कर्नाटक में मुख्यमंत्री किसे बनाया जाए? कर्नाटक CM का ऐलान आज संभव:शिवकुमार बोले- मैं सिंगल मैन मेजॉरिटी; WTC फाइनल से पहले क्रिकेट नियमों में बदलावविधायकों की राय लेने के बाद कांग्रेस ऑब्जर्वर्स आज अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। बीजेपी को अपदस्थ करने वाली कांग्रेस में सीएम पद के लिए सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच रेस तेज है। उधर, न्यायपालिका पर टिप्पणी को लेकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और कानून मंत्री किरेन रिजीजू के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी है। सुप्रीम कोर्ट आज इस संबंध में एक याचिका पर सुनवाई करेगा। बॉम्बे हाई कोर्ट से मायूसी के बाद याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। वहीं, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान आज लाहौर हाई कोर्ट के सामने पेश हो सकते हैं।
कांग्रेस हाईकमान आज कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर सकती है। कांग्रेस के तीनों ऑब्जर्वर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपनी रिपोर्ट सौंप चुके हैं। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया गया था। सिद्धारमैया दिल्ली पहुंचे। वहीं शिवकुमार ने कहा है कि वे पेट में इन्फेक्शन की वजह से नहीं जा सके, लेकिन आज जाने की कोशिश करेंगे।
इससे पहले शिवकुमार ने कहा था, ‘मैं सिंगल मैन मेजॉरिटी हूं। मैं मानता हूं एक व्यक्ति साहस होने पर मेजॉरिटी बन जाता है।’ वहीं कर्नाटक के कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि ऑब्जर्वर्स ने खड़गे को रिपोर्ट के जरिए विधायकों की राय बता दी है। लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष, डी. के. शिवकुमार, सिद्धारमैया और राज्य के बाकी नेताओं के साथ चर्चा करना चाहते हैं।
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच 7 जून से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल खेला जाना है। इससे पहले ICC ने क्रिकेट के कई नियमों में बदलाव किए हैं। सॉफ्ट सिग्नल के नियम को खत्म कर दिया गया है। यानी अब थर्ड अंपायर ही तय करेगा कि फील्डर ने कैच सही तरह से पकड़ा है या नहीं। हाई रिस्क पोजिशन में फील्डर्स, विकेटकीपर और बैटर्स का हेलमेट पहनना भी जरूरी होगा, नियम 1 जून से लागू होंगे।
सिद्धारमैया को 90 MLA का सपोर्ट, 3 साल बाद डीके शिवकुमार CM बनाए जा सकते हैं

दोनों ही तस्वीरें बेंगलुरु की हैं। अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया अपने आवास से दिल्ली के लिए निकलते हुए।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, करीब 90 विधायक सिद्धारमैया के साथ हैं। CM का नाम फाइनल करने से पहले बेंगलुरु में विधायकों की दोबारा मीटिंग होगी। इसके बाद वहीं से इसका ऐलान किया जाएगा। सिद्धारमैया को CM और उनके अंडर में तीन डिप्टी CM बनाए जा सकते हैं। कांग्रेस संगठन से जुड़े लोगों ने डीके शिवकुमार की ऑर्गेनाइजेशनल स्किल को देखते हुए उन्हें CM बनाने की वकालत की है।
कांग्रेस से जुड़े एक सीनियर लीडर के मुताबिक, 5 साल के कार्यकाल में 3 साल सिद्धारमैया और आखिरी के दो साल डीके शिवकुमार को CM बनाया जा सकता है। सिद्धारमैया कुरुबा कम्युनिटी से आते हैं और पिछड़ी जातियों के बीच उनकी मजबूत पकड़ है। कांग्रेस इसी का फायदा लोकसभा चुनाव में उठाना चाहती है। वहीं, डीके शिवकुमार को डिप्टी CM बनाकर वोक्कालिगा को साधने की तैयारी है।
इससे पहले पार्टी हाईकमान ने CM पद के बड़े उम्मीदवारों- सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार को दिल्ली बुलाया। सिद्धारमैया दिल्ली पहुंच चुके हैं, वहीं डीके शिवकुमार ने कहा है कि वे पेट में इन्फेक्शन होने की वजह से सोमवार को दिल्ली नहीं जा पाए। वे आज दिल्ली जाने की कोशिश करेंगे।
डीके ने कहा कि कांग्रेस के पास 135 विधायक हैं, लेकिन मेरे पास एक भी विधायक नहीं है। मैंने फैसला कांग्रेस हाईकमान पर छोड़ दिया है। इससे पहले शिवकुमार ने कहा था- मैं सिंगल मैन मेजॉरिटी हूं। मैं मानता हूं एक व्यक्ति साहस होने पर मेजॉरिटी बन जाता है।

शिवकुमार ने पहले दिल्ली जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने दौरा रद्द कर दिया।
डीके बोले- पार्टी ने मेरी अध्यक्षता में 135 सीटें जीतीं
डीके शिवकुमार ने मीडिया से कहा कि पार्टी ने मेरी अध्यक्षता में 135 सीटें जीतीं। जब हमारे विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद सरकार गिर गई थी, तब भी मैंने हिम्मत नहीं हारी। पिछले 5 साल में क्या हुआ, यह मैं नहीं बताऊंगा।
इससे पहले उन्होंने कहा था कि मुझे जो काम सौंपा गया था, वो मैंने पूरा कर दिया है। मुझे नहीं पता, जन्मदिन पर हाईकमान मुझे क्या तोहफा देगा। कर्नाटक के लोग पहले ही हमें नंबर्स दे चुके हैं।
विधायक दल की मीटिंग में डीके ने केक काटा
यह मीटिंग बेंगलुरु के शांगरी-ला में रविवार रात हुई। इस दौरान डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया मौजूद थे। सिद्धारमैया ने प्रस्ताव रखा कि मुख्यमंत्री का चुनाव खड़गे ही करें। डीके समेत बाकी विधायकों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। विधायक दल की बैठक के दौरान होटल के बाहर डीके और सिद्धारमैया के समर्थकों ने नारेबाजी की।
इस मीटिंग से पहले डीके शिवकुमार ने अपने जन्मदिन का केक काटा था। उन्होंने चुनाव में जीत को जन्मदिन का सबसे बड़ा तोहफा बताया था।

रविवार शाम को शिवकुमार ने केक काटा। इस दौरान सिद्धारमैया (बाएं) उनके बगल बैठे नजर आए।

डीके शिवकुमार के जन्मदिन के मौके पर उनके समर्थकों ने उनके घर के बाहर पोस्टर लगाया।

बेंगलुरु के शांगरी-ला होटल के बाहर नारेबाजी करते शिवकुमार-सिद्धारमैया के समर्थक।
अध्यात्मिक गुरु से मिले डीके, कहा- 134 सीटें मांगी थीं, ज्यादा मिलीं
डीके शिवकुमार ने रविवार को नोनाविनकेरे कदासिद्देश्वर मठ प्रमुख से मुलाकात की। वे डीके के अध्यात्मिक गुरु हैं। मुलाकात के बाद शिवकुमार बोले- यह मठ मेरे लिए एक पवित्र स्थान है। स्वामीजी ने हमेशा मेरा मार्गदर्शन किया है। जब इनकम टैक्स का छापा पड़ा, तब भी स्वामीजी ने मुझे पूरा मार्गदर्शन दिया। मैंने 134 सीटों की मांग की और मुझे उससे ज्यादा मिलीं।

तुमकुरु में कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सिद्धगंगा मठ के पुजारी सिद्धलिंग महास्वामी से मुलाकात की।
ICC ने क्रिकेट के नियमों में बदलाव किए, अब 3 कंडीशंस में हेलमेट पहनना भी अनिवार्य
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने क्रिकेट के नियमों में बदलाव किए हैं। अब दिन का ओवर पूरा नहीं होने तक नेचुरल रोशनी में कोई दिक्कत आ रही है तो अंपायर फ्लड लाइट्स भी ऑन करा सकते हैं। 3 कंडीशंस में फील्डर्स, विकेटकीपर और बैटर्स का हेलमेट पहनना भी जरूरी होगा। पहला- जब बैटर्स फास्ट बॉलर्स के सामने बैटिंग करें। दूसरा- जब विकेटकीपर स्टंप्स के पास खड़े हों।
तीसरा- जब फील्डर्स पिच के सामने बैटर्स के करीब खड़े हों। ICC की अपनी साइट पर फ्री हिट नियम में भी बदलाव से जुड़ी जानकारी रिलीज की थी। इसमें लिखा था कि, अब अगर फ्री हिट पर बल्लेबाज बोल्ड होता है और गेंद डिफ्लेक्ट होने पर बल्लेबाज रन लेता है तो वो रन बल्लेबाज के ही खाते में जाएंगे। हालांकि बाद में ICC ने अपनी रिलीज को एडिट किया और उसमें से यह नियम हटा दिया।
पायलट का राज्य सरकार को 15 दिन अल्टीमेटम, मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट ने 5 दिन की पदयात्रा खत्म होने के बाद गहलोत सरकार के सामने तीन मांगे रखीं। साथ ही इन्हें पूरा करने के लिए राज्य सरकार को 15 दिन का अल्टीमेट दिया। पहली मांग कि राजस्थान लोक सेवा आयोग को भंग किए जाए। दूसरी- जिन युवाओं के पेपर लीक से नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा मिले। और तीसरी- वसुंधरा सरकार के दौरान हुए करप्शन की जांच हो।
पायलट ने कहा, ‘इस महीने के आखिर तक यदि ये मांगें नहीं मानी गईं तो पूरे प्रदेश में हम आंदोलन करेंगे। गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि हम बिना पद के गाली खा-खाकर संगठन के लिए काम कर रहे हैं और आप सत्ता में बैठकर मलाई खा रहे हो। लोग यह सुन लें कि मुझे किसी सीमा में न बांधें, मैं किसी एक धर्म या समाज का नहीं हूं। मैं 36 कौम का बेटा हूं। राजस्थान का बेटा हूं।
4. शाह बोले- आर्टिकल 370 शुरू से ही अस्थायी प्रावधान था, इसकी डिबेट्स भी गायब थी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली में लेजिस्लेटिव ड्राफ्टिंग पर आयोजित ट्रेनिंग प्रोग्राम के उद्घाटन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आर्टिकल 370 शुरू से ही अस्थायी प्रावधान था। संविधान निर्माताओं ने इसे बहुत ही समझदारी से संविधान में रखा था। 2019 में भाजपा सरकार ने इसे खत्म कर दिया था क्योंकि पूरा देश यही चाहता है था। इस आर्टिकल की डिबेट्स भी रिकॉर्ड से गायब थी।
शाह ने आगे कहा- पुराने संविधान के इंडेक्स में लिखा हुआ था- टेम्परेरी प्रोविजन ऑफ ऑर्टिकल 370, भला कोई ऑर्टिकल टेम्परेरी हो सकता है। जिसने भी यह ऑर्टिकल ड्राफ्ट किया होगा, कितनी बुद्धिमता के साथ टेम्परेरी शब्द जोड़ा गया। मैं इतना ही कहना चाहता हूं, कि जब हम कानून लिखते हैं, उस वक्त लेजिस्लेटिव की मंशा को सरल और स्पष्ट शब्दों में व्ख्याया करते हुए लिखना चाहिए।
इमरान की जमानत पर आज सुनवाई, रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के सामने प्रदर्शन

पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान की जमानत याचिका पर आज लाहौर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। अल कादिर ट्रस्ट में गिरफ्तारी के बाद मुल्क में भड़की हिंसा को लेकर इमरान पर केस दर्ज किया गया था। इसी मामले में उन्होंने जमानत के लिए अपील की है। खान की रिहाई के खिलाफ सत्ताधारी गठबंधन दल के कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम कोर्ट का गेट फांदकर अंदर घुसने की कोशिश की। इस वजह से सुरक्षाकर्मियों ने जजों को पिछले दरवाजे से बाहर निकाला। दूसरी तरफ, अल कादिर ट्रस्ट केस में इमरान की पत्नी बुशरा को 23 मई तक गिरफ्तारी से राहत मिल गई है। पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने कहा है कि चीफ जस्टिस के खिलाफ संसदीय कमेटी बनेगी।
मणिपुर में हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने के निर्देश
गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ़ सख्त करवाई के दिए निर्देश। राज्य में शांति के लिए केंद्र हर संभव मदद करेगा। गृह मंत्री ने रविवार को राज्य के मुख्यमंत्री और दोनों समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ लगातर कई मीटिंग की।
मैं शरीयत की मारी, तलाक पर हो हिंदुओं जैसा कानून… क्रिकेटर मो. शमी की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में लगाई गुहार
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य गेंदबाज मोहम्मद शमी इस समय अपनी बोलिंग से आईपीएल में कमाल कर रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर उनकी पत्नी हसीं जहां ने भारत की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। शमी और उनकी पत्नी के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। दोनों के बीच बात तलाक तक पहुंच गई है। इस बीच शमी की पत्नी ने शीर्ष अदालत से यह मांग की है कि भारत में तलाक के लिए एक जैसा कानून होना चाहिए। दायर याचिका में कहा गया है कि मुसलमानों में तलाक-उल-हसन और न्यायिक दायरे के बाहर तलाक देने की जो परंपरा है उसे रद्द करना चाहिए।
पाकिस्तान की संसद ने इमरान खान को की खुलेआम फांसी देने की मांग
पड़ोसी देश पाकिस्तान में हालात ठीक नहीं है। अल कादिर ट्रस्ट केस में इमरान खान की गिरफ्तारी और बाद में रिहाई ने माहौल गरमा दिया है। आज वहां कि संसद ने तो आज इमरान खान को खुलेआम फांसी देने की मांग की है। पाकिस्तान के विपक्ष के नेता रियाज अहमद खान ने कहा कि इमरान खान को सरेआम फांसी देनी चाहिए।
पाक के सत्तारूढ़ गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट के बाहर विरोध-प्रदर्शन
पाकिस्तान के सत्तारूढ़ गठबंधन डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को राहत प्रदान करने पर सुप्रीम कोर्ट के बार विरोध-प्रदर्शन किया। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने बताया कि इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र (आईसीटी) पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया। (IANS)





