अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

ब्रेकिंग न्यूज: ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तानियों का हमला, 18 राज्यों में बेमौसम बारिश

Share

कट्टरपंथी उपदेशक अमृतपाल सिंह अब भी फरार है। पूरे पंजाब में मोबाइल इंटरनेट और SMS पर रोक बढ़ा दी गई है। राज्‍य भर में फ्लैग मार्च किया गया। वहीं, दिल्‍ली-एनसीआर के लिए आज मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। बारिश के साथ तेज हवाओं और ओलों से बचने की सलाह दी गई है। दिल्‍ली में आज किसानों का जमावड़ा लगने वाला है। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले ‘किसान महापंचायत’ हो रही है। दिल्‍ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इधर, सुप्रीम कोर्ट में आज कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की याचिका पर सुनवाई होगी। खेड़ा ने पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्‍पणी मामले में दर्ज FIRs को एक में मिलाने की गुहार लगाई है।

पंजाब पुलिस ने खालिस्तान समर्थक अमृतपाल और उसके 7 साथियों पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इनके पास से अवैध राइफल और कारतूस मिले हैं। पुलिस अमृतपाल की तलाश कर रही है, वहीं उनके वकील ने कहा है कि उन्हें पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। राज्यभर में मोबाइल इंटरनेट सर्विस पर लगा बैन आज दोपहर 12 बजे तक बढ़ा दिया गया है।

वहीं, जालंधर रेंज के DIG स्वप्न शर्मा ने बताया कि अमृतपाल का कनेक्शन पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से है। वो आनंदपुर खालसा फोर्स (AKF) नाम से प्राइवेट आर्मी बनाने की तैयारी में था। उसके घर और साथियों से बरामद हथियारों पर AKF लिखा है। अमृतसर पुलिस के मुताबिक, अमृतपाल के एक करीबी से 100 से ज्यादा अवैध कारतूस मिले। उसे ये कारतूस अमृतपाल ने दिलाए थे।

उधर, 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया 234 बॉल रहते हार गई। यह हमारी वनडे इतिहास की सबसे बड़ी हार (विकेट और बची बॉल के लिहाज से) है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के 118 रनों का टारगेट 11 ओवर में बगैर विकेट गंवाए हासिल कर लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 26 ने ओवर में 117 रन बनाए थे।

1. अमृतपाल का ISI से कनेक्शन- पंजाब पुलिस, 4 साथियों को असम की डिब्रूगढ़ जेल पहुंचाया

अमृतपाल के लिंक ISI के साथ जुड़े होने के संकेत मिलने के बाद केंद्र सरकार अलर्ट पर है। उधर, पंजाब पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किए गए अमृतपाल के 4 साथियों को असम के डिब्रूगढ़ पहुंचा दिया। इन्हें वहां की हाई सिक्योरिटी जेल में रखा जाएगा। पुलिस की विशेष टीम इन्हें रातोंरात अमृतसर से विशेष फ्लाइट में डिब्रूगढ़ ले गई। हालांकि इन चारों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।

अमृतपाल के वकील ने रविवार को पंजाब एवं चंडीगढ़ हाईकोर्ट में हैबियस कॉर्पस पिटिशन यानी बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की। याचिका में दावा किया गया कि पंजाब पुलिस अमृतपाल सिंह को पकड़ चुकी है, मगर उसकी गिरफ्तारी दिखाई नहीं जा रही। हाईकोर्ट के जस्टिस शेखावत के घर हुई सुनवाई में अदालत ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।

2. रेप से जुड़े बयान पर राहुल गांधी से पूछताछ, कांग्रेस नेता ने पुलिस को 4 पेज में जवाब दिया
राहुल गांधी के श्रीनगर में दिए गए बयान पर पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस उनके घर पहुंची। दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा के आखिरी दिन राहुल ने कहा था कि कुछ महिलाएं उनसे मिलने आई थीं। जिन्होंने बताया कि उनके साथ रेप और मोलेस्टेशन हुआ है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि हमने राहुल गांधी से उनके बयान के संबंध में जानकारी मांगी है। उन्होंने जबाव देने के लिए कुछ वक्त मांगा है।

हालांकि राहुल ने दिल्ली पुलिस को मेल के जरिए 4 पेज का जवाब भेजा। शुरुआती जवाब में राहुल ने कहा,’ क्या यह मेरे अडाणी पर दिए गए बयान की वजह से हो रहा है। मैंने बयान 45 दिन पहले दिया था, जिस पर अब अचानक नोटिस देने की क्या जरूरत पड़ गई? देश में अभी भी महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न हो रहा है।’ वहीं, कांग्रेस ने ट्विटर पर लिखा, ‘सावरकर समझा क्या… नाम- राहुल गांधी है।’
3. वनडे में भारत की सबसे बुरी हार, ऑस्ट्रेलिया ने 234 बॉल रहते 10 विकेट से हराया

3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हरा दिया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 3 रन के टीम स्कोर पर ओपनर शुभमन गिल एक रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने पॉइंट पर मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच कराया। फिर रोहित शर्मा भी 13 रन बनाने के बाद स्टार्क की ही बॉल पर आउट हुए।

देश के कई राज्यों में बेमौसम बारिश हो रही है। रविवार शाम मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली-NCR में जमकर बारिश हुई। राजस्थान के कई जिलों में रविवार को भी बारिश के साथ ओले गिरे। वहीं, IMD ने उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में दो दिन बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।

बारिश और ओले गिरने से राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। शुरुआती सर्वे के मुताबिक मध्य प्रदेश और यूपी में बारिश से फसलों को 25% तक नुकसान हुआ है। कुछ जिलों में नुकसान 85% तक दर्ज किया गया।

राजस्थान के कई जिलों में बारिश, ओले भी गिरे

राजस्थान के कई जिलों में रविवार को ओले गिरने के साथ अच्छी बारिश हुई। जयपुर, अलवर, बांसवाड़ा में दोपहर में अचानक मौसम बदला और भारी बारिश हुई। बेमौसम हो रही बारिश ने किसानों की फसलों का काफी नुकसान हो रहा है। कुछ किसानों ने फसलें काटकर खेत में रखी थी, जो बारिश में खराब हो गईं। 

मध्यप्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा

मध्यप्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। रविवार की दोपहर करीब 3 बजे सागर, खंडवा और खरगोन में जमकर बारिश हुई। प्रदेश में 14 मार्च से दो सिस्टम एक्टिव हैं। 16-17 मार्च से सिस्टम ज्यादा स्ट्रॉन्ग हो गया। इस वजह से बारिश होने के साथ ओले गिर रहे हैं। उधर, इंदौर के पास शिप्रा इलाके में 17 साल के नाबालिग छात्र की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।

मौसम विभाग के मुताबिक 20 मार्च तक आधे से ज्यादा मध्यप्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग में प्रशासन ने शुरुआती सर्वे में 60 से 85% नुकसान का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन तक राज्य में बारिश होगी। इसके बाद 21-22 मार्च को बारिश का दौर हल्का हो जाएगा। 

21 मार्च तक बिहार के कई जिलों में ओले गिरने की आशंका

बिहार में शनिवार रात 11 बजे राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर समेत बिहार के अन्य जिले में भी झमाझम बारिश हुई। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान, बांग्लादेश और अन्य इलाकों में बने साइक्लोन के असर से बिहार का मौसम बदला है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे तक तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश हाेने के साथ 21 मार्च तक कई जिलों में फिर से ओले गिरने की संभावना है। इधर, पटना में शनिवार काे दिनभर आसमान साफ रहा, लेकिन, शाम के बाद आसमान में बादल छाने लगे।

यूपी के आगरा-झांसी में बारिश, अगले 5 दिन बादल छाए रहेंगे

यूपी में मौसम का उलटफेर लगातार चौथे दिन रविवार को भी जारी है। सुबह आगरा और झांसी में जमकर बारिश हुई। मथुरा, गाजियाबाद में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात ओले गिरे थे। प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या समेत कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब अगले 5 दिन तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही रहेगा। 

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बादल छाए, 20 मार्च तक बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में रविवार को भी बादल छाए हुए हैं, वहीं कई जगहों पर हल्की बारिश हो रही है। बारिश के चलते राजधानी रायपुर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 20 मार्च तक बारिश की संभावना जताई है


5. जंग के बाद पुतिन का पहला यूक्रेन दौरा, मारियुपोल में कार चलाई, आम लोगों से भी मिले

रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के एक साल बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन पहली बार यूक्रेन पहुंचे। पुतिन ने रूसी कब्जे वाले मारियुपोल शहर का दौरा किया। पुतिन ने यूक्रेन में फौजी अफसरों के अलावा आम लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने डिप्टी PM मर्रत खुशनुलिन के साथ मारियुपोल में कार चलाई।

​​​​मारियुपोल पर मई 2022 से रूस का कब्जा है। यहां जंग के कई दिनों बाद रूस को कामयाबी मिली। मारियुपोल में यूरोप का सबसे बड़ा एजोवस्तल स्टील प्लांट भी था। यहां जाने से एक दिन पहले पुतिन क्रीमिया भी गए थे। रूस ने 2014 में क्रीमिया पर एक जनमत संग्रह के आधार पर कब्जा कर लिया था।

  • ग्लोबल वार्मिंग पर मंथन कर रहे 195 देश, रिपोर्ट आज
  • स्विट्जरलैंड का इंटरलेकन शहर इन दिनों जलवायु परिवर्तन के संकट पर मंथन का अहम केंद्र बना हुआ है। वहां 195 देशों के प्रतिनिधि जलवायु परिवर्तन के संकट पर संयुक्त राष्ट्र से जुड़ी संस्था IPCC की सिंथेसिस रिपोर्ट को अंतिम रूप दे रहे हैं। रविवार तक चलने वाली इन बैठकों का नतीजा सोमवार को रिपोर्ट के रूप में सामने आएगा। इस रिपोर्ट का प्रभाव इसी साल दिसंबर में दुबई में होने वाले संयुक्त राष्ट्र के सम्मेलन COP28 पर भी दिखेगा।

ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तानियों का हमला, तिरंगे का किया अपमान

लंदन: पंजाब में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग पर हमला हुआ है। खालिस्तानी हमलावरों ने इस दौरान तिरंगे का अपमान किया। कुछ खालिस्तानियों ने उच्चायोग में तोड़फोड़ भी की है। इस घटना से नाराज भारत ने ब्रिटेन उच्चायोग के उप प्रमुख को तलब किया क्योंकि उच्चायुक्त एलेक्स एलिस दिल्ली से बाहर हैं। एलिस ने ट्वीट कर इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा है कि मैं लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग परिसर और वहां के लोगों के खिलाफ आज के घृणित कृत्यों की निंदा करता हूं। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। इस घटना के बाद भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इससे पहले भी ब्रिटेन में कई बार भारतीय उच्चायोग पर हमले हो चुके हैं। लेकिन, हर बार ब्रिटिश सरकार आंखें मूंद लेती है और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

इस घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि लंदन में भारतीय उच्चायोग के खिलाफ अलगाववादी और चरमपंथी तत्वों द्वारा की गई कार्रवाई पर भारत के कड़े विरोध को व्यक्त करने के लिए आज देर शाम ब्रिटेन के वरिष्ठतम राजनयिक को तलब किया गया है। इस दौरान ब्रिटिश सुरक्षाकर्मियों की गैरमौजूदगी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया, जिसने इन तत्वों को उच्चायोग परिसर में प्रवेश करने की अनुमति दी थी। ब्रिटेन में भारतीय राजनयिक परिसरों और कर्मियों की सुरक्षा के प्रति यूके सरकार की उदासीनता को भारत अस्वीकार्य मानता है।

ब्रिटेन में ताकतवर है खालिस्तानी लॉबी

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर काम करने वाली खालिस्तानी लॉबी ब्रिटेन में काफी मजबूत है। पाकिस्तान के इशारे पर ये खालिस्तानी लंबे समय से भारतीय उच्चायोग को निशाना बनाते आए हैं। कई बार भारत विरोधी प्रदर्शनों में पाकिस्तानी नागरिकों के शामिल होने के सबूत भी सामने आ चुके हैं। ब्रिटिश सरकार इसे अभिव्यक्ति की आजादी मानती है। यही कारण है कि भारत के बार-बार कहने के बावजूद इन हमलावरों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती है। लेकिन, इस बार भारत ने ब्रिटिश उच्चायुक्त को तलब कर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।

कनाडा और अमेरिका में भी खालिस्तान समर्थक सक्रिय

ब्रिटेन के अलावा कनाडा और अमेरिका में भी अमृतपाल सिंह के समर्थक सक्रिय हो गए हैं। कनाडा के कई राजनेताओं ने ट्वीट कर अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। कुछ राजनेताओं ने तो भारत में मानवाधिकारों के हनन का भी आरोप लगाया है। अमेरिका के न्यूयॉर्क में अमृतपाल सिंह के समर्थन में रैली निकाली गई है। वहीं, खुद को संयुक्त राष्ट्र से जुड़े होने का दावा करने वाले एक सिख संगठन ने भी ट्वीट कर भारत के खिलाफ जमकर जगर उगला है।

  • 3.5 घंटे तक बंद रहेगी रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग
  • रविवार रात 11:45 बजे से सोमवार तड़के 03:15 बजे तक उत्तर रेलवे का पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) बंद रहेगा। इस दौरान ऑनलाइन टिकट बुकिंग, टिकट कैंसिलेशन, चार्टिंग, पूछताछ सेवा 139 समेत कई सेवाएं ठप रहेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही जो तकनीकी दिक्कत आ रही है, उसे ठीक किया जाएगा। हालांकि, सोमवार तड़के 3:15 बजे सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।
  • तीन साल बाद केदार धाम में हेली यात्रा महंगी
  • केदारनाथ धाम की हेली यात्रा महंगी हो गई है। तीन साल बाद हेली कंपनियों ने किराये में बढ़ोतरी की है। फाटा से केदारनाथ धाम के लिए किराया 5500 और सिरसी से 5498 रुपये प्रति यात्री तय किया गया। पिछले साल की तुलना में फाटा से किराये में 780 रुपये और सिरसी से 818 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
  • कुवैत में संसदीय चुनाव के नतीजे कोर्ट से रद्द
  • कुवैत की संवैधानिक अदालत ने संसदीय चुनाव के नतीजों को रविवार को खारिज कर दिया। पिछले साल सितंबर में हुए इन चुनावों में विपक्षी उम्मीदवारों को अहम बढ़त हासिल हुई थी। कोर्ट ने फैसला दिया कि पिछले साल भंग की गई संसद को फिर से बहाल किया जाए और सितंबर में चुनाव जीतने वाले सांसदों की सदस्यता खत्म कर दी जाए। कोर्ट ने कहा कि संसद भंग करने का शासनादेश विसंगतियों से भरा है। खाड़ी के अरब देशों में कुवैत में ही सबसे मुक्त और सक्रिय संसद है, लेकिन सत्ता अब भी अल सुबह परिवार के हाथों में है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब चुनी हुई संसद और सरकार के बीच तनाव शुरू हो गया है। पिछले साल सितंबर के चुनावों में इस्लामिस्ट ताकतों को जीत मिली थी, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं।

कहां छिपा है अमृतपाल सिंह, पिता को है हिरासत में लिए जाने का शक..

चंडीगढ़/डिब्रूगढ़: कट्टरपंथी उपदेशक और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं। इस बीच, सुरक्षा कर्मियों ने राज्य के कई हिस्सों में फ्लैग मार्च किया। पंजाब प्रशासन ने मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवा पर लगी रोक सोमवार दोपहर 12 बजे तक बढ़ा दी। पुलिस ने बताया कि शनिवार को गिरफ्तार अमृतपाल के कथित सलाहकार और वित्त प्रदान करने वाले दलजीत सिंह कलसी और तीन अन्य को पंजाब से विशेष विमान के जरिये रविवार को असम ले जाया गया, जहां उन्हें डिब्रूगढ़ केंद्रीय कारागार में रखा जाएगा।

पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है और अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि वह विभिन्न देशों, राज्यों और शहरों से आने वाली फर्जी खबरों की निगरानी कर रही है।

अमृतपाल से जुड़े 78 लोगों पर कार्रवाई

उन्होंने कहा कि अमृतपाल को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और शनिवार को उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ (डब्ल्यूपीडी) के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने के बाद किसी सुरक्षा ‘चूक’ से इनकार किया।

अमृतपाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज की गई जबकि जांलधर में दो एफआईआर दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले डब्ल्यूपीडी से जुड़े 78 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

असम पुलिस के अधिकारी ने बताया कि कलसी के अलावा भगवंत सिंह, गुरमीत सिंह और पी. बजेका को लेकर आम आदमी पार्टी शासित पंजाब की 27 सदस्यीय टीम असम पहुंची।

कलसी को असम क्यों ले जाया गया?

हालांकि, कोई भी अधिकारी यह बताने को तैयार नहीं है कि क्यों इन्हें 2500 किलोमीटर दूर बीजेपी शासित असम लाया गया है। मौजूदा समय में नयी दिल्ली के दौरे पर आए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने संवाददाताओं से कहा कि उनका राज्य जेल में आवश्यक सुरक्षा मुहैया कराएगा।

उन्होंने कहा, ‘कई बार किसी एक राज्य में गिरफ्तार व्यक्ति को दूसरे राज्य की जेल में भेजा जाता है। मेरी सूचना के अनुसार चार लोगों को पंजाब पुलिस ने भेजा है। हम सभी आवश्यक सुरक्षा जेल में मुहैया कराएंगे।’

पंजाब में हाई अलर्ट है और सुरक्षा बलों ने फिरोजपुर, बठिंडा, रूपनगर, फरीदकोट, बटाला, फाजिल्का, होशियारपुर, गुरदासपुर, मोगा और जालंधर सहित कई इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। पड़ोसी हरियाणा ने भी पंजाब सीमा पर वाहनों की जांच तेज कर दी है।

अमृतपाल के पिता को है आशंका

अधिकारियों ने बताया कि शंभू बॉर्डर पर अतिरिक्त जांच चौकी बनाई गई है और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र, कैथल और सिरसा सहित पंजाब की सीमा से लगते अन्य जिलों में भी कड़ी सतर्कता बरती जा रही है।

इस बीच, अमृतपाल के पिता ने आशंका जताई है कि उनके बेटे को पहले ही पुलिस हिरासत में ले चुकी है। उन्होंने कहा, ‘(उसके बारे में) कल से ही कोई सूचना नहीं है, लेकिन आशंका है कि उसे हिरासत में ले लिया गया है।’

पंजाब के पुलिस महानिरीक्षक सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि अमृतपाल अब भी फरार है। उन्होंने बताया, ‘पंजाब पुलिस कानून के तहत कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने मेहतपुर में नाका लगाया है जहां से अमृतपाल फरार हुआ था। पंजाब पुलिस ने जो भी किया वह कानून के दायरे में किया।’

कैसे फरार हुआ अमृतपाल सिंह?

गिल ने कहा, ‘सभी को कानूनी अधिकार है और उसके तहत मिले उपचात्मक अधिकार का इस्तेमाल कर सकता है। इस मामले में अमृतपाल अब भी वांछित है। उसे अबतक गिरफ्तार नहीं किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।’

जब चहल से सवाल किया गया कि अमृतपाल के सहयोगियों को गिरफ्तार किए जाने के बावजूद वह अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है, तो क्या किसी प्रकार की ‘चूक’ हुई है, इसके जवाब में पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच में किसी प्रकार की चूक नहीं हुई है। उन्होंने कहा, ‘यह चोर और सिपाही का खेल है। वे कभी-कभी बच निकलते हैं, लेकिन उसे गिरफ्तार कर लेंगे।’

यह पूछे जाने पर कि अमृतपाल भागने में कैसे सफल रहा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चहल ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने अमृतपाल के वाहन का पीछा किया। उन्होंने कहा, ‘उसके (अमृतपाल) वाहन का 20 से 25 किलोमीटर तक पीछा किया गया। वह (उसका वाहन) आगे था और स्वाभाविक रूप से, उसे इसका लाभ मिला। संकरी गलियां थीं और वह किसी तरह अपना वाहन बदलकर भाग गया।’

किन धाराओं के तहत दर्ज हुआ केस?

उन्होंने कहा कि अमृतपाल से संबंधित दो वाहनों को जब्त कर लिया गया है। अमृतपाल उस समय फरार होने में सफल हुआ था जब जालंधर जिले में उसके वाहन को रोका गया था।

अमृतसर (देहात) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सतिंदर सिंह ने कहा कि अमृतपाल के सात साथियों को शस्त्र अधिनियम के तहत शनिवार रात को गिरफ्तार किया गया है। रविवार को सिंह ने अमृतसर में कहा, ‘हमने बीती रात शस्त्र अधिनियम के तहत एक नई प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें अमृतपाल मुख्य आरोपी है। इस ताजा प्राथमिकी में वे सात भी आरोपी हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है।’

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें