मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने सबसे पहले उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पहली लिस्ट में 7 प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इसमें मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा क्षेत्र से बलवीर सिंह दंडोतिया, निवाड़ी से अवधेश प्रताप सिंह राठौड़, छतरपुर की राजनगर से रामराज पाठक, सतना की रैगांव से देवराज अहिरवार, सतना की रामपुर बघेलान से मणिराज सिंह पटेल, रीवा के सिरमौर से विष्णुदेव पांडे और सिमरिया से पंकज सिंह को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

बीएसपी ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है।
निमाड़ में कांग्रेस को झटका, अरुण यादव समर्थक छाया मोरे का इस्तीफा
खंडवा में कांग्रेस नेत्री छाया मोरे ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने जिलाध्यक्ष अजय ओझा के नाम पत्र लिखकर इस्तीफे की बात कही है। छाया मोरे पूर्व पीसीसी चीफ अरुण यादव की समर्थक हैं। छाया मोरे एक-दो दिन के भीतर भाजपा जॉइन कर सकती हैं। वह 2018 में पंधाना विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रही हैं। इस्तीफे की वजह 2018 में बागी होकर चुनाव लड़ी रूपाली बारे को तवज्जो मिलना है। हाल में मंडल, सेक्टर की नियुक्तियों में भी रूपाली बारे के समर्थकों को जगह दी गई थी।

अरुण यादव समर्थक छाया मोरे ने इस्तीफा दे दिया है।
प्रतिभा रघुवंशी कांग्रेस की फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशंस की सह प्रभारी बनीं
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमल नाथ ने कांग्रेस के चारों फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन की सह प्रभारी प्रतिभा रघुवंशी को बनाया है। प्रतिभा रघुवंशी युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल और एनएसयूआई की सह प्रभारी बनाई गई हैं।

कर्मचारी चयन बोर्ड की परीक्षाओं की जांच कर रहे आयोग ने शिकायतकर्ताओं से मांगे सबूत
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा कराई गई परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतों को लेकर राज्य सरकार ने जांच आयोग का गठन किया था। हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज राजेंद्र कुमार वर्मा इसके अध्यक्ष हैं। जांच आयोग ने मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित कराई गई ग्रुप 2, सब ग्रुप 4 और पटवारी भर्ती परीक्षा 2022 को लेकर शिकायतकर्ताओं से अनियमितताओं के सबूत देने के लिए कहा है।
शिकायतकर्ताओं के लिए जिलावार अलग-अलग तारीखें तय की गई हैं। भोपाल जिले के शिकायतकर्ता 16 अगस्त को सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक जांच आयोग के अध्यक्ष को शिकायत दे सकेंगे। रायसेन, सीहोर और विदिशा जिलों के शिकायतकर्ता सबूतों के साथ सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक शिकायत और इससे जुड़े सबूत जांच आयोग के अध्यक्ष को दे सकेंगे।
शिकायतकर्ताओं को सभी दस्तावेजों के साथ अपनी आईडी प्रूफ यानी पहचान पत्र के साथ वाल्मी परिसर स्थित आरआरएएमएनयू, भोपाल में दे सकेंगे।
दिग्विजय का CM को लेटर, IAS संजय मिश्रा के दौर में बिकी आदिवासियों की जमीनों की जांच कराएं
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेटर लिखा है। उन्होंने पन्ना में कलेक्टर रहे IAS संजय मिश्रा के दौर में बिकी आदिवासियों की जमीनों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने लिखा- गरीब आदिवासी को भूमिहीन बनाते हुए उसकी जमीन अन्य व्यक्ति को बेचने की अनुमति कलेक्टर ने दे दी। मेरा आपसे अनुरोध है कि जांच कराकर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट में केस दर्ज किया जाए।

दिग्विजय सिंह की ओर से मुख्यमंत्री को लिखा गया लेटर।
MP में ‘मां नर्मदा कॉरिडोर’ बनेगा, सीएम शिवराज ने की घोषणा
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ‘मां नर्मदा कॉरिडोर’ बनाने की घोषणा की है। सीएम अनूपपुर जिले के दो दिन के दौरे पर हैं। आज वे अमरकंटक में हैं, यहां मां नर्मदा की पूजा अर्चना की। सीएम ने कहा कि मां नर्मदा कि लाखों लोग परिक्रमा करते हैं, इसलिए मां नर्मदा की पवित्र धरा पर कॉरिडोर बनाया जाएगा।
सीएम शिवराज ने कहा कि मां नर्मदा महालोक बनेगा तो लाखों लोग अमरकंटक आएंगे। अमरकंटक में जगह सीमित है, यहां अमरकंटक को नया सैटेलाइट शहर बनाया जाएगा। यह सैटेलाइट शहर नीचे बनेगा, जहां होटल, खाने-पीने जैसी सभी तरह की दुकानें रहेंगी।
सिंधिया समर्थक रघुराज सिंह धाकड़ कांग्रेस में वापसी करेंगे
ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में गए रघुराज सिंह धाकड़ गुरुवार को कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं। भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में धाकड़ समाज के नेता रघुराज सिंह धाकड़ पार्टी की सदस्यता लेंगे। कमलनाथ की मौजूदगी में वे कांग्रेस जॉइन करेंगे।
विधायक जयवर्धन सिंह के साथ धाकड़ भोपाल पहुंचे हैं। कोलारस (शिवपुरी) से करीब 200 गाड़ियों का काफिला साथ आया है। इससे पहले सिंधिया समर्थक बैजनाथ सिंह यादव और राकेश गुप्ता भी BJP छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

रघुराज सिंह धाकड़ 2020 में सिंधिया के साथ BJP में शामिल हो गए थे।





