कल देश की नई संसद का उद्घाटन चल रहा था और इससे कुछ ही किलोमीटर दूर पहलवान मार्च निकाल रहे थे। दिल्ली पुलिस ने पहलवानों को हिरासत में ले लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर 12 बजे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से असम की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर वह नव विद्युतीकृत खंडों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के वैज्ञानिकों भूस्थिर उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी) के जरिए एक नौवहन उपग्रह को प्रक्षेपित करेंगे। यह लॉन्चिंग सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से सोमवार सुबह 10 बजकर 42 मिनट पर की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज दिल्ली में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नया पासपोर्ट मिलने के बाद आज अमेरिका रवाना होंगे। आईपीएल 2023 का फाइनल गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच आज खेला जाएगा। बारिश की वजह से रविवार को मैच नहीं हो पाया था।
- PM मोदी असम की पहली और देश की 19वीं वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। ये गुवाहाटी से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलेगी।
- गृह मंत्री अमित शाह 3 दिन के दौरे पर मणिपुर जाएंगे। यहां कूकी और मैतेई समुदाय के लोगों से मिलेंगे। राज्य में आरक्षण विवाद को लेकर हुई हिंसा में अब तक 75 लोग जान गंवा चुके हैं।
- राहुल गांधी एक हफ्ते के दौरे पर अमेरिका जाएंगे। वे सांसदी जाने के बाद पहली बार साधारण पासपोर्ट पर विदेश जा रहे हैं।
मार्च निकाल रहे पहलवानों पर FIR, उपद्रव और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप

नए संसद भवन के सामने महापंचायत करने जा रहे पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस ने कुछ पहलवानों को हिरासत में लिया और फिर छोड़ दिया। जंतर-मंतर से उनके टेंट भी उखाड़ दिए। देर रात बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
इन पर उपद्रव करने और सरकारी काम में बाधा डालने सहित 7 धाराएं लगी हैं। पुलिस का कहना है कि कुछ पहलवान धरने के लिए रात में जंतर-मंतर आए थे, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई और वापस भेज दिया गया। हालांकि पहलवानों का कहना है कि वे फिर से धरना शुरू करेंगे।
संसद की नई बिल्डिंग के सामने पुलिस और धरना दे रहे पहलवानों के बीच झड़प हो गई। पहलवान बैरिकेड्स लांघकर नई संसद की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका और बजरंग पूनिया, विनेश-संगीता फोगाट, साक्षी मलिक सहित अन्य को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने धरना स्थल जंतर-मंतर पर लगे टेंट, कुर्सियां और दूसरा सामान हटाकर शाम 4 बजे उसे पूरी तरह खाली कर दिया।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, विनेश फोगाट सहित प्रोटेस्ट ऑर्गनाइजेसर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर दंगा करने और सरकारी काम में बाधा डालने की धाराएं लगाई गई हैं।
इसके बाद शाम 7.15 बजे कुछ पहलवानों को छोड़ दिया गया। विनेश फोगाट ने कहा कि मुझे, संगीता फोगाट और साक्षी मलिक को रिलीज कर दिया गया है। बजरंग पूनिया अभी भी पुलिस की हिरासत में हैं। हमने पुलिस को कहा कि बिना किसी लीगल प्रोसीजर के हमें अंदर नहीं रख सकते तो वे बोले कि हमें कानून मत सिखाओ।

महिला पहलवानों को हिरासत में लेने के दौरान की तस्वीरें।
दरअसल, 34 दिन से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवान रविवार को नई संसद के सामने महिला महापंचायत में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इस महापंचायत की अनुमति नहीं दी थी। पहलवानों ने इसके बावजूद महापंचायत का आयोजन किया और संसद की तरफ जाने लगे। इस पर उनका पुलिस के साथ टकराव हो गया।

दिल्ली पुलिस पर कुश्ती के दांव आजमाकर छूटने के बाद भागती पहलवान साक्षी मलिक।
हमारा धरना खत्म नहीं हुआ: साक्षी
साक्षी मलिक ने कहा कि हमारा आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। पुलिस हिरासत से छूटकर हम वापस जंतर-मंतर पर अपना सत्याग्रह शुरू करेंगे। आरोपी बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी नहीं हुई। उसका संसद में बैठाकर सम्मान किया गया। देश का गौरव बढ़ाने वाली महिला खिलाड़ियों के मान-सम्मान को सड़कों पर कुचला जा रहा।
पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि क्या कोई सरकार अपने देश के चैम्पियंस के साथ ऐसे बर्ताव करवाती है? हमने क्या गुनाह किया है? एक तरफ प्रधानमंत्री संसद में सेंगोल (राजदंड) स्थापित कर न्याय और नीति परायणता की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे, वहीं सड़कों पर न्याय मांग रही देश की बेटियों के साथ उनकी ही सरकार और सरकारी तंत्र क्रूरता कर रहा था।

पहलवान साक्षी मलिक को महिला पुलिस कर्मी उठाकर अपने साथ ले गईं।
विनेश बोली- नया देश मुबारक हो
विनेश और संगीता फोगाट को हिरासत में लिए जाने के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की पहलवानों के साथ अच्छी-खासी धक्कामुक्की हुई। जब पुलिस विनेश और संगीता फोगाट को बस में बैठाकर ले जा रही थी, तब विनेश ने कहा कि ‘नया देश मुबारक हो।’
उधर पहलवानों को गिरफ्तार किए जाने पर साक्षी मलिक ने कहा कि पहलवानों और बुजुर्गों माताओं को हिरासत में लेने के बाद अब पुलिस जंतर-मंतर पर उनका मोर्चा उखाड़ रही है। हमारा सामान उठाया जा रहा है। ये कैसी गुंडागर्दी है?

पहलावान विनेश फोगाट को हिरासत में लिए जाने की तस्वीर।
बड़े अपडेट्स…
- दिल्ली वुमेन कमीशन की चेयरपर्सन स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को चिट्ठी लिखकर WFI चीफ बृजभूषण को गिरफ्तार करने, पहलवानों को छोड़ने और उन्हें हिरासत में लेने वाले अफसरों पर कार्रवाई के लिए कहा।
- दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन में गए 3 बच्चों को भी हिरासत में लिया है। इनकी उम्र 12 साल से भी कम बताई जा रही है।
- महापंचायत में हरियाणा, यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों से भारी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने रविवार सुबह ही सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर दी।
- दिल्ली में केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों के सभी एंट्री और एग्जिट गेट भी बंद कर दिए गए। हरियाणा में सोनीपत के पास सिंघु बॉर्डर पर एक स्कूल में अस्थाई जेल बना दी गई।
- हरियाणा पुलिस ने रविवार सुबह ही हिसार, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, जींद और अंबाला में खाप प्रतिनिधियों और किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया।
- हरियाणा में सभी टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात कर दी गई। महापंचायत के लिए दिल्ली जाने वालों को हिरासत में ले लिया गया।

अंबाला में BKU शहीद भगत सिंह के सदस्यों की पुलिस से झड़प हो गई। इसके बाद वहां माहौल तनावपूर्ण बन गया।

रोहतक में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक महिला किसान बेहोश हो गई।

रोहतक में पुलिस ने महापंचायत में जा रही महिलाओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान महिलाएं सड़क पर लेट गईं।
हरियाणा-यूपी-पंजाब समेत 5 राज्यों के किसान आने वाले थे महिला महापंचायत में
दिल्ली में नए संसद भवन के बाहर ये महापंचायत भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर होनी थी। बृजभूषण की गिरफ्तारी के लिए पहलवान विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक की अगुआई में जंतर-मंतर पर 23 अप्रैल से धरना चल रहा है। महिला महापंचायत में हरियाणा के अलावा यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब और दिल्ली की खापों के लोग और किसानों शामिल होने वाले थे।
महिला महापंचायत पर पुलिस एक्शन की तस्वीरें…

महापंचायत में आने वालों को न रोकने की अपील करते पहलवान बजरंग पूनिया।

अंबाला के गुरुद्वारा मंजी साहिब में पंजाब की महिलाओं का जत्था रुका था। पुलिस ने शनिवार रात में ही गुरुद्वारे को चारों तरफ से घेरकर सील कर दिया।

अंबाला में पुलिस और किसान के बीच झड़प हो जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने किसानों को दिल्ली की तरफ बढ़ने नहीं दिया।
बारिश की वजह से IPL फाइनल का टॉस तक नहीं हो सका, आज शाम को मुकाबला
गुजरात और चेन्नई के बीच होने वाला IPL फाइनल बारिश की वजह से टल गया है। दोनों टीमों के बीच टॉस भी नहीं हो सका। मैच आज शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। लेकिन आज भी अहमदाबाद में बारिश की आशंका है। ऐसे में अगर रात 9:35 बजे तक मैच शुरू हुआ तो पूरे 20 ओवर का खेल होगा।
9:35 बजे के बाद मैच शुरू होने पर ओवर्स कम किए जाएंगे। 9:45 बजे मैच शुरू होने पर 19 ओवर, 10 बजे 17 ओवर और 10:30 बजे 15-15 ओवर का खेल होगा। अगर रात 12:06 बजे तक कट-ऑफ टाइम रहेगा, अगर तब तक भी 5-5 ओवर का खेल शुरू नहीं हुआ तो मैच रद्द करार दिया जाएगा।
PM मोदी ने नई संसद का इनॉगरेशन किया, राहुल बोले- प्रधानमंत्री इसे राज्याभिषेक समझ रहे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन का इनॉगरेशन किया। उन्होंने सेंगोल को साष्टांग प्रणाम कर इसे सदन में स्पीकर की कुर्सी के बगल में स्थापित किया। वहीं राहुल गांधी का कहना है कि प्रधानमंत्री संसद भवन के उद्घाटन को राज्याभिषेक समझ रहे हैं।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने नई संसद की तुलना ताबूत से की। पार्टी ने ट्वीट में एक तरफ ताबूत और दूसरी ओर पार्लियामेंट की नई बिल्डिंग की तस्वीर लगा कर पूछा कि ये क्या है? इसके जवाब में बिहार भाजपा ने ट्वीट किया- पहला चित्र आपका भविष्य है और दूसरा भारत का।
2024 लोकसभा चुनाव के बाद ही जनगणना होगी, पहली बार डिजिटली कराई जाएगी
अगले साल अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले कर्मचारियों को वोटर लिस्ट अपडेट करनी है। ऐसे में जनगणना का काम अब लोकसभा चुनाव के बाद ही होगा। जनसंख्या रजिस्टर (NPR) अपडेट करने का काम 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2020 तक होना था, जो लॉकडाउन के कारण नहीं हुआ।
पहली बार डिजिटल जनगणना होगी। यानी इसमें लोगों को अपनी जानकारी खुद भरने का मौका मिलेगा। लोग सरकारी कर्मचारियों के बजाय खुद जनगणना फॉर्म भर सकेंगे। इसके लिए आधार और मोबाइल नंबर देना जरूरी होगा। हालांकि अभी तक इसका पोर्टल लॉन्च नहीं किया गया है।
अफसरों को रेप की साजिश में फंसाना चाहते थे इमरान, जांच एजेंसियों ने कॉल रिकॉर्ड की

इमरान खान ने होम मिनिस्टर के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। (फाइल)
पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह के मुताबिक- पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान फौज, ISI और मुल्क की दूसरी एजेंसियों को दुनिया में बदनाम करना चाहते थे। उन्होंने साजिश रची थी कि 9 मई की हिंसा मामले में आरोपी महिलाओं की गिरफ्तारी के दौरान जांच एजेंसियों पर रेप का आरोप लगवाया जाए। एक कॉल रिकॉर्ड हो गई और इस तरह यह साजिश उजागर हो गई।
9 मई 2023 को इमरान खान को 60 अरब रुपए के अल कादिर ट्रस्ट घोटाले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद इमरान समर्थकों ने आर्मी से जुड़े कई ठिकाने तक जला दिए थे। हिंसा में 8 लोगों की मौत हुई थी। इमरान का दावा था कि पुलिस फायरिंग में 25 लोगों की मौत हुई थी।
अब हिंसा में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। आरोपियों में 300 से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं। होम मिनिस्टर का दावा है कि खान अपनी इन्हीं महिला समर्थकों के जरिए जांच एजेंसियों पर रेप का आरोप लगवाने की साजिश रच रहे थे।

पाकिस्तान के होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने इमरान को झूठा नेता बताया है।
देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस
- राणा सनाउल्लाह ने शनिवार देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। इसमें इमरान के द्वारा रची गई साजिश की विस्तार से जानकारी दी गई। हालांकि, वो कॉल रिकॉर्डिंग नहीं सुनाई गई, जिसको ट्रैस किया गया है।
- होम मिनिस्टर ने कहा- सही वक्त पर दुनिया को इस रिकॉर्डिंग और उसकी फोरेंसिक रिपोर्ट की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल, यह पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में खान के अलावा और कौन लोग शामिल थे। इनकी पहचान की जा रही है।
- राणा ने कहा- 9 मई को जिन्ना हाउस और आर्मी हेडक्वॉर्टर पर हमला महिलाओं को आगे रखकर किया गया था। इनमें से कई महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और कुछ की तलाश की जा रही है। इमरान ने साजिश रची कि अगर जांच एजेंसियों के लोगों पर रेप के आरोप लगाए जाएंगे तो वो दबाव में आ जाएंगे। इसके अलावा खान के खिलाफ भी जांच थम जाएगी। हमने वक्त रहते इस साजिश का पता लगा लिया। ये मुल्क को बदनाम करना चाहते हैं।
- सनाउल्लाह ने कहा- अवाम को यह जानकारी देना बहुत जरूरी थी, लिहाजा मैंने इतनी रात में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अब यह साफ हो गया है कि कानून से बचने के लिए इमरान और उनके साथी किस हद तक जा सकते हैं।

खान की यह तस्वीर 9 मई की है। वे घर से इस्लामाबाद हाईकोर्ट के लिए निकल रहे थे। कुछ घंटे बाद उनकी हाईकोर्ट से गिरफ्तारी हुई।
इमरान का जवाब
होम मिनिस्टर के आरोपों का जवाब इमरान ने सोशल मीडिया पर दिया। हालांकि, उन्होंने ये नहीं बताया कि सरकार के पास ऐसी कोई कॉल रिकॉर्डिंग मौजूद है या नहीं। खान ने कहा- मुझ पर आरोप लगाकर सरकार उन लोगों को बचाना चाहती है जो मेरे समर्थकों को खौफनाक तौर पर टॉर्चर कर रहे हैं।
क्या है अल-कादिर ट्रस्ट केस
- सरकार के मुताबिक खान जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने लैंड माफिया मलिक रियाज को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाया। लंदन में उसके 40 अरब जब्त कराए। बाद में ये पैसा ब्रिटेन सरकार ने पाकिस्तान को सौंप दिया। इमरान ने यह जानकारी कैबिनेट को भी नहीं दी। आरोप है कि यह पैसा एक सीक्रेट अकाउंट के जरिए इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के खाते में ट्रांसफर कराई गई। कुल मिलाकर यह घोटाला 60 अरब पाकिस्तानी रुपए का है।
- इसके बाद इमरान ने अल कादिर ट्रस्ट बनाया। इसने मजहबी तालीम देने के लिए अल कादिर यूनिवर्सिटी बनाई। इसके लिए अरबों रुपए की जमीन मलिक रियाज ने दी। बुशरा बीबी को डायमंड रिंग भी गिफ्ट की। बदले में रियाज के तमाम केस खत्म कर दिए गए। उसे करोड़ों रुपए के सरकारी ठेके भी मिले।
- होम मिनिस्टर राणा सनाउल्लाह ने कहा- 60 अरब रुपए की चपत सरकारी खजाने को लगी। 13 महीने में एक बार भी इमरान या बुशरा पूछताछ के लिए नहीं आए। 4 साल बाद भी इस यूनिवर्सिटी में 32 स्टूडेंट्स ही हैं।

इमरान खान की कई महिला समर्थक भी पार्टी छोड़ चुकी हैं। इनमें एक नाम पूर्व मंत्री मलिका बुखारी का भी है। वो पिछले हफ्ते जेल से रिहा हुईं थीं।
सैम्पल जांच में शराब-कोकीन मिले
- पाकिस्तान सरकार ने 2 दिन पहले इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट जारी की थी। खान को 9 मई को नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो यानी NAB ने 60 अरब रुपए के अल कादिर ट्रस्ट स्कैम में गिरफ्तार किया था।
- कस्टडी में लेने के बाद खान का मेडिकल टेस्ट कराया गया था। यह रिपोर्ट सामने आती, इससे पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने खान को तमाम केसों में जमानत दे दी थी। अब इस रिपोर्ट के कुछ हिस्से हेल्थ मिनिस्टर अब्दुल कादिर पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पढ़कर सुनाए।
- हेल्थ मिनिस्टर अब्दुल कादिर पटेल ने कहा- इमरान दावा करते रहे कि सात महीने पहले वजीराबाद में उन पर जानलेवा हमला हुआ था और इसमें उनके पैर में गोली लगी थी। वो 6 महीने तक जहां जाते थे, पैर में प्लास्टर लगाकर जाते। सीनियर डॉक्टर्स के पैनल ने जो रिपोर्ट दी है, उसमें फ्रैक्चर की बात तो दूर, खरोंच तक नहीं मिली।
- पटेल ने आगे कहा- खान के यूरिन सैम्पल में शराब और कोकीन (टॉक्सिक सब्सटेंस) मिली है। सबसे हैरानी की बात यह है कि खान को मेंटली अनफिट बताया गया है। सोचिए यह शख्स हमारे मुल्क का करीब चार साल तक वजीर-ए-आजम रहा। खान की दिमागी हालत पर मेडिकल पैनल ने लिखा- मेंटल स्टेबिलिटी इज क्वेश्चेनेबल।
- मीडिया के सवालों के जवाब में पटेल ने कहा- खान की मेडिकल रिपोर्ट इसलिए जारी की जा रही है, क्योंकि यह पब्लिक डॉक्यूमेंट है। नशे के आदी इस आदमी ने पाकिस्तान के युवाओं को भी गलत रास्ते पर डाल दिया। डॉक्टर्स ने साफ कहा है कि इमरान मेंटली फिट नहीं हैं।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर हुई घटना के संबंध में प्रदर्शन आयोजकों सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज़ की है। प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं 147, 149, 186, 188, 332, 353, पीडीपीपी अधिनियम की धारा 3 के तहत दर्ज़ की गई है।
बांद्रा-वर्सोवा समुद्र सेतु का नाम करण वीर सावरकर के नाम पर होगा- सीएम एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज वीर सावरकर की जयंती के मौके पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वीर सावरकर जयंती के दिन सरकार ने वीर सावरकर गौरव दिन मनाने का फैसला किया है। सरकार ने बांद्रा-वर्सोवा समुद्र सेतु का नाम करण वीर सावरकर के नाम पर करने का फैसला किया है। अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को वीर सावरकर वीरता पुरस्कार देने का फैसला किया है। नई संसद के उद्घाटन के मौके पर शिंदे ने कहा कि लोकशाही का पवित्र मंदिर का लोकार्पण वीर सावरकर की जयंती के एतिहासिक दिन पर हुआ है। यह सभी लोगों के लिए एतिहासिक घटना थी। देश के 140 करोड़ लोग इसमें सहभागी बने और इसमें सभी लोगों (विपक्षी दल) को हिस्सा लेना चाहिए था।
नई संसद सहित सेंट्रल विस्टा परियोजना को दी गई थी कोर्ट में चुनौती, दायर हुई थी कई याचिकाएं
नई दिल्ली: देश के सत्ता गलियारे की महत्वाकांक्षी पुनर्विकास परियोजना ‘सेंट्रल विस्टा’ को पिछले कुछ वर्षों में कई कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इस परियोजना में नया संसद भवन भी शामिल है जिसका रविवार को उद्घाटन किया गया। इस परियोजना की घोषणा सितंबर 2019 में की गई थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 दिसंबर, 2020 को नये संसद भवन की आधारशिला रखी थी। परियोजना से संबंधित सभी विवाद निरपवाद रूप से दिल्ली हाई कोर्ट और उच्चतम न्यायालय में आते रहे। इसमें नवीनतम एक जनहित याचिका थी जिसमें एक वकील ने नये संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा कराये जाने के लिए लोकसभा सचिवालय को निर्देश देने का अनुरोध किया था।
बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी, पहलवानों को रिलीज की डिमांड, स्वाती मालीवाल का दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र
दिल्ली महिला आयोग की चीफ स्वाती मालीवाल ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग की है। इसके साथ मालीवाल ने आज हिरासत में लिए गए पहलवानों को भी जल्द रिलीज करने की डिमांड की है। स्वाती ने उन पुलिस अफसरों पर भी कार्रवाई करने की मांग की है जिन्होंने इन पहलवानों को हिरासत में लिया है।





