी से जुड़ा है।
23 सितंबर 2022 को दोनों भाई पर गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोप तय हुए थे। इस मामले में 15 अप्रैल को फैसला आना था। हालांकि, जज के छुट्टी पर जाने से सुनवाई टल गई थी।

गाजीपुर में MP/MLA कोर्ट के बाहर भारी सुरक्षा फोर्स लगाई गई।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत
पिछले दिनों अफजाल अंसारी ने कहा था, “हम पर हत्या का जो केस लगाया था उसमें कोर्ट बरी कर चुका है। ऐसे में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे का कोई आधार नहीं बनता है। कोर्ट पर भरोसा है।” दरअसल, हत्या से बरी होने की बात को आधार बनाते हुए अफजाल गैंगस्टर केस के खिलाफ हाईकोर्ट गया था। हालांकि, वहां राहत नहीं मिली थी।

अफजाल अंसारी कार से गाजीपुर कोर्ट पहुंचा। उनके साथ एक कार और थी।
8 महीने में मुख्तार को चौथी सजा
मुख्तार अंसारी को 22 सितंबर 2022 से 29 अप्रैल 2023 तक कुल 4 मामलों में सजा मिल चुकी है। 22 सितंबर 2022 को मुख्तार को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने 7 साल और अगले ही दिन जस्टिस दिनेश कुमार सिंह ने गैंगस्टर मामले में 5 साल की सजा सुनाई थी।
इसके 85 दिन बाद यानी 15 दिसंबर 2022 को मुख्तार को कांग्रेस नेता अजय राय के बड़े भाई अवधेश राय मर्डर और एडिशनल एसपी पर हमले समेत कुल 5 मामलों में 10 साल की सजा हुई। आज गैंगस्टर मामले में मुख्तार को 10 साल की सजा हुई है।

यह मुख्तार अंसारी का भाई अफजाल अंसारी है। फिलहाल वह बसपा से सांसद है, लेकिन 2 साल से अधिक की सजा हुई है ऐसे में उसकी सांसदी जाना तय है।
लड़ाई खत्म नहीं हुई- पीयूष राय
अंसारी भाइयों को सजा मिलने के बाद कृष्णानंद राय के बेटे पीयूष राय ने कहा, ”मेरे पिता की जब हत्या की गई, तो उनकी शिखा काट दी गई थी। अपराधियों ने एक व्यक्ति की शिखा नहीं काटी थी, वो एक समाज और संस्कार की शिखा थी। मुझ जैसे तमाम युवा आज भी वो शिखा प्रतिशोध के लिए रखते हैं।

यह तस्वीर कृष्णानंद राय के बेटे पीयूष राय की है। फैसले पर खुशी जताई है।
आज न्यायपालिका ने उस शिखा का मान-मर्यादा बढ़ाने का काम किया है। इसके लिए मैं न्यायपालिका का आभार व्यक्त करता हूं। 2019 को जब सभी बरी हो गए थे, तो लगा था कि दोबारा से हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। आज के फैसले के बाद खुशी है, लेकिन अभी लड़ाई खत्म नहीं हुई है।”
मुख्तार के बेटे के खिलाफ NBW जारी
माफिया मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के खिलाफ मऊ कोर्ट ने शनिवार को NBW जारी किया है। विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान हेट स्पीच मामले में उमर के खिलाफ वारंट जारी किया गया है। मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी भी प्रॉपर्टी मामले में फरार है।

चलिए, अब आपको 2005 में हुए कृष्णानंद राय हत्याकांड के बारे में बताते हैं…
XUV से 8 लोग उतरे, ताबड़तोड़ फायरिंग करके कृष्णानंद राय की हत्या कर दी
गाजीपुर की मोहम्मदाबाद विधानसभा सीट पर 1985 से 2002 तक अंसारी बंधुओं का दबदबा रहा। साल 2002 में भाजपा नेता कृष्णानंद राय ने अंसारी फैमिली का विजय रथ रोकते हुए चुनाव जीता और विधायक बन गए। उन्होंने अफजाल अंसारी को 8 हजार वोटों से मात दी। यहीं से अंसारी और कृष्णानंद राय के बीच अदावत शुरू हो गई।
AK-47 से तकरीबन 500 राउंड फायरिंग
चुनाव जीतने के तीन साल बाद 29 नवंबर 2005 को बीजेपी विधायक राय एक क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करने जा रहे थे। टूर्नामेंट पास के गांव में था। इसलिए वे बुलेट प्रूफ गाड़ी की जगह सामान्य वाहन से चले गए। यहां से जब वो लौटने लगे, तब भांवरकोल की बसनिया पुलिया के पास एक एसयूवी उनकी गाड़ी के सामने आकर खड़ी हो गई। विधायक और उनके साथी कुछ भी समझ पाते, इससे पहले ही एसयूवी से 8 लोग उतरे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
AK-47 से तकरीबन 500 राउंड फायरिंग की गई। विधायक और उनके साथ गाड़ी पर सवार 6 लोग और गाड़ी भी छलनी हो गई। विधायक कृष्णानंद राय समेत 7 शवों का जब पोस्टमॉर्टम हुआ, तो सभी के शरीर से कुल 67 बुलेट मिलीं। मृतकों में विधायक के अलावा मोहम्दाबाद के पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्याम शंकर राय, भांवरकोल ब्लॉक के मंडल अध्यक्ष रमेश राय, अखिलेश राय, शेषनाथ पटेल, मुन्ना यादव और उनके अंगरक्षक निर्भय नारायण उपाध्याय थे।
कृष्णनंद की पत्नी ने कराया नामजद, हिंसा भड़की
इस हत्याकांड के बाद पूरा पूर्वांचल दहल उठा। विधायक के समर्थक तोड़फोड़ पर उतर आए, जमकर आगजनी की गई। विधायक की पत्नी अलका राय ने मुख्तार, अफजाल अंसारी के अलावा मुन्ना बजरंगी समेत अन्य कई के खिलाफ केस दर्ज करवाया। अलका चाहती थीं कि इस वारदात की जांच CBI करे। कुछ दिन तक CBI ने केस की जांच की, फिर केस छोड़ दिया।
हत्याकांड के विरोध में राजनाथ सिंह ने चंदौली में धरना दिया था। इसके बाद केस की जांच CBI को सौंपी गई। CBI ने मुख्तार अंसारी को मुख्य साजिशकर्ता माना था। मुख्तार मऊ विधानसभा क्षेत्र से 5 बार विधायक रह चका है। 2005 में मऊ में भड़की हिंसा में नाम सामने आने पर उसने कोर्ट में सरेंडर किया था।
इस हत्याकांड के एकमात्र चश्मदीद गवाह शशिकांत राय थे। उनकी कुछ ही दिन बाद संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मामले में जांच चली, लेकिन सबूत नहीं मिले। इसके बाद कृष्णानंद हत्याकांड के सभी आरोपियों को बाइज्जत बरी कर दिया गया।

दो दिन पहले पेशी के दौरान मीडिया से मुखातिब हुआ था बाहुबली मुख्तार।
अब रूंगटा केस के बारे में पढ़िए…
पूर्वांचल के भेलूपुर में साल 1997 में कोयला व्यवसायी नंद किशोर रूंगटा की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। नंद किशोर के भाई महावीर प्रसाद रूंगटा ने दिसंबर 1997 को भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि 5 नवंबर 1997 को शाम 5 बजे टेलीफोन पर मुख्तार अंसारी ने धमकी दी थी।
महावीर ने मुख्तार अंसारी और महरूपुर निवासी अताउर रहमान उर्फ बाबू के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। आरोप था कि वारदात को मुख्तार के सबसे भरोसेमंद शूटर अताउर रहमान ने अंजाम दिया था। रहमान कोयला व्यवसायी बनकर नंद किशोर को डील के बहाने उठा ले गया था। उसने नंद किशोर की हत्या कर शव को प्रयागराज में ठिकाने लगा दिया था।
4. BYJU’S के 3 ठिकानों पर ED का छापा, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डेटा मिले
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने BYJU’s के फाउंडर और CEO बायजू रवींद्रन के बेंगलुरु स्थित तीन ठिकानों पर छापेमारी की। इसमें एजेंसी को आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डेटा मिला है। ED के मुताबिक, कंपनी को 2011 से अब तक 28 हजार करोड़ रुपए की विदेशी फंडिग हुई है। इसके अलावा कंपनी ने फॉरेन डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट के नाम अलग-अलग देशों में पैसा भेजा है।
अधिकारियों ने कहा कि BYJU’s के नाम से ऐडटेक प्लेटफॉर्म चलाने वाली थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड ने विज्ञापन पर करीब 944 करोड़ रुपए खर्च किए थे। वहीं, कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2020-21 से अपने फाइनेंशियल स्टेटमेंट तैयार नहीं किए और खातों का ऑडिट नहीं कराया। रवींद्रन पर आरोप है कि उनके नाम पर कई समन जारी किए गए, लेकिन वे ED से बचते रहे और कभी पेश नहीं हुए।
5. कर्नाटक में PM बोले- कांग्रेस ने गरीबी नहीं देखी, इसलिए गरीबों के दर्द को नहीं समझती

PM मोदी ने कहा कि कर्नाटक को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए यहां डबल इंजन सरकार का होना बेहद जरूरी है। कांग्रेस की सरकार में हर साल 30 हजार करोड़ रुपए के आसपास विदेशी निवेश राज्य में आता था, जबकि BJP की सरकार में हर साल करीब 90 हजार करोड़ रुपए का निवेश आ रहा है। कांग्रेस को कभी गरीब की तकलीफ समझ ही नहीं आई। इन्होंने कभी गरीबी देखी ही नहीं। कांग्रेस वो दल है, जो विकास में भी राजनीति करता है और रोड़े अटकाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर उस व्यक्ति से नफरत करती है, जो उसके भ्रष्टाचार को सामने लाता है या जो उसकी स्वार्थ भरी राजनीति पर प्रहार करता है। चुनाव आते ही कांग्रेस ने फिर से मुझे गालियां देने का काम शुरू कर दिया है। अब तक मुझे कांग्रेस के लोगों ने 91 बार अलग-अलग गालियां दी हैं।
- जंतर मंतर पर पहुंचे अरविंद केजरीवाल
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में पहुंचे हैं। वे सभी पहलवानों से मिल रहे हैं। कल भी आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज और आतिशी धरना स्थल पर पहुंचे थे।
- राहुल गांधी मानहानि मामले में हाईकोर्ट में दोनों पक्षों ने रखी दलीलें, हाईकोर्ट 2 मई को सुनाएगा फैसला।
- गुजरात हाई कोर्ट ने राहुल गांधी का प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी से 2 मई तक जवाब दाखिल करने के लिए सूरत सत्र न्यायालय के ‘मोदी उपनाम’ मानहानि मामले में राहुल गांधी को दोषी ठहराने के फैसले पर रोक लगाने की मांग की है। अगली सुनवाई मंगलवार 2 मई को. इस दिन दोनों पक्ष अपनी अंतिम दलील पेश करेंगे।
- बीएसपी सांसद अफजाल अंसारी को 4 साल की सजा
- बीएसपी सांसद अफजाल अंसारी गैंगस्टर मामले में दोषी करार किए गए, उन्हें 4 साल की सजा सुनाई गई और 1 लाख जुर्माना भी लगाया गया।
- दिल्ली की अदालत ने श्रद्धा हत्याकांड की सुनवाई 9 मई तक के लिए स्थगित की
- दिल्ली की अदालत ने शनिवार को श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड की सुनवाई 9 मई तक के लिए स्थगित कर दी। अदालत को आफताब अमीन पूनावाला के खिलाफ आरोप तय करने पर अपना आदेश सुनाना था। आफताब पर अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वॉल्कर की गला दबाकर हत्या करने और फिर उसके शरीर के कई टुकड़े करने का आरोप है। (IANS)
- अतीक-अशरफ केस: शूटर्स की कस्टडी बढ़ी
- अतीक अहमद-अशरफ हत्याकांड मामले में तीनों शूटरों की न्यायिक हिरासत 12 मई तक बढ़ा दी गई है। ये तीनों (अरुण मौर्य, लवलेश तिवारी और सनी सिंह) वर्तमान में प्रयागराज जेल में बंद हैं।
- ईडी केस: सिसोदिया की कस्टडी 8 मई तक बढ़ी
- दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आबकारी नीति मामले में पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 8 मई तक बढ़ा दी है। मामला प्रदर्शन निदेशालय के केस से जुड़ा है।
- भिवंडी में इमारत ढही, 10 फंसे
- महाराष्ट्र: भिवंडी इलाके में एक इमारत गिरी। 10 लोगों के फंसे होने की आशंका है। दमकल व आपदा सहित पुलिस टीम मौके पर मौजूद हैं। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
- गंभीर दोषपूर्ण तथ्यों के आधार पर राहुल को दोषी ठहराया गया: सिंघवी
- वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने शनिवार को गुजरात उच्च न्यायालय से कहा कि राहुल गांधी की ‘मोदी उपनाम’ संबंधी टिप्पणी से जुड़े एक आपराधिक मानहानि मामले की सुनवाई प्रक्रिया को लेकर ‘गंभीर दोषपूर्ण तथ्यों के आधार पर’ कांग्रेस नेता की दोषसिद्धि हुई। सिंघवी ने उच्च न्यायालय में गांधी की ओर से दलील देते हुए यह टिप्पणी की। उच्च न्यायालय राहुल गांधी की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा है, जिसमें इस आपराधिक मानहानि मामले में उनकी दोषसिद्धि पर रोक नहीं लगाने के सूरत सत्र अदालत के आदेश को चुनौती दी गई है। न्यायमूर्ति हेमंत प्राच्छक ने सत्र अदालत के 20 अप्रैल के आदेश को चुनौती देने वाली गांधी की आपराधिक पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई की। यदि उच्च न्यायालय इस याचिका को मंजूर कर लेता है, तो इससे गांधी को फिर से संसद सदस्य बनाए जाने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। सिंघवी ने उच्च न्यायालय में दलील देते हुए कहा कि सुनवाई प्रक्रिया को लेकर ‘गंभीर दोषपूर्ण तथ्यों’ के कारण यह दोषसिद्धि हुई। उन्होंने कहा, ‘एक लोक सेवक या एक सांसद के मामले में, इसके उस व्यक्ति और निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी ऐसे बहुत गंभीर परिणाम होते हैं, जिन्हें बाद में बदला नहीं जा सकता। इसके फिर से चुनाव को लेकर भी कठोर परिणाम होते हैं।’





