मोदी ने रीवा में आयोजित कार्यक्रम में 2300 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।सूडान में फंसे भारतीयों के लिए ऑपरेशन कावेरी,पंजाब में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी, गुरुद्वारे में जूते पहनकर घुसा, पाठियों को मारे थप्पड़, दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सीमा पार तस्करी मामले में गुजरात ATS को लॉरेंस बिश्नोई की ट्रांजिट कस्टडी दी। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अतीक अहमद के दफ्तर में पुलिस को जांच के दौरान खून के धब्बे और चाकू मिला। देश में कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ रहे मामलों पर ब्रेक लगा है। भारत में पिछले 24 घंटे में 7,178 नए मामले दर्ज किए गए हैं, सक्रिय मामले 65,683 हैं।
बिहार के CM नीतीश कुमार और डिप्टी CM तेजस्वी ने विपक्षी एकता को लेकर कोलकाता में बंगाल की CM ममता बनर्जी से मुलाकात की। नीतीश ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सभी विपक्षी पार्टियों को साथ बैठकर स्ट्रैटजी बनाने की जरूरत है। वहीं ममता ने कहा, ‘मुझे साथ चलने में कोई ऐतराज नहीं। मेरे पर्सनल ईगो की कोई बात नहीं है, मैं चाहती हूं कि भाजपा हीरो से जीरो बन जाए।’
ममता ने भी विपक्ष को एकजुट करने के लिए पिछले महीने अखिलेश यादव, ओडिशा के CM नवीन पटनायक और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच.डी. कुमारस्वामी से मुलाकात की थी। TMC चीफ से मुलाकात के बाद नीतीश और तेजस्वी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मिलने लखनऊ पहुंचे। अखिलेश ने कहा, ‘BJP हटे, देश बचे इस अभियान में हम नीतीश कुमार के साथ हैं।’
उधर, सूडान में आर्मी और पैरामिलिट्री के बीच जारी लड़ाई का आज 11वां दिन है। यहां फंसे करीब 4 हजार भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू किया गया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि करीब 500 नागरिकों को पोर्ट सूडान लाया जा चुका है। कुछ और नागरिक वहां पहुंच रहे हैं। हमारे शिप और मिलिट्री एयरक्राफ्ट उन्हें घर लाने के लिए तैयार हैं।
1. नीतीश बोले- सब एकजुट हों फिर तय करेंगे नेता, ममता बोलीं- संदेश देना है कि हम साथ हैं

नीतीश कुमार ने लखनऊ में अखिलेश यादव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। नीतीश ने प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर कहा, ‘सब लोग जब एकजुट हो जाएंगे। फिर हम लोग बैठकर तय कर लेंगे कि किस को नेता बनना है। एक बात मैं साफ करना चाहता हूं कि मुझे प्रधानमंत्री नहीं बनना है।’ इससे पहले नीतीश ने 12 अप्रैल को दिल्ली में राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की थी।
वहीं ममता ने कहा- हम साथ-साथ आगे बढ़ेंगे। हमें यह संदेश देना है कि हम सब एक साथ हैं। नीतीश से ममता और अखिलेश की मुलाकात 2024 के चुनाव के लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि केंद्र में सरकार गठन के लिहाज से ये तीनों राज्य अहम हैं। यूपी से लोकसभा की 80 सीटें, बिहार से 40 और बंगाल से 42 सीटें आती हैं। यानी 545 सदस्यों वाली लोकसभा की 162 सीटें अकेले इन 3 राज्यों में हैं।
2. बृजभूषण के खिलाफ SC पहुंचे पहलवान, खेल मंत्रालय ने फेडरेशन के चुनाव पर रोक लगाई
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर विनेश फोगाट समेत 8 पहलवानों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। जनवरी में महिला पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। लेकिन FIR दर्ज नहीं होने की वजह से पहलवानों ने दिल्ली के जंतर- मंतर पर फिर से धरना शुरू कर दिया है।
उधर, खेल मंत्रालय ने 7 मई को होने वाले कुश्ती संघ के चुनाव पर रोक लगा दी है। ओलिंपिक्स एसोसिएशन चुनाव के लिए एक एग्जिक्यूटिव कमेटी बनाएगी। कमेटी WFI का कामकाज भी देखेगी। पहलवानों ने हरियाणा की खाप पंचायतों से समर्थन मांगा है। उन्होंने खापों से माफी मांगते हुए कहा, ‘पिछली बार हमसे भूल हो गई थी। आज हमें आप सभी की बहुत जरूरत है। हमारा साथ दीजिए।’
3. सूडान में अब तक 427 की मौत, फ्रांस ने 28 देशों के लोगों को रेस्क्यू किया, इनमें 5 भारतीय

सूडान में सेना और पैरामिलिट्री-रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच 15 अप्रैल से जारी लड़ाई का आज 10वां दिन है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) के मुताबिक, अब तक 413 लोगों की मौत हो चुकी है। 3,551 लोग घायल हुए हैं।
यहां करीब 4 हजार भारतीय भी फंसे हैं। इन्हें निकालने के लिए विदेश मंत्रालय ने ऑपरेशन कावेरी शुरू कर दिया है। फॉरेन मिनिस्टर एस. जयशंकर ने यह जानकारी सोशल मीडिया पर दी।
जयशंकर ने कहा- सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने का काम शुरू हो चुका है। करीब 500 नागरिकों को पोर्ट सूडान लाया जा चुका है। इनके अलावा कुछ और नागरिक वहां पहुंचने वाले हैं। हमने इसे ऑपरेशन कावेरी नाम दिया है। हमारे शिप और एयरक्राफ्ट भारतीयों को वापस लाने के लिए रेडी हैं। अपने नागरिकों की मदद के लिए हम बिल्कुल तैयार हैं।
इसी बीच कई देश सूडान में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। अब तक अमेरिका, ब्रिटेन समेत 9 देशों ने अपने डिप्लोमैट्स को रेस्क्यू कर लिया है।
2 तस्वीरों के जरिए समझिए सूडान के हाल…

राजधानी खार्तूम में सेना और पैरामिलिट्री की लड़ाई में काफी नुकसान हुआ है। कई इमारतें और गाड़ियां तबाह हो गई हैं।

ये सूडानी सैनिक हैं। पूरे देश में इनकी तैनाती है। सड़कों पर टैंक भी दिखाई दे रहे हैं।
सूडान में लड़ाई से जुड़े अन्य अपडेट्स…
- पांच भारतीयों को फ्रेंच एयरफोर्स ने निकाला है। फिलहाल, ये जिबूती में फ्रांस के मिलिट्री बेस पर हैं। इनके साथ कुछ दूसरे देशों के 28 नागरिक मौजूद हैं।
- अरब न्यूज के मुताबिक, 24 अप्रैल को हुए हमले में फ्रांस का एक नागरिक घायल हुआ है।
- इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
भारत के अलावा इन देशों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी…
फ्रांस : राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा- 23 अप्रैल को एक प्लेन 388 नागरिकों को लेकर सूडान से निकला।
नीदरलैंड्स : फ्रांस के प्लेन में कई नागरिक नीदरलैंड्स के थे। नीदरलैंड्स की सरकार भी नागरिकों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी कर रही है।
जर्मनी : जर्मन सरकार के 3 विमान सूडान से 311 नागरिकों को लेकर 23 अप्रैल को जॉर्डन पहुंचे। यहां से विमान जल्द जर्मनी की राजधानी बर्लिन पहुंचेंगे।
इटली-स्पेन : दोनों देशों की सरकारें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। 23 अप्रैल को स्पेन के विमान से अर्जेंटीना, कोलंबिया, आयरलैंड, पुर्तगाल, पोलैंड, मैक्सिको और वेनिजुएला के नागरिकों को भी एयरलिफ्ट किया गया। वहीं, इटली के 150 नागरिकों को इवेक्यूएट किया गया।
कनाडा : प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा- सरकार ने सूडान से अपने डिप्लोमैट्स को सुरक्षित निकाल लिया है।
सऊदी अरब : सऊदी अरब के 5 शिप 23 अप्रैल को 158 लोगों को लेकर जेद्दाह पहुंचे। इसमें 91 सऊदी अरब के नागरिक थे। भारत समेत पाकिस्तान, कुवैत, कतर, UAE, मिस्र, ट्यूनीशिया, बुल्गारिया, बांग्लादेश, फिलिपींस, कनाडा, बुर्किना फासो के नागरिकों को भी रेस्क्यू किया गया।
अमेरिका : 23 अप्रैल को अमेरिकी एंबेसी के करीब 100 डिप्लोमैट्स और उनके परिवार को सुरक्षित निकालने के लिए मिलिट्री के एयरक्राफ्ट से एयरलिफ्ट किया गया। अमेरिकी एंबेसी को फिलहाल बंद कर दिया गया है। यहां सभी काम रोक दिए गए हैं। सूडान में अमेरिकी दूतावास के काम दोबारा कब शुरू किए जाएंगे, इस बारे में भी नहीं बताया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें देखें…

इटैलियन एयर फोर्स के C130 एयरक्राफ्ट से नागरिकों को इटली लाया गया।

ये स्पेन के विमान और मिलिट्री की गाड़ी की तस्वीर है। कई डिप्लोमैट्स को खार्तूम से रेस्क्यू किया गया।

ये इटली के विमान में मौजूद रेस्क्यू किए गए लोगों की तस्वीर है।

सऊदी अरब के जहाज 11 देशों के नागरिकों को लेकर राजधानी जेद्दाह पहुंचे थे।
सूडान के लोग देश छोड़ रहे
यूनाइटेड नेशन्स (UN) के मुताबिक, लड़ाई के चलते इलाकों में पानी और बिजली की सप्लाई रुक गई है। लोगों को खाने के लिए भोजन भी नहीं मिल रहा है। इसके चलते करीब 20 हजार लोगों ने देश छोड़ दिया है। इनमें से ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। इन्होंने पड़ोसी देश चाड में शरण ली है।
लड़ाई में 9 बच्चों की मौत, 50 से ज्यादा घायल
WHO के मुताबिक, सूडान में अब तक 9 बच्चों की मौत हो चुकी है। 50 से ज्यादा घायल हुए हैं। 11 अस्पतालों पर हमले हो चुके हैं। सूडान की हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, 20 मेडिकल फेसिलिटीज को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद इन्हें बंद कर दिया गया है। 12 और हेल्थ फेसिलिटीज को बंद किया जा सकता है। डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ का कहना है कि लड़ाई के चलते वो लोगों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
सूडान में लड़ाई के चलते मानवीय संकट बढ़ रहा है। इससे जुड़ी तस्वीरें देखें…

सूडान में 2021 के बाद से 3 लाख 70 हजार लोगों ने पड़ोसी देश चाड में शरण ली है।

सूडान में कुपोषण दर सबसे ज्यादा है। यहां 50 हजार से ज्यादा बच्चे भुखमरी का शिकार हैं। पीने के लिए पानी भी मुश्किल से उपलब्ध हो पाता है।

आंकड़ों के मुताबिक, 2021 में सूडान की जनसंख्या 45.6 मिलियन थी। इसमें से 15.8 मिलियन लोग फूड इनसिक्योरिटी का सामना कर रहे हैं।
16 अप्रैल को हुई थी भारतीय की मौत
16 अप्रैल को एक भारतीय नागरिक अल्बर्ट ऑगस्टीन की मौत हुई थी। भारतीय मिशन ने ट्वीट कर बताया कि गोली लगने से अल्बर्ट की मौत हो गई। वो सूडान में डल ग्रुप कंपनी के लिए काम करते थे। भारत सरकार पहले ही सूडान में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर चुकी है। उन्हें घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। वहीं, 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाई लेवल मीटिंग करते हुए सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए इमरजेंसी प्लान तैयार रखने की बात कही।

ये फुटेज 17 अप्रैल का है। सूडान में सेना और RSF एक-दूसरे पर तोप और जेट्स से हमला कर रहे हैं।
सूडान में फंसे हैं करीब 4,000 भारतीय नागरिक
सूडान में चार हजार भारतीय रहते हैं, जो अब भी फंसे हुए हैं। इस लड़ाई का केंद्र बनी राजधानी खार्तूम में ही भारत के करीब डेढ़ हजार नागरिक रहते हैं। वहीं, सूडानी शहर अल-फशेर में कर्नाटक के हक्की-पिक्की आदिवासी समुदाय के 31 लोग फंसे हैं। ये लोग आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी बेचने के लिए सूडान गए थे। इनमें से 19 लोग कर्नाटक के हुनसूर, 7 शिवामोगा और 5 लोग चन्नागिरी के रहने वाले हैं।
सूडान में फंसे भारतीयों में से एक एस. प्रभू ने इंडियन एक्सप्रेस से फोन पर बात की थी। उसने कहा था- हम पिछले 4-5 दिनों से एक किराए के मकान में फंसे हुए हैं। खाना या पीने के लिए कुछ भी नहीं है। बाहर से लगातार धमाकों की आवाज आ रही है। कोई मदद करने को तैयार नहीं है।

ये तस्वीर सूडान में फंसे कर्नाटक के आदिवासी परिवार की है।
5 पॉइंट्स में समझें सूडान में हिंसा की वजह…
- सूडान में मिलिट्री और पैरामिलिट्री के बीच वर्चस्व की लड़ाई है। 2019 में सूडान के तत्कालीन राष्ट्रपति ओमर अल-बशीर को सत्ता से हटाने के लिए लोगों ने प्रदर्शन किया।
- अप्रैल 2019 में सेना ने राष्ट्रपति को हटाकर देश में तख्तापलट कर दिया, लेकिन इसके बाद लोग लोकतांत्रिक शासन और सरकार में अपनी भूमिका की मांग करने लगे।
- इसके बाद सूडान में एक जॉइंट सरकार का गठन हुआ, जिसमें देश के नागरिक और मिलिट्री दोनों का रोल था। 2021 में यहां दोबारा तख्तापलट हुआ और सूडान में मिलिट्री रूल शुरू हो गया।
- आर्मी चीफ जनरल अब्देल फतह अल-बुरहान देश के राष्ट्रपति और RSF लीडर मोहम्मद हमदान डागालो उपराष्ट्रपति बन गए। इसके बाद से RSF और सेना के बीच संघर्ष जारी है।
- सिविलियन रूल लागू करने की डील को लेकर मिलिट्री और RSF आमने-सामने हैं। RSF सिविलियन रूल को 10 साल बाद लागू करना चाहती है, जबकि आर्मी का कहना है कि ये 2 साल में ही लागू हो जाना चाहिए।
4. अतीक के दफ्तर में चाकू-खून के धब्बे, 21 मार्च को यहां 74 लाख कैश- 10 पिस्टल मिलीं थीं
गैंग्स्टर अतीक अहमद के प्रयागराज दफ्तर में खून के ताजे धब्बे मिले हैं। ये धब्बे सीढ़ियों, कमरे और किचन में मिले। इसके अलावा एक चाकू भी मिला है। मामले की जांच फोरेंसिक टीम को सौंपी गई है। फोरेंसिक टीम ने खून का सैंपल कलेक्ट किया है। दफ्तर अतीक के गढ़ चकिया इलाके में है। 2020 में इस पर प्रयागराज डेवलपमेंट अथॉरिटी (PDA) ने बुलडोजर चलाया था, तब से ये खाली पड़ा है।
उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस ने 21 मार्च को यहां छापा मारा था, जिसमें 74 लाख रुपए कैश और 10 पिस्टल बरामद हुई थीं। यह वही दफ्तर है जिसमें अतीक ने 2006 में उमेश पाल को किडनैप करके 3 दिनों तक रखा था। बिजली के शॉक दिए थे, अपने पक्ष में उमेश से बयान भी लिखवाए थे। 21 मार्च को जब पुलिस ने इस दफ्तर पर छापा मारा था तब किचन में ताजी रोटियां बनी मिलीं थी।
5. पंजाब में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी, गुरुद्वारे में जूते पहनकर घुसा, पाठियों को मारे थप्पड़

पंजाब के रोपड़ में गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है। एक केशधारी युवक जूते पहन कर गुरुद्वारे में दाखिल हुआ और पाठ कर रहे ग्रंथियों को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने गुरु ग्रंथ साहिब का भी अपमान किया। यहां मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। उसने यह हरकत क्यों की? इसका पता नहीं चल पाया है।
बेअदबी की घटना के बाद लोगों ने सड़क पर धरना दिया। इन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उस युवक को पागल करार देना चाहती है। लोगों ने दावा किया कि न तो युवक की हरकतें पागलों वाली थीं और न ही उसकी मंशा। उधर, पंजाब के CM भगवंत मान ने कहा,’ गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान करने वाले को सख्त सजा दी जाएगी। हमारे लिए श्री गुरु ग्रंथ साहिब का सम्मान सबसे पहले है।’
- बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने अपनी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों को नोटिस जारी किये
- बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने उत्तराखंड तथा उसके बाहर अपनी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वाले 188 अतिक्रमणकारियों को सोमवार को नोटिस जारी किये और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। मंदिर समिति की न सिर्फ उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र में, बल्कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी संपत्ति है। ये संपत्ति श्रद्धालुओं द्वारा बद्रीनाथ और केदारनाथ को चढ़ावे के रूप में दान दी गई थीं। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि 2022 में कार्यभार संभालने के बाद तुरंत बाद उनके संज्ञान में आया कि राज्य के भीतर और बाहर मंदिर समिति के स्वामित्व वाली कई संपत्ति पर लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।
- फ्लाइट में शराब पीकर यात्री के ऊपर पेशाब करने का एक और मामला आया सामने
- फ्लाइट में शराब पीकर पेशाब करने का एक और मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट में एक यात्री नशे की हालत में दूसरे सह यात्री पर पेशाब किया। यह घटना रविवार रात की है। बताया जा रहा है कि आरोपी न्यूयॉर्क से दिल्ली की यात्रा कर रहा था। पिछले दिनों एक ऐसा ही मामला सामने आया था जिस पर काफी हंगामा हुआ था।
- कल उन्नाव से चुनावी बिगुल फूंकेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
- उन्नाव में कल दोपहर लगभग पौने 3 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित आगमन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे जनसभा को संबोधित, 3 नगर पालिका और 16 नगर पंचायतों के लिए फूंकेंगे चुनावी बिगुल। प्रशासनिक अमला और बीजेपी नेता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे। उन्नाव सदर क्षेत्र के रामलीला मैदान में सीएम योगी आदित्यनाथ की रैली होगी।
- कोच्चि में पीएम का रोड शो
- पीएम मोदी दो दिन के दौरे पर केरल पहुंचे हैं। कोच्चि पहुंचकर पीएम नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया। इस दौरान पीएम मोदी केरल के पारंपरिक कपड़ों में नजर आए। थोड़ी दूर पीएम मोदी पैदल ही समर्थकों से हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने कार में बैठकर भी रोड शो किया।
- लखनऊ में सपा कार्यालय पहुंचे बिहार के सीएम नीतीश कुमार





